साप्ताहिक राशिफल, पं. अशोक दीक्षित

दिनांक -  10 से 16 अक्टूबर, 2021

यह राशिफल जन्मकालीन चंद्र राशि पर आधारित है। जिनकी जन्मकालीन राशि ज्ञात नहीं है वे नाम राशि के आधार पर पढ़ सकते हैं।

मेष- यह सप्ताह व्यक्तिगत और व्यावसायिक बाधाओं और असुविधाओं के निराकार का पुरजोर प्रयास करेंगे। कुछ सफल भी होंगे। इस समय किसी भी समस्या को तनाव के रुप में न लेंवे। आपको शीघ्रता स्वाभाविक हो सकती है परंतु कार्य अपनी गति से होंगे, साथ ही एक से अधिक प्रयास भी करने होंगे। व्यावसायिक अवसरों की कुछ कमी रहेगी और जो अवसर आयेंगे उन्हें असमर्थता सी महसूस होगी। आर्थिक लेन-देन का कुछ दबाव सा बना रहेगा। इन दिनों प्रतिस्पर्द्धाओं में किसी को शत्रु मानने की गलती न करें। कोई सरकारी पूछताछ हो सकती है। सप्ताह मध्य से ही कुछ लोगों का सहयोग मिलने लगेगा। पारिवारिक कुछ असामन्जस्य बना रहेगा। स्वास्थ्य की कोई जाँच करानी पड़ सकती है। कर्ज के मामलों में शांतिपूर्वक समय को टालने का प्रयास करें। साझेदारी के व्यापार में कुछ असुविधा हो सकती है। नए परिचितों पर अधिक भरोसा न करें। महिलाओं के लिए स्वास्थ्य के साथ स्वभाव पर भी नियंत्रण रखना होगा। व्यर्थ की कहासुनी से दूर रहें। जीवनसाथी के साथ तीखी वार्ता हो सकती है।

वृषभ- इस सप्ताह सहयोग ले-देकर काम निकालना होगा। आवश्यक बात यह रहेगी कि उचित वाक् चातुर्य और चालाकी भी प्रयोग में लेनी होगी। व्यक्तिगत रूप से मान-सम्मान पर कोई बात आ जाएगी और आपको कोई मजबूरी में निणर्र्य लेना होगा। तात्कालिक कार्य-व्यवसाय में सुधार की आवयकता है। व्यर्थ की कल्पनाओं में उलझने की अपेक्षा क्रियान्वयन में रुचि रखेंगे तो उचित होगा। नौकरी करते हैं तो कोई चेतावनी या दिशा-निर्देश प्राप्त हो सकते हैं। अपना काम किसी के भरोसे छोड़ने का समय नहीं है। आर्थिक कारण से किसी कार्य को स्थगित करना पड़ सकता है। जीवनसाथी का सहयोग मिलेगा और वे उचित सलाह देंगे। राशि स्वामी शुक्र अनुकूल हैं, लेकिन सुख-शांति के लिए कोई त्याग अवश्य करना होगा। महिलाएं खरीदारी में व्यस्त रहेंगी और अपनी जीवनचर्या में नया प्रयोग करेगी। नया संधि प्रस्ताव आता है तो उसे गम्भीरता से लेना होगा।

मिथुन- यह सप्ताह अति-महत्वपूर्ण है। राशि स्वामी बुध उच्च राशि में हैं परंतु वक्री हैं। किसी भी प्रकार के क्रय-विक्रय में शीघ्रता न करें, न ही भावुक होकर कोई निर्णय करें। स्वास्थ्य मध्यम रहेगा। कोई जाँच कराने में लापरवाही न करें। घरेलू मामलों से थोड़ा सा व्यस्त रहना ही अच्छा है। इस समय अधिकांश ग्रह विपरीत चल रहे हैं। इस समय सर्वप्रथम अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखें। अपने जीवन को किसी भी जोखिम में न डालें। सप्ताह मध्य में कुछ राहत मिलेगी, लेकिन परिस्थितियों को सरल न समझें। अनावश्यक सलाह न दें, वरना दोष आपके ऊपर ही आएगा। व्यक्तिगत हित-अहित का विचार परम आवश्यक है। दूसरी तरफ किसी भी समस्या का निराकरण असंभव न समझें। दैनिक आय-व्यय का पूर्णतया ध्यान रखना होगा। राशि स्वामी शुभ हैं, लेकिन अस्त हैं। स्वयं उलझेंगे तो ही समस्या खड़ी होगी, स्वयं पर नियंत्रण रखें।

