यह राशिफल जन्मकालीन चंद्र राशि पर आधारित है। जिनकी जन्मकालीन राशि ज्ञात नहीं है वे नाम राशि के आधार पर पढ़ सकते हैं।

मेष - इस सप्ताह व्यक्तिगत रूप से संघर्ष और बाधाओं में कमी आएगी। रुके हुए कार्यों को गति मिलेगी। स्वास्थ्य में कुछ राहत महसूस करेंगे। पारिवारिक रिश्तों में सुधार होगा। सामाजिक रूप से प्रतिष्ठा के लिए कुछ अच्छा करेंगे, लेकिन व्यस्तता और थकान बनी रहेगी। व्यावसायिक रूप से दैनिक आय वृद्धि के प्रयास सफलता की ओर बढ़ेंगे। कार्य-व्यवसाय में सुधार करेंगे। अन्य शहरों या लोगों से सहयोग मिल सकता है। रुका हुआ पैसा प्राप्त होगा, लेकिन तत्काल प्रयोग में आ जाएगा, निजी कुछ खर्चीले कार्य अभी नियंत्रित रखने होंगे। कुछ नए लोगों को जोड़ेंगे परंतु पुराने सहयोगियों से कुछ असंतोष सा रह सकता है। साझेदारी के कार्यों में कुछ फेर बदल करने का प्रयास करेंगे। कुछ उलाहना या आक्षेप की आप परवाह नहीं करेंगे। किसी शत्रु की गतिविधि आपके लिए थोड़ी चिंताजनक हो सकती है, लेकिन उसका समाधान खोज लेंगे। व्यापार बढ़ेगा लेकिन आमदनी सीमित होगी। इस समय कार्य-प्रणाली में नैतिकता का ध्यान अवश्य रखें। नौकरी करते हैं तो कार्य-प्रदर्शन में नीति-कुशलता का परिचय देना होगा।

वृषभ - यह सप्ताह दौड़-भाग वाला है। व्यक्तिगत रूप से निजी कार्यों में एक से अधिक प्रयास करने होंगे। लोगों से बार-बार आग्रह करना होगा। धन कुछ अधिक खर्च होगा, लेकिन प्राप्ति भी होगी। अपनी वाणी पर नियंत्रण रखें, कोई आपको किसी प्रतिकार हेतु प्रेरित कर सकता है, लेकिन उसका काम बनेगा परंतु आपकी छवि पर विपरीत असर पड़ेगा। राशि से बारहवें चंद्र सप्ताहारंभ में परिश्रम और थकान उत्पन्न करेंगे। कुछ रिश्तों की कड़वाहट का समाधान खोजेंगे। व्यावसायिक रूप से काम-धंधों में मूल्य या लाभ संबंधी अनुमान असंतुलित हो सकता है। कोई आया हुआ कार्यावसर छूट सकता है या उसमें कुछ संशोधन अनिवार्य हो जाएंगे। अटका धन प्राप्त करने में कोई वस्तु आपके पास गिरवी आ सकती है। पिता से मतभेद हो सकते हैं। कुछ नया निवेश करने में प्रतीक्षा करना उचित है, अपितु कोई अतिरिक्त साधन अपनाकर व्यवसाय में समय की बचत करेंगे। यदि नौकरी करते हैं तो अधिकारियों से तालमेल रखना, चिंताजनक सिद्ध होगा।

