अगरतला :त्रिपुरा के मुख्यमंत्री बिप्लव देव के ‘‘नेपाल और श्रीलंका तक भाजपा का विस्तार करने’’ संबंधी बयान पर विवाद के बीच क्षेत्र में भाजपा और आरएसएस के वरिष्ठ नेताओं ने बृहस्पतिवार को उनसे मुलाकात की।

भाजपा नेता अजय जमवाल, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के क्षेत्रीय प्रभारी उल्लास कुलकर्णी और प्रदेश प्रभारी निखिल निवासकर ने मुख्यमंत्री से मुलाकात की।

भाजपा के एक सूत्र ने बताया कि वरिष्ठ नेताओं ने विवादित टिप्पणी के संबंध में देव के साथ चर्चा की। बैठक के दौरान सांगठनिक मुद्दों पर भी चर्चा की गयी।

देव ने ट्वीट किया, ‘‘भाजपा के क्षेत्रीय महासचिव, अजय जमवाल जी, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के उल्लास जी और प्रांत प्रचारक श्री निखिल जी से भेंट हुई।’’

वहीं, राज्य के कानून मंत्री रतन लाल नाथ ने दावा किया कि भाजपा दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी है और श्रीलंका तथा अमेरिका समेत कई देशों के लोग इसकी विचारधारा को अपनाना चाहते हैं।

नाथ ने एक कार्यक्रम में कहा, ‘‘हमारे मुख्यमंत्री यह कहना चाहते थे कि भाजपा की विचारधारा का विश्व में प्रसार होगा और लोग इससे प्रभावित होंगे। लेकिन इसका यह मतलब नहीं है कि भाजपा वहां अपना विस्तार करेगी। उनके बयान की गलत व्याख्या की गयी।’’

उन्होंने कहा, ‘‘हमें लगता है कि समूचा विश्व भाजपा के विचार को अपनाएगा। श्रीलंका में जो लोग हैं वे अब भाजपा के विचार को स्वीकार करने की सोच रहे हैं। अमेरिका भी इसे अपनाने की सोच रहा है। समूचा विश्व इस तर्ज पर सोच रहा है।’’