कर्क- सप्ताह आरंभ में राशि स्वामी चंद्रमा नीच राशि में हैं। प्रतिस्पर्द्धा उच्च कोटि की रहेगी। किसी के प्रति नकारात्मक दृष्टिकोण रखने की अपेक्षा शत्रु से सीखने का प्रयास करें। साझेदारी का व्यापार करते हैं तो किसी बड़ी योजना पर काम करना होगा। मित्रों से कोई कहासुनी हो सकती है। सहकर्मियों के साथ ताल-मेल बनाकर चलने में फायदा है। कर्ज के लेन-देन में सरलता आएगी। कोई नया कर्ज भी ले सकते हैं। विश्वसनीय लोगों से सलाह लिए बिना निर्णय न करें। नए सहयोगी तलाशने होंगे। घरेलू जीवन में बुजुर्गों का कुछ विरोध झेलना पड़ेगा। इन दिनों जहाँ-जहाँ पैसा उलझा हुआ है या रुका है उसकी प्राप्ति का प्रयास करेंगे। व्यावसायिक अवसर प्राप्ति हेतु अन्य शहरों में संपर्क बढ़ाएंगे। कोई प्रभोलन देकर मार्ग बदलने की शर्त रखें तो स्वीकार न करें। महिलाएं थोड़ी आत्मग्लानि से व्यथित रह सकती है। नौकरीपेशा हैं तो अधिकारियों का दबाव रहेगा और कार्य भार बढ़ेगा।

सिंह- यह सप्ताह बुद्धि-विवेक को जागृत रखने का है। भावुकता को स्वयं पर हावी न होने दें। व्यक्तिगत परिस्थितियाँ कुछ अधिक प्रभावी रहेंगी। आप चाहकर भी कार्य-व्यवसाय पर पर्याप्त समय नहीं दे पाएंगे। इसका मलाल भी मन में बना रहेगा। आर्थिक भुगतान में असुविधा देखने को मिलेगी। घर-परिवार में खर्चा बढ़ेगा। आपकी सहज बातों को भी लोग अपने-अपने दृष्टिकोण से देखेंगे और नाराजगी प्रकट करेंगे। इस समय निजी रिश्तों में कोई चालाकी न करें। दैनिक आमदनी में वृद्धि के कुछ अवसर मिलेंगे, लेकिन पर्याप्त लाभ नहीं ले पाएंगे। घर की साज-सज्जा पर खर्चा होगा। मित्रों के साथ समय व्यतीत करेंगे और किसी नयी सम्भावना पर विचार करेंगे। सप्ताह अंत के दिन कुछ कठिन है। कार्यप्रणाली की नियमितता प्रभावित होगी। कोई जवाबदेही हो सकती है। कोई परस्पर वार्ता विवाद में बदल सकती है। धैर्य से काम लें, महिलाएं घरेलू मामलों में चतुराई व कंजूसी बरतें।

कन्या - यह सप्ताह अपने प्रभाव और अधिकारों का पूर्णतः प्रयोग कराने वाला है। कार्य-प्रणाली में सुधार होगा, कार्य निष्पादन की गति बढ़ेगी। कुछ लोग आपको स्वार्थी और अहंकारी भी कह सकते हैं। इसकी परवाह न करें। उन सम्पर्कों को सूचीबद्ध करें जो आपके लिए मददगार हो सकते हैं। हर कार्य में पैसा बचाने की सोचें। कुछ नए लोगों को जोड़ना पड़ सकता है। योजना को जितनी गुप्त रखेंगे उतना ही फायदा होगा। नयी नौकरी की तलाश है तो अनुकूल अवसर के लिए थोड़ी प्रतीक्षा करनी होगी। जमीन-जायदाद के काम में गति आएगी। जीवनसाथी को कोई कष्ट हो सकता है। किसी चिकित्सक की मदद भी लेनी पड़ सकती है। व्यक्तिगत इच्छाओं पर नियंत्रण रखें। इन दिनों कार्य व्यवसाय के साथ-साथ घरेलू और सामाजिक कार्यों में व्यस्तता रहेगी। महिलाएं कुछ थकान अनुभव करेंगी और कुछ लोगों के व्यवहार से निराशा अनुभव कर सकती हैं।

