साप्ताहिक राशिफल, पं. अशोक दीक्षित

दिनांक - 15 से 21 अगस्त, 2021

यह राशिफल जन्मकालीन चंद्र राशि पर आधारित है। जिनकी जन्मकालीन राशि ज्ञात नहीं है वे नाम राशि के आधार पर पढ़ सकते हैं।

मेष- यह सप्ताह आजीविका क्षेत्रों को पुष्ट और समृद्ध करने में व्यस्त रहेगा। कुछ नए संधि प्रस्तावों पर गम्भीरता से विचार करना होगा। साझेदारी के व्यापार में योजनाओं में संशोधन की आवश्यकता महसूस होगी। व्यावसायिक और पारिवारिक कार्यों में कुछ आर्थिक अभाव सा महसूस करेंगे और इसे साधने का भरपूर प्रयास करेंगे। इस सप्ताह यात्राएं अधिक हैं और आप इन्हें लाभकारी बनाने की कोशिश करेंगे। मानसिक उद्वेग को नियंत्रित रखना आपके लिए बड़ी चुनौती रहेगी। जल्दबाजी में न तो कोई निर्णय लेवें और न ही कोई निर्णय परिवर्तित करें। व्यक्तिगत रूप से भरी भीड़ में भी स्वयं को अकेला अनुभव करेंगे। किसी के भरोसे या साथ पर निर्भर न रहें, अपितु स्वयं के बुद्धि-विवेक से काम लें, भयभीत न हों। एक तरफ आपकी आर्थिक आवश्यकता अधिक रहेगी, वहीं किसी परिचित के लिए भी अर्थप्रबंध करना पड़ सकता है। पारिवारिक रूप से विरोधभास और मतभेद अब कम होने लगेंगे अथवा उनका समाधान या निराकरण होने लगेगा। नौकरी करते हैं तो कार्यभार भी बढ़ेगा और अन्य कार्यों में व्यस्तता बढ़ेगी।

वृषभ - यह सप्ताह अत्यधिक उत्पादक है। योजनाबद्ध तरीके से काम किया तो पर्याप्त सफलता मिलेगी। सप्ताहारंभ कुछ विशेष है, किसी का साथ छूटेगा तो कोई अन्य नया व्यक्ति आपके साथ जुड़ने का प्रयास करेगा। अन्य शहरों या विदेशी सम्पर्कों  का लाभ मिल सकता है। सप्ताह मध्य कुछ कठिन है। सम्भावित कार्यों में अनपेक्षित कुछ बाधाएं आ सकती हैं। जल्बाजी में मार्ग न बदलें, अपितु धैर्य रखकर समाधान खोजेंगे तो सफलता मिलेगी। व्यक्तिगत रूप से कुछ लोगों का वास्तविक स्वभाव या चरित्र देखने को मिलेगा और आपका भ्रम भी समाप्त होगा। किसी परिजन के द्वारा सशर्त सहयोग का प्रस्ताव स्वीकार करना होगा। अपना नैतिक आचरण और व्यवहार शुद्ध रखें। किसी भी मद या भावावेश में अनुचित मार्ग या गतिविधि का चयन न करें। प्रियजन के व्यवहार से आहत न होकर, विवेक से काम लें। सप्ताहांत में बाध्यता या दबाव में कोई निर्णय लेना पड़ सकता है। नौकरीपेशा हैं तो जीवन में तर्क-वितर्क अधिक रहेंगे, कुछ बातों का स्पष्टीकरण भारी पड़ेगा।

मिथुन - यह सप्ताह कार्य-व्यवहार में पूर्ण सावधानी-सतर्कता और पारदर्शिता बरतनी होगी। किसी भी तरह की लापरवाही आक्षेप का कारण बन सकती है। कहीं बहुत कम लाभ पर भी काम करना होगा। इन दिनों आपके कौशल और योग्यता के परीक्षण की सम्भावना है। शांत मन से अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन का प्रयास करें। आर्थिक निवेश-बढ़ेगा। कुछ नए लोगों पर भरोसा करना होगा परंतु स्वयं को भी चैतन्य होकर, हर तरफ ध्यान देना ही होगा। आप इस समय परिश्रम से घबराए नहीं। किसी के विपरीत व्यवहार से आहत न होकर, उसे साधने का प्रयास करें। नए लोगों से सम्पर्क सूत्र बढ़ेंगे। जिसका आपके व्यवसाय और व्यापार पर अनुकूल असर होगा। इन दिनों श्रेष्ठ प्रबंधन का कौशल भी प्रस्तुत करना होगा। आर्थिक गणित पर और आय-व्यय पर पूर्ण  नियंत्रण रखें। किसी भी तरह का प्रमाद या लापरवाही लाभ का प्रतिशत कम कर सकती है। अनावश्यक वक्तव्य से बचें, वरना कोई आफत गले पड़ सकती है। नौकरी करते हैं तो परस्पर सहयोग लेने-देने की प्रवृति अपनानी होगी।