मिथुन- इस सप्ताह ओज और तेज का दिखावा सा करेंगे परंतु अंतर्मन से कुछ भयभीत से रहेंगे। सीमित मात्रा में लाभ होगा, लेकिन आपकी अपेक्षा अधिक और खर्च की अधिकता थोड़ी असंतुष्टि का कारण हो सकती है। व्यर्थ ही कहीं क्रोध या तीखे वाक्यों का प्रयोग न करें। रिश्तदारों की उपेक्षा से मन में कुछ खिन्नता का अनुभव करेंगे। व्यावसायिक रूप से दैनिक आय बढ़ेगी। पुराने कुछ ग्राहक या लोग लौटकर आएंगे और आपकी शर्तों पर राजी होने को मजबूर होंगे। कोई व्यक्ति धोखा या घात कर सकता है, इसलिए आवश्यकता से अधिक भरोसा किसी पर न करें। अपनी कार्य सिद्धि हेतु कोई विनय भाव होने या पीड़ित होने का स्वांग आपके सामने रच सकता है। इस समय स्वास्थ्य की रक्षा और परिजनों के हितों व उनकी सर्वविध उन्नति के लिए सोचने का समय है। कुछ निर्धारित व्यावसायिक कार्यों में फेरबदल होगा, उच्च बुद्धि-कौशल व साहस का परिचय देना होगा।  पारिवारिक रूप से अपने मानसिक उद्गारों को नियंत्रण में रखना होगा और अपना क्रोध नियंत्रित रख धैर्य से लोगों की बात सुननी होगी। नौकरी करते हैं तो वरीष्ठजनों का उलाहना और कुछ दबाव अनुभव करेंगे।

कर्क- इस सप्ताह व्यक्तिगत रूप से बाधाओं का समाधान होगा। सामर्थ्यवान लोगों से मिलने का अवसर प्राप्त होगा और आप अपने व्यापार की वृद्धि की सोचेंगे। किसी के प्रति ईर्ष्या या द्वेष का भाव अधिक बढ़ सकता है। कहीं से कुछ अधिक लाभ लेने की सोचेंगे और कुछ गोपनीय मार्ग अपनाएंगे या किसी की मजबूरी का पूरा फायदा लेने की सोचेंगे। कोई सरकारी आपत्ति धन-हानि का कारण हो सकती है। इस सप्ताह यात्राएं अधिक हैं। व्यावसायिक रूप से कार्य तंत्र और कार्य-प्रणाली को मजबूत व सुव्यवस्थित करने का समय है। यह उच्च सम्पर्कों का लाभ लेने का समय है। किसी सरकारी व्यक्ति से लाभ हो सकता है। किसी सम्पत्ति का विक्रय या फेरबदल की योजना बना सकते हैं। घर में सुख-सुविधा युक्त संसाधनों की वृद्धि करेंगे। जीवनसाथी का स्वभाव कुछ नर्म होने लगेगा परंतु अनुकूलता का कुछ अभाव सा रहेगा। भाग्य भरोसे कोई जोखिम न लें। यदि नौकरी कर रहे हैं तो अपने हक और अधिकार प्राप्ति हेतु कोई योजनागत कार्य प्रणाली रखनी होगी।

सिंह- यह सप्ताह कुछ अनुकूल है। स्वास्थ्य में सुधार होगा। पारिवारिक चिंता में कमी आएगी। प्रतिस्पर्द्धा के क्षेत्रों में बाहरी मदद मिलेगी। स्वविवेक से कोई हल ढूढं¸ेगे। यात्राएं अधिक होंगी। किसी समारोह या उत्सव में शामिल होने का अवसर प्राप्त होगा। कर्ज संबंधी मामलों में कुछ राहत मिलेगी। घर के बुजुर्गों का या किसी योग्य व्यक्ति की मदद लेनी होगी। व्यावसायिक रूप से कार्य-प्रणाली नियंत्रित रखें। मिथ्या लाभ का प्रलोभन किसी समस्या का कारण हो सकता है। कोई उधार न तो दें और न लें। अपितु कर्ज निस्तारण का यथासम्भव प्रयास करें। कोई धार्मिक आयोजन या पूजा-पाठ कर सकते हैं। सरकारी क्षेत्रों या लोगों से लाभ हो सकता है। व्यावसायिक तंत्र कुछ खर्चा मांगेगा। किसी नई मशीन या संसाधन खरीदने पर विचार करेंगे। कहीं नैतिक जिम्मेदारी निभाने में पारिवारिक उपेक्षा सहनी होगी। सप्ताह  मध्य में व्यापारिक कोई चिंता हो सकती है। किसी का झूठ पकड़ा जा सकता है। लेकिन समय रहते आप अधिक नुकसान से बच जाएंगे। पारिवारिक लोगों से इस समय अधिक अपेक्षा न रखें। नौकरी करते हैं तो अपने दाएं-बाएं ध्यान रखें, यह सोचें कि दीवारों के भी कान होते हैं।