तुला- यह सप्ताह योजनाबद्ध तौर-तरीका अपनाना होगा। जितनी योजना पुष्ट होगी, उतना ही खर्चा भी बचेगा और सफलता भी मिलेगी। आपका वाक्-कौशल और कार्य प्रदर्शन सराहनीय होगा। लोग आपकी प्रशंसा करेंगे, लेकिन कुछ लोग ईर्ष्या भी प्रकट करेंगे और आपकी बात का अनावश्यक विरोध करेंगे। कोई सरकारी जवाबदेही हो सकती है। इस सप्ताह अचानक से खर्चा बढ़ेगा और पूर्व निर्धारित योजना में कोई परिवर्तन तत्काल करना होगा। राशि स्वामी शुक्र शत्रु राशि में हैं, इसलिए आस-पास के मीठे बोलने वालों को अपना हितेषी न समझें।  पारिवारिक विरोध अभी बना रहेगा। आपकी मनोदशा को घर वाले अभी नहीं समझेंगे। आपकी कोई शिकायत हो सकती है। उस पर विशेषज्ञों की राय लेना आवश्यक है। महिलाएं पर-प्रेरित होकर अपना आर्थिक नुकसान न करें। नौकरीपेशा लोग वरिष्ठजनों की इच्छा का ध्यान रखें।

वृश्चिक- इस सप्ताह परिस्थितियों को गम्भीरता से लेना होगा। दैनिक आमदनी बढ़ेगी। नए कार्यावसर प्राप्त होंगे, लेकिन कार्य प्रणाली में प्राथमिकता को और समयबद्धता को वरीयता  देनी होगी। किसी नए कार्याराम्भ का उचित समय है, लोगों की मदद और सहयोग प्राप्त होगा। राशि के स्वामी मंगल अभी अस्त हैं, इसलिए बुद्धिमानी से अपना तर्क और विचार प्रस्तुत करना होगा और सहयोग लेना होगा। कार्य-व्यवसाय में तात्कालिक असमर्थता से भयभीत न होवें। नौकरी करते हैं तो वरिष्ठजनों की पूछताछ हो सकती है। साझेदारी के नए अवसर खोजने होंगे। घरेलू जीवन में परिजनों के कारण कुछ अशांति रह सकती है। नयी नौकरी का प्रयास सफल हो सकता है। महिलाओं के लिए समय अच्छा है। घर-परिवार और कार्यक्षेत्र में उनका महत्व बढ़ेगा। उनकी सलाह का सम्मान होगा। सुख-सुविधा में वृद्धि होगी।

धनु- इस सप्ताह आय-वृद्धि के लिए कुछ नया प्रयोग करेंगे।  सफलता भी मिलेगी। अपनी कार्यप्रणाली में सुधार करेंगे और व्यर्थ के नुकसान को रोकने की कोशिश करेंगे। सप्ताह आरम्भ में कुछ खर्चा विशेष होगा परंतु आप जैसे-तैसे उसको सम्भाल लेंगे। धन कुछ विशेष मात्रा में आएगा, लेकिन एक अवसर पर वो भी कम पड़ने लगेगा। यह समय अपने कार्य-कौशल का श्रेष्ठ प्रदर्शन करने का है। मित्रों का सहयोग और सलाह हितकारी रहेगी। स्वास्थ्य की कोई जांच करानी पड़ सकती है। किसी सम्पत्ति का क्रय-विक्रय हो सकता है। व्यवसाय संबंधी वार्ताएं बढ़ेंगी। परिणाम सीमित मिलेगा। इन दिनों कोई अतिरिक्त निवेश न करें। नौकरीपेशा हैं तो कार्य-भार बढ़ेगा। कुछ अतिरिक्त जिम्मेदारी भी प्राप्त होगी। महिलाओं का खर्च अचानक बढ़ जाएगा। वे पसंद की कोई वस्तु खरीद सकती हंै। यह समय अधिकांश रूप से कार्य व्यवसाय पर ध्यान देने का है।

