पोर्ट ब्लेयर: अंडमान एवं निकोबार द्वीपसमूह में लगातार दो दिन से कोरोना वायरस का कोई नया मामला सामने नहीं आया है। एक स्वास्थ्य अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि केन्द्र शासित प्रदेश में संक्रमण के अभी तक 7,560 मामले सामने आए हैं। तीन और लोगों के ठीक होने के बाद संक्रमण मुक्त हुए लोगों की संख्या बढ़कर 7,427 हो गई। केन्द्र शासित प्रदेश में अभी चार लोगों का कोरोना वायरस संक्रमण का इलाज चल रहा है, ये सभी दक्षिण अंडमान जिले में उपचाराधीन हैं। अन्य दो जिले उत्तर एवं मध्य अंडमान तथा निकोबार कोविड-19 से मुक्त हैं।

केन्द्र शासित प्रदेश में पिछले 24 घंटे में संक्रमण से मौत का कोई मामला सामने नहीं आया, मृतक संख्या 129 ही है। अभी तक 4,80,928 नमूनों की कोविड-19 संबंधी जांच की गयी है और संक्रमण दर 1.57 प्रतिशत रही है।

उन्होंने बताया कि अंडमान एवं निकोबार द्वीपसमूह में अभी तक कुल 3,51,095 लोगों को कोविड-19 रोधी टीके की खुराक दी जा चुकी है। इनमें से 2,47,372 लोगों को पहली और 1,03,723 लोगों को दोनों खुराक दी जा चुकी है।