यह राशिफल जन्मकालीन चंद्र राशि पर आधारित है। जिनकी जन्मकालीन राशि ज्ञात नहीं है वे नाम राशि के आधार पर पढ़ सकते हैं।

मेष - यह सप्ताह प्रतिस्पर्धा और चुनौतिपूर्ण है। आर्थिक लेन-देन को लेकर असुविधा सी उत्पन्न होगी। सहयोगी व्यापारियों से कुछ तर्क-वितर्क सम्भावित है। नए संधि या साझेदारी के प्रस्ताव आ सकते हैं या नए लोगों की तलाश करनी होगी। धैर्य व हिम्मत से काम लिया तो विषम परिस्थितियों में भी अपना रास्ता खोज लेंगे। कहीं कोई पुराने लेन-देन को लेकर तीखी वार्ता सम्भावित है। स्वास्थ्य मध्यम रहेगा परंतु कहीं कोई चोट-खरोंच आ सकती है। कुछ प्रभावशाली लोगों से सम्पर्क बढ़ेगा। सरकारी क्षेत्रों से काम-काज बढ़ेगा। कार्य सम्पादन में संसाधन संबंधी कोई असुविधा आ सकती है। कोई मशीन अचानक से खर्चा मांग सकती है। व्यावसायिक रिश्तों में कहीं उलाहना या उपेक्षा सुननी पड़ सकती है। सप्ताहांत अत्यंत कठिन है और धैर्य नहीं रखा तो कोई कलह या दुर्घटना सम्भावित है। दाम्पत्य जीवन में कोई गम्भीर विषय पर लम्बी या निर्णायक चर्चा हो सकती है। यदि नौकरी करते हैं तो कार्य स्थल पर कुछ विरोधी वातावरण उत्पन्न होगा और अनावश्यक आपकी कार्य प्रणाली पर प्रश्न चिह्न आ सकते हैं।

वृषभ - यह सप्ताह विशेष परिणामों वाला है। कोई आपकी चापलूसी करके बड़ा काम करवाने की कोशिश कर सकता है। आपको आत्मशंसा से मुक्त रहना होगा। पिता के स्वास्थ्य में कुछ बाधा आ सकती है अथवा आपके किसी निर्णय पर उनका कुछ विरोध हो सकता है। आपको भूतकाल की स्मृतियों से मुक्त होकर रिश्ते निभाने होंगे। वाणी का तीखापन व्यक्तिगत जीवन को प्रभावित कर सकता है। संतान को लेकर कोई चिंता बनी रहेगी और निराकरण हेतु कुछ अधिक प्रयास करने होंगे, कहीं से सलाह भी लेनी पड़ सकती है। राशि से बारहवें सूर्य, शुक्र और बुध कानूनी बाधा उत्पन्न कर सकते हैं। आप दुस्साहस में या किसी घटना से प्रेरित होकर कोई नैतिक गलती न करें, बच पाना या घटना को गुप्त रख पाना कठिन होगा। कोई पारिवारिक निर्णय जीवनसाथी को पसंद नहीं आएगा, वे आपका खुल कर विरोध कर सकते हैं। किसी कार्य में सहयोग हेतु मित्रगण असहमति प्रकट कर सकते हैं। कोई शत्रु विवाद है तो उसका पटाक्षेप हो सकता है। कर्ज के लेन-देन में थोड़ी कठिनाई अनुभव हो सकती है, समय सीमा वृद्धि की आवश्यकता रहेगी। यदि नौकरी करते हैं तो अपने सम्पूर्ण कौशल का प्रदर्शन व व्यवहार कुशलता दिखाना आवश्यक है।  स्वकीय कार्यों का चतुराई से प्रदर्शन आपके लिए रक्षात्मक और उन्नति कारक हो सकता है।

मिथुन - इस सप्ताह धैर्य और गम्भीरता का प्रयोग सर्वत्र आवश्यक है। घरेलू मामलों में कुछ उलझन और उलाहना सुनना पड़ सकता है। आपका कोई निर्णय कुछ परिजनों की नाराजगी का कारण हो सकता है। संतान का व्यवहार और कार्य-प्रदर्शन कुछ संतोष जनक होने लगेगा। राशि में मंगल चल रहे हैं, निर्णय अनिर्णय के कई अवसर प्रकट हो सकते हैं। क्या करें और क्या नहीं? निश्चय करना कठिन होगा। आपको सुरक्षित और हितकारी मार्ग का चयन आवश्यक है, किसी की नाराजगी के कारण अपना हित त्यागेंगे तो हानि की पूर्ति कठिन होगी। राशि से नवम गुरु कुछ अनुकूल हैं और आपके लाभ और यश की वृद्धि करेंगे। कोई यात्रा  प्रस्तावित है तो उसमें अचानक कोई अवरोध आ सकता है। दैनिक आय बढ़ेगी। पूर्व निर्धारित योजनाओं का क्रियान्वयन कुछ कठिनाइयों के साथ होगा। स्वास्थ्य में कोई छोटी-मोटी बात आ सकती है और दवाएं खानी पड़ सकती हैं। अनावश्यक कोई कलह या विवाद से दूरी रखना आपके लिए उचित है। यदि नौकरी करते हैं तो कार्य में लापरवाही या अनावश्यक विलम्ब न करें, भविष्य में यह नुकसानदेह सिद्ध हो सकता है।

कर्क- इस सप्ताह सावधानी और सूझ-बूझ के साथ कार्य-प्रणाली रखनी होगी। रिश्तों में पारदर्शिता अपनानी होगी, असत्य आचरण लम्बा नहीं चलेगा, आप की झूठ पकड़ी जा सकती है। जीवनसाथी को लेकर कुछ परेशानी हो सकती है, उनका विरोध किसी विषय पर अधिक होगा। यात्रा से अभी परहेज करें, कुछ चोरी या नुकसान हो सकता है। किसी जमीन-जायदाद के मामले में कानूनी अड़चन उत्पन्न हो सकती है, जिसके समाधान के लिए हर नीति प्रयोग में लेनी पड़ेगी। सप्ताह मध्य कुछ अधिक कठिनाई पूर्ण है। किसी भी तरह के निवेश या जोखिम लेने से दूर रहे। कर्ज के लेन-देन को लेकर किसी मध्यस्थ मार्ग को अपनाना उचित होगा। सहकर्मियों या सहयोगियों की चतुराई में फंसने से बचना होगा। विविध बाधाओं व अवरोधों के बावजूद भी आपको परिश्रम उच्च दर्जे का करने पर राहत मिल सकती है। जीवनसाथी को कोई पुरानी स्वास्थ्य समस्या परेशान कर सकती है। किसी के भरोसे न रहकर अपना कार्य स्वयं के दम पर ही पूर्ण करें। यदि नौकरी करते हैं तो अधिकारी वर्ग के विशेष दिशा-निर्देश प्राप्त हो सकते हैं, आपकी जिम्मेदारी बढ़ सकती है।

सिंह - इस सप्ताह परिश्रम की अधिकता और प्रतिस्पर्धा का वातावरण रहेगा। दैनिक आय बढ़ेगी परंतु वाद-विवाद और तर्क-वितर्क भी अधिक रहेंगे। राशि स्वामी सूर्य अब उच्च राशि में हैं, आपके साहस में वृद्धि होगी, सम