मकर- इस सप्ताह अनुकूल परिणाम प्राप्त होंगे। दैनिक लाभ बढ़ेगा। कहीं कोई बड़ा निवेश कर सकते हैं। जमीन-जायदाद का कोई सौदा अटक रहा है तो उसमें गति आएगी। राशि स्वामी नीच नवांश में चल रहे हैं और आपको निर्णय लेने में किसी की मदद लेनी पड़ेगी। पिता के स्वास्थ्य में कोई बाधा आ सकती है अथवा उनकी किसी बात पर रोक-टोक हो सकती है। जीवन पद्धति में आवश्यक सुधार अपेक्षित है। कोई आपको परखने के लिए व्यर्थ का अवसर प्रस्तुत कर सकता है। किसी भी आश्वासन पर अधिक भरोसा न करें। दौड़-भाग अधिक होगी, कोई यात्रा भी हो सकती है। किसी की चोट-खरोंच का भार आपके ऊपर आ सकता है। महिलाएं व्यक्तिगत रिश्तों को लेकर कुछ आहत हो सकती है। राशि स्वामी शनि वक्री हैं और राशि से नवम में सूर्य व मंगल कार्य विस्तार में कोई सरकारी आपत्ति का संकेत दे रहे हैं।

कुंभ - यह सप्ताह अपनी कार्यप्रणाली और कार्य पद्धति के साथ कागजी कमियों को सुधारने वाला है। जरा सी लापरवाही या चूक भारी सिद्ध हो सकती है। नए कार्यावसरों में सजगता रखनी होगी। व्यर्थ की चर्चा से बचें, अन्यथा आपके हक का अवसर कोई और ले सकता है। अपना काम स्वयं करें दूसरे पर छोड़ेंगे तो आक्षेप आ सकते हैं। कर्मचारियों के हित में कोई निर्णय करेंगे और उनसे अधिक काम लेंगे। राशि से अष्टम सूर्य और मंगल किसी कष्ट का संकेत दे रहे हैं। सावधानी बरतनी होगी। व्यवसायिक यात्राएं बढ़ेंगी और उनके अनुकूल परिणाम प्राप्त होंगे। कोई उदर-विकार एक-दो दिन परेशान कर सकता है। जीवनसाथी से किसी पारिवारिक विषय में मतभेद उत्पन्न होंगे। आपको उनकी इच्छा का मान रखना होगा। महिलाओं के लिए अपने कार्यों में एकाग्रता कि आवश्यकता रहेगी। नौकरीपेशा हैं तो कार्य प्रदर्शन की सराहना होगी।

मीन- इस सप्ताह परिस्थितियों में सुधार होगा। कार्य-व्यवसाय में विस्तार होगा। स्वास्थ्य में सुधार होगा। दैनिक आमदनी बढ़ेगी। साझेदारी के व्यापार में लाभ बढ़ेगा। व्यर्थ की दौड़-भाग की अपेक्षा एकाग्रता से काम करना अधिक आवश्यक है। स्वयं के साथ-साथ सहायक लोगों की कार्यप्रणाली पर भी ध्यान देना होगा। घर-परिवार में माहौल अनुकूल होगा। खर्चा या व्यय तेजी से होगा, लेकिन आय अवरोधों के साथ होगी। सामाजिक कार्यों में रुचि बढ़ेगी। किसी धार्मिक स्थान की यात्रा हो सकती है। नयी नौकरी का प्रयास सफल हो सकता है। जीवनसाथी के स्वास्थ्य की जांच करानी पड़ सकती है। नौकरी करते हैं तो अपनी राय प्रकट करने का पर्याप्त अवसर मिलेगा, अपनी तैयारी पूर्ण रखें। महिलाएं व्यक्तिगत रिश्तों को लेकर कुछ चिंतित सी रहेंगी। संतान के संबंध में कोई अनुकूल समाधान प्राप्त होगा।