चंडीगढ़: पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने सोमवार को हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर के यहां स्थित आधिकारिक आवास पर उनसे मुलाकात की। यह मुलाकात ऐसे समय हुई है, जब तीन कृषि कानूनों को वापस लेने वाले एक विधेयक को आज संसद के दोनों सदनों ने पारित कर दिया गया।

सिंह ने संवाददाताओं से कहा, “यह खट्टर साहब से साथ शिष्टाचार वश हुई एक मुलाकात थी।” अमरिंदर सिंह 2022 में होने वाले पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी के साथ सीटों के बंटवारे की संभावनाओं को तलाश रहे हैं। कांग्रेस की पंजाब इकाई के अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू के साथ हुई सियासी रस्साकशी के बाद सिंह ने सितंबर में मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था।

इसके बाद चरणजीत सिंह चन्नी पंजाब के मुख्यमंत्री बने थे। कांग्रेस छोड़ने के बाद सिंह ने ‘पंजाब लोक कांग्रेस’ नामक नई पार्टी बनाई।