कन्या - यह सप्ताह कुछ कठिनाई पूर्ण है। स्वास्थ्य का पाया कुछ नरम हो सकता है। कोई आर्थिक अभाव या कठिनाई आ सकती है, लेकिन सशर्त कोई परिजन मदद कर सकता है। परिस्थितियाँ धीरे-धीरे आपके पक्ष की होती जा रही हैं, इसलिए योजनागत तौर-तरीका अपनाएं। किसी भी प्रकार के दुराग्रह से दूर रहें और अपनी मूल उन्नति पर ध्यान केन्दि्रत करें। राशि से दशम में सूर्य चल रहे हैं। व्यावसायिक उन्नति के लिए अपना अहंकार त्यागकर लोगों से सम्पर्क साधना होगा। बिगड़ी संधि या साझेदारी को सुधारने हेतु आप स्वयं झुक जाएं तो कोई बुराई नहीं। राशि से ग्यारहवें मंगल व शुक्र हैं। यदि विवेक व कौशल को प्रयोग में लिया तो अपेक्षा से अधिक लाभ लिया जा सकता है। राशि से नवम राहु व बुध की युति बड़े बुजुर्गों या वरीष्ठजनों से असामंजस्य का कारण बन सकती है। आप मनमर्जी न करें, सलाह लेकर काम करेंगे तो बेहतर होगा। जीवनसाथी की कोई चिंता आपके कार्यों को प्रभावित कर सकती है। यदि नौकरी करते हैं तो अपने प्रभाव व अधिकार को पूर्ण प्रयोग में लेंगे और कोई निर्णय में अहम भूमिका निभाएंगे।

तुला- यह सप्ताह चुनौतिपूर्ण है। बुद्धि-विवेक और धैर्य से परिस्थितियों पर काबू पाया जा सकता है। स्वास्थ्य में कुछ हल्कापन रहेगा, थकान अनुभव करेंगे। पुराना कोई रोग है तो कुछ परेशान कर सकता है। पारिवारिक रूप से कुछ विसंगति सी रहेगी। आपको सबकी सुननी होगी तभी कोई उचित निर्णय हो सकेगा। कोई सम्पत्ति विवाद के निवारण हेतु योजना बनाएंगे। संतान की तरफ से कोई चिंता हो सकती है। व्यावसायिक रूप से कुछ कठिनाई अनुभव होगी। साझेदारी या संधि के व्यापार में कोई परिवर्तित कार्य योजना को प्रयोग में लेंगे। किसी के भरोसे कोई बड़ा काम न छोड़े, अन्यथा लाभ का प्रतिशत कम होगा। कोई व्यावसायिक यात्रा लाभकारी हो सकती है। इस समय हर कार्य में सावधानी परम आवश्यक है। व्यक्तिगत रिश्तों में मानसिक व्यथा को प्रकट करने से बचें। सरकारी क्षेत्रों में अटके कार्यों में गति आएगी। कहीं कोई भुगतान में कटौती होगी, उसे कम किया जा सकता है, समाप्त नहीं। राशि से चौथे शनि और पंचम में गुरु वक्री हैं। हर तरफ लोगों का कुछ विरोध या असहयोग सा देखने को मिलेगा। नौकरी करते हैं तो कार्यप्रणाली पर कुछ आक्षेप आ सकते हैं।