कर्क- इस सप्ताह दैनिक जीवन में चल रहा असंतुलन कम होने लगेगा। कहीं कर्ज का प्रयास चल रहा है तो सफलता मिलेगी। कहीं असत्यता के कारण जो आक्षेप आ गए हैं, वो समाप्त होंगे और आपका मान-सम्मान पुनः बढ़ेगा। व्यावसायिक यात्रा सम्भावित है। जीवनसाथी के स्वास्थ्य में कुछ ऊंच-नीच आ सकती है, स्वयं की भी कोई जांच करवानी पड़ सकती है। कहीं से अटका हुआ धन सहज प्राप्त होने की सम्भावना है। संतान के लिए समय कुछ कठिन है। उनके लिए कोई बेहद महत्वपूर्ण निर्णय लेना होगा। अपनी वाणी पर नियंत्रण रखें वरना अनावश्यक कोई अतिरिक्त जिम्मेदारी आ सकती है और घर-परिवार का उलाहना सुनना पड़ सकता है। किसी से तगादा करने में संकोच न करें। सूर्य अब राशि से दूसरे भाव में हैं। अपनी बचत का निवेश या उपयोग सतर्कता से करें। व्यावसायिक समूह में वाणी का जादू दिखाना होगा या अपने लिए कोई श्रेष्ठ व्यक्ति नियुक्त करने में चूक न करें। नौकरी कर रहे हैं तो किसी को अनावश्यक सलाह बिना मांगे न दें, वरना आपकी सलाह आप पर ही भारी पड़ेगी।

सिंह- इस सप्ताह कुछ चुनौतियाँ रहेंगी, आपके धैर्य व सामर्थ्य का परीक्षण भी सम्भावित है। व्यक्तिगत रूप से रिश्तों और संबंधों के परीक्षण का काल चल रहा है। भावनाओं के भव सागर में डूबने की गलती न करें। पारिवारिक कुछ मतभेद सामने आ सकते हैं। आपको यह उलाहना मिल सकता है कि आप लोभी हो गए हैं या केवल धन के लिए कुछ भी कर सकते हैं तो इसकी परवाह न करें। इन दिनों किसी भी दुराग्रह या किसी के रुठने या नाराज होने की चिंता न करें। कोई सम्पत्ति को लेकर निर्णय बाधित चल रहा है तो उसमें सफलता मिल सकती है। नए संधि प्रस्तावों या व्यावसायिक अवसरों पर गम्भीरता से काम करेंगे तो अग्रिम मार्ग प्रशस्त होगा। व्यक्तिगत रूप से आपकी छवि सुधरने लगेगी। आप उन लोगों से दूरी बनाएंगे, जिनकी वजह से धन और समय दोनों बर्बाद हो रहे थे। संतान की तरफ से कोई अनुकूल समाचार प्राप्त होगा। आप स्वयं कुछ नया सीखने की कोशिश करेंगे। कोई नया कर्ज लेन-देन की योजना बन सकती है। आपके खिलाफ चल रहा षड़यंत्र समाप्त होगा। अब राशि स्वामी सूर्य राशि में ही हैं, आपके प्रति लोगों की धारणाओं में सकारात्मकता आएगी।

कन्या - इस सप्ताह मितव्ययता का व्यवहार अपनाना होगा। जितनी बचत होगी, उतने अधिक काम बन सकते हैं। कार्य स्थल पर किसी विश्वासपात्र को नियुक्त करें। आपकी दौड़-भाग अधिक रहेगी। मित्रों के साथ मिलना-जुलना होगा। परिजनों को आपके किसी व्यवहार से नाराजगी हो सकती है और वे आपको किसी निर्णय लेने में अवरोध कर सकते हैं। राशि स्वामी बुध राशि से बारहवें मंगल के साथ चल रहे हैं। आपको विवादित किसी भी मामले में दूरी रखनी उचित है। शांति से जो काम हो जाए, वहीं करें। अपनी पद-प्रतिष्ठा की रक्षा और वृद्धि हेतु कोई जोखिम या बड़ी जिम्मेदारी लेनी पड़ेगी। घर की सुख-सुविधा की कुछ चिंता हो सकती है। संतान के संबंध में कुछ अशांति या असुविधा उत्पन्न हो सकती है। इस सप्ताह विचारों की संकीर्णता से दूर रहकर, व्यावसायिक निर्णय करने होंगे। कोई सरकारी नियमों की अनदेखी न करें, वरना जुर्माना हो सकता है। अपने वरीष्ठजनों से तालमेल फायदेमंद होगा। नौकरी कर रहे हैं तो कटु व्यवहार का सामना करना पड़ सकता है।