वृश्चिक - यह सप्ताह बेहद संवेदनशील और सतर्कतापूर्ण है। किसी नए पर अधिक भरोसा उचित नहीं। यदि स्वयं की पूर्ण उपस्थिति कार्यक्षेत्र में नहीं रही तो भारी अवरोध आ सकता है। राशि स्वामी अभी शत्रु ग्रह शुक्र के साथ हैं। आपके आस-पास सच्चे हितैषी लोगों का अभाव है, ध्यान रखें। किसी योजना या किसी व्यक्ति के विषय में सार्वजनिक रूप से राय प्रकट न करें। राशि से अष्टम सूर्य कोई सरकारी आपत्ति या बाधा का कारण हो सकते हैं। कर्ज संबंधी किसी असुविधा का सामना करना होगा। कोई अतिरिक्त प्रबंध हेतु जोखिम लेने की सोचेंगे। माता के स्वास्थ्य की चिंता रह सकती है। कहीं सामाजिक रूप से कोई विवाद उत्पन्न हो सकता है, आप तटस्थ रहें तो उचित होगा। यह सप्ताह परिश्रम और थकानपूर्ण है। साझेदारी के व्यापार में कोई षड़यंत्र या छल से सामना हो सकता है। परिस्थिति बिगाड़ने की अपेक्षा साधने का प्रयास करें। नौकरी करते हैं तो स्वयं को दबा हुआ या मजबूर सा अनुभव करेंगे।

धनु- यह सप्ताह कुछ राहत देने वाला है। यद्यपि आर्थिक कुछ चुनौतियाँ सी रहेंगी। रिश्तों को निभाना और सम्हालना कुछ कठिन सा प्रतीत होगा। व्यक्तिगत रूप से अपनी कमियों को दूर करने व गलतियों को सुधारने का समय है। सामाजिक कार्यों में असंतोष सा व्याप्त रहेगा। आप अपनी छवि को सुधारने के बारे में सोचेंगे, अतिरिक्त प्रयास करेंगे। एक अजीब सा असंतोष व अज्ञात भय अनुभव करेंगे परंतु ईश्वर पर भरोसा बढ़ाना सर्वोत्तम उपाय है। अभी कोई भी स्पष्टीकरण न तो कोई सुनेगा और न कोई मानेगा। पारिवारिक कोई मतभेद अभी बना रहेगा। संतान की तरफ से कोई विशेष इच्छा उत्पन्न हो सकती है और वे आपकी अवज्ञा तक कर सकते हैं। व्यावसायिक रूप से आपको वर्तमान कार्यों की परिणति पर अधिक ध्यान देना चाहिए। पूरी की चाह में आधी भी जा सकती है, ध्यान रखें। राशि स्वामी गुरु अभी वक्री हैं, परंतु स्वनवांश में हैं, इसलिए धैर्य से काम करेंगे  तो हानि नहीं होगी। किसी भी प्रलोभन या मजबूरी में कोई निवेश या जोखिम न लें। कर्ज प्राप्ति हो सकती है। लेकिन इच्छा के विपरीत कोई अनुबंध भी करना पड़ सकता है। नौकरी करते हैं तो आप किसी षड़यंत्र या चाल का शिकार हो सकते हैं।