तुला- इस सप्ताह वाणी पर पूर्ण नियंत्रण रखें, किसी भी तरह की वचनबद्धता या निर्णय लेने में धैर्य धारण करें। किसी भी पारिवारिक या व्यावसायिक मामले में असत्य का सहारा न लें, वरना आप परेशानी में आ सकते हैं। इस सप्ताह व्यापार विस्तार की योजना जितनी मजबूत और सुरक्षित होगी, उतनी सफलता मिलेगी। अपने व्यक्तिगत उन्नयन का प्रयास करने का समय है। सूर्य अब अनुकूल हैं। सरकारी बाधाएं कम होने लगेंगी और वरीष्ठजनों का सहयोग मिलेगा। परिवार में किसी के स्वास्थ्य पर विपरीत असर हो सकता है, जिससे आपकी कार्य प्रणाली प्रभावित होगी। सप्ताहांत तक कोई आवश्यक कार्य न रखें। दिनचर्या को साधकर रखना आवश्यक है। आय-व्यय संबंधी दस्तावेजों का निरीक्षण बेहद आवश्यक है अन्यथा किसी कमी से कोई महत्वपूर्ण कार्य बाधित हो सकता है। राशि स्वामी नीच राशि में चल रहे हैं। इस समय उच्च सम्पर्कों का सहयोग लें। सलाहकारों की मदद से आगे बढ़ें। बाधाओं से डरे नहीं। बाधाएं रहेंगी परंतु समाधान भी होगा। नौकरी में वातावरण में सहजता आने लगेगी।

वृश्चिक - यह सप्ताह योजनाओं के क्रियान्वयन के लिए अच्छा है। सरकारी लोगों व क्षेत्रों का लाभ मिलेगा। कहीं कुछ सरकारी आपत्ति है तो उसका समाधान होगा। व्यवसाय में निवेश बढ़ेगा। दैनिक आमदनी बढ़ेगी। अतिरिक्त आमदनी का प्रयास करेंगे और सफलता भी मिलेगी। किसी यात्रा का सुखद परिणाम प्राप्त होगा। साझेदारी के मामलों में कुछ संदेह उत्पन्न हो सकते हैं। उनका परस्पर वार्ता से तत्काल समाधान आवश्यक है। रुका हुआ धन प्राप्त हो सकता है। पूर्व में किए गए व्यावसायिक प्रयासों के अनुकूल परिणाम प्राप्त होंगे। परिवार के साथ कोई मनोरंजन कार्यक्रम बना सकते हैं। भाई-बहन को लेकर कुछ मन में असंतोष सा हो सकता है। सप्ताहांत के दिन अपेक्षाकृत कुछ कठिन है। किन्हीं लोगों का प्रतिकूल व्यवहार आहत कर सकता है। किसी सम्पत्ति को लेकर कुछ असुविधा हो सकती है। इस सप्ताह व्यक्तिगत उलझनों से दूर रहकर, तात्कालिक व्यावसायिक कार्यों पर ध्यान देना आवश्यक है। नौकरीपेशा हैं तो कार्यालयी परिस्थितियों पर केन्दि्रत रहना होगा।

धनु- यह सप्ताह दौड़-भाग और परिश्रम की अधिकता से आरम्भ होगा। किसी काम के लिए पुनः-पुनः चक्कर लगाने होंगे। किसी नाराज चल रहे व्यक्ति को मनाने का प्रयास करना होगा। खर्च कुछ विशेष होगा। सप्ताह मध्य से परिस्थितियों में बदलाव होगा। रुका हुआ पैसा आएगा। व्यापार में वृद्धि होगी। आमदनी बढ़ेगी। कार्यक्षेत्र के सौन्दर्य और स्वास्थ्य पर कुछ ध्यान देंगे और खर्चा करेंगे। अपनी व अपने अधीनस्थों की सुविधा में वृद्धि का विचार करेंगे। वरीष्ठजनों से कुछ मतभेद हो सकते हैं परंतु उन्हें आपको संतुष्ट करना ही होगा। इन दिनों अपने आश्रित किसी की समस्या को नजरंदाज न करें। सप्ताहारंभ में यात्रा न करें, हानि सम्भावित है। सप्ताह मध्यम उपरांत समय आपके पक्ष का है। पिता की तरफ से कुछ सहयोग मिल सकता है। तात्कालिक लाभ हो सकता है। ऊपर की या गोपनीय आमदनी से दूर रहें, पकड़ जा सकते हैं। पारिवारिक परिस्थितियों को गम्भीरता से लेना होगा। व्यवसाय में नए सम्पर्कों पर सीमित भरोसा करें। बड़ी उधार देने से बचें। किसी को सलाह सावधानी से और पात्रता के आधार पर दें, वरना असफलता का दोष आप पर आ सकता है। नौकरीपेशा हैं तो कार्य प्रणाली पारदर्शी व व्यक्तिगत रखें। पराए कार्यों से दूर रहें।

मकर - यह सप्ताह कुछ कठिनाईपूर्ण है। व्यावसायिक व्यवस्थाओं में बाधाएं रहेंगी। आमदनी होगी परंतु खर्चा कुछ विशेष होगा। किसी सरकारी समस्या या पूछताछ का सामना करना पड़ सकता है। आय-व्यय की गणित पर ध्यान नहीं दिया तो आफत आ सकती है। अपने वित्त सलाहकार से मिलने का यह उचित समय है, विलम्ब न करें। यात्राओं से अभी पर्याप्त लाभ की उम्मीद नहीं। कोई शारीरिक पीड़ा हो सकती है और चिकित्सकीय परामर्श की आवश्यकता पड़ सकती है। व्यर्थ की प्रशंसा की कामना से कोई ऐसी घोषणा न करें, जो पीछे दुःखदाई हो या परिजनों के विरोध का कारण बने। सप्ताहांत में कुछ राहत मिलेगी परंतु किसी घटनाक्रम का पछतावा भी बना रहेगा। नैतिक आचरण शुद्धि का विशेष ध्यान रखें। मित्र मण्डली के कारण कोई आक्षेप आ सकता है, बजाए दूसरों के कार्यों में दखल देने के अपनी कार्य प्रणाली व कार्य तंत्र पर ध्यान देना ज्यादा उचित होगा। नौकरी करते हैं तो कार्यों में समय-सीमा का ध्यान रखें वरना आपका हक कोई और ले सकता है।

कुंभ- यह सप्ताह योजनाओं के क्रियान्वयन के लिए उपयुक्त है। विचारों में सकारात्मकता रखना परम आवश्यक है। किसी भी प्रकार के संदेह या भ्रम से दूर रहे। परप्रेरित होकर अपना निर्णय न बदलें। अपने व्यावसायिक सम्पर्कों को बढ़ाना या सम्पर्क करना उचित होगा। नूतन कार्यावसरों की प्राप्ति हेतु प्रयास आवश्यक है। घर बैठे सफलता नहीं मिलेगी। आश्वासनों की प्रतीक्षा न करें, वरन स्वयं भी अपना प्रयास करें। साझेदारी में कुछ संशोधन सम्भावित है। कोई कार्य किसी एक से लेकर दूसरे को सौंपने में देरी न करें। इन दिनों नए साथियों या व्यावसायिक सहयोगियों पर दाव लगा सकते हैं। कर्ज संबंधी मामलों में सकारात्मक परिणाम आ सकते हैं। कहीं कोई विवाद चल रहे हैं तो समाधान होगा, समझौते से परहेज न करें। जीवनसाथी को कुछ नाराजगी हो सकती है। उनका व्यवहार कुछ रुखा सा महसूस होगा। अपनी कुछ आदतों पर नियंत्रण रखें, वे स्वास्थ्य पर बुरा असर ला सकती है। सप्ताहांत कुछ विशेष खर्चीला है और परिश्रम पूर्ण है, इसलिए अधिकाधिक कार्य समय रहते पूर्ण करें। कोई अचानक यात्रा हो सकती है, जिसे व्यापार प्रभावित होगा।

मीन - यह सप्ताह कुछ अनुकूल है। स्वास्थ्य में सुधार होगा। मानसिक तनाव में राहत मिलेगी। बाधित चल रहे कार्यों में गति आएगी। कुछ नया सोचने व करने का अवसर मिलेगा। यात्रा लाभकारी रहेगी। कर्ज प्राप्ति का प्रयास सफल होगा। अड़चनें दूर होंगी। जीवनसाथी का सहयोग और सुख मिलेगा। कर्ज के भुगतान में भी सरलता आएगी। अपनी मनमर्जी न करें, अपितु देश-काल के अनुसार जो उचित हो वही निर्णय करें। आराम या मनोरंजन का यह उचित समय नहीं। विषम परिस्थितियों को साधने का प्रयास करें। व्यवसाय तंत्र की कमी पर ध्यान केन्दि्रत करें। कुछ नए होशियार लोगों को अपने साथ जोड़ें। योग्य परिजनों का सहयोग ले सकते हैं। नया कार्य लेने से पूर्व अपनी सामर्थ्य का आकंलन अवश्य कर लें। स्वास्थ्य की अनदेखी न करें, दवा समय पर लें। किसी भी परिस्थिति में लक्ष्य को न भूलें। पराई समस्या से दूर ही रहना अच्छा। नौकरी करते हैं तो प्रतिस्पर्द्धा रहेगी सो अपनी कार्य-कुशलता का परिचय देना होगा।