मकर- यह सप्ताह अत्यंत कठिन है। हर तरफ विवाद और असामंजस्य देखने को मिलेगा। ईश्वर की आराधना की परम आवश्यकता है। किसी नए मार्ग या आय की तलाश व्यर्थ है, अपितु धैर्य धारण कर कठिन समय को शांति से निकालना श्रेष्ठ उपाय है। पारिवारिक कोई कलह व्यवसाय व दैनिक जीवन या किसी निर्धारित कार्यक्रम को प्रभावित कर सकती है। जीवनसाथी  को स्वास्थ्य संबंधी कोई बाधा हो सकती है। जीवनसाथी का व्यक्तिगत किसी समस्या को लेकर कठिन व्यवहार हो सकता है। संतान को कहीं असफलता के कारण धैर्य बंधाना होगा। उनका मनोबल न टूटे, इसका ध्यान रखें। इन दिनों आपकी वाणी का कौशल आपका सबसे बड़ा हितैषी है, उसका भरपूर प्रयोग करें। किसी साझेदार या सहयोगी से आर्थिक सहयोग प्राप्त हो सकता है। यदि नौकरी करते हैं तो एडवांस की इच्छा प्रकट कर सकते हैं। अपनी मजबूरी या आवश्यकता को शस्त्र की तरह काम में लेना होगा। विभाजित मामलों में प्रमाणों के आधार पर साहस के साथ अपना पक्ष रखेंगे तो सफलता मिलेगी।

कुंभ - यह सप्ताह योजनाओं के क्रियान्वयन हेतु उचित है। किसी उचित सलाहकार की सलाह से काम करेंगे तो हानि नहीं होगी। श्रम भी कम होगा। अपने सम्पर्कों का लाभ लेने का उचित समय है। परिश्रम की अधिकता रहेगी। घर-परिवार में कुछ राहत मिलेगी। लोग आपकी बात सुनेंगे और मानेंगे। पद-प्रतिष्ठा की रक्षा हेतु आप वो निर्णय भी करेंगे जो आपके स्वभाव और सोच के विपरीत है। राशि स्वामी शनि अभी वक्री हैं, इसलिए किसी भी काम के लिए एक से अधिक प्रयास करने होंगे और एक के अलावा अन्य लोगों से भी सहयोग लेना होगा। व्यावायिक कार्यों में थोड़ा आर्थिक दबाव सा रहेगा परंतु कुछ न कुछ प्रबंध करके, कार्य को आगे बढ़ा सकेंगे। कर्ज के लेन-देन में कोई सशक्त नीति- कौशल प्रयोग में लेना होगा। मित्रों का सहयोग मिलेगा, संतान के संबंध में चल रहा प्रयास बदलना पड़ेगा और तभी सफलता मिलेगी। प्रतिस्पर्द्धा उच्च स्तर की रहेगी, न्यूनतम लाभ पर अपना व्यापार गतिशील रखना उचित होगा। नौकरी करते हैं तो बेहद सावधानी से कार्य करें, जरा सी चूक या लापरवाही का जवाब देना भारी पड़ जाएगा।

मीन - यह सप्ताह कुछ विशेष निर्णय लेने का है। व्यक्तिगत सुख-शांति हेतु हानि-लाभ या यश-अपयश की परवाह किए बिना कुछ निर्णय लेंगे। इन दिनों आपका ध्येय मानसिक शांति ही प्रमुख रहेगा। संतान को भी अभी किसी भी जोखिम लेने से रोकेंगे और अनुकूल समय की प्रतिक्षा करने की कहेंगे। मित्रों के कटु-व्यवहार का प्रत्युत्तर देने का उचित समय नहीं, अपितु किसी भी तरह अपना कार्य साधने में विश्वास करें। किसी धार्मिक कार्यक्रम में कोई अवरोध आ सकता है। कहीं से कोई धन प्राप्ति सहज रूप से होगी जो आपके लिए सहारा बनेगी। कुछ नया सीखने की कोशिश अभी व्यर्थ ही रहेगी। विद्यार्थी वर्ग अभी थोड़ा व्यथित सा रहेगा और अपने प्रयास में असंतोष महसूस करेंगे। राशि से चौथे सूर्य विपरीत तेजस्विता या अहंकार का उत्पादन करते हैं, आप इसे स्वयं पर हावी न होने दें। थोड़ा भी चातुर्य और वाक्-कौशल प्रयोग में लेंगे तो कार्य-सम्पादन को श्रेष्ठ कर सकते हैं। नौकरी करते हैं तो अधिकारी की इच्छा व मनोदशा के अनुकूल व्यवहार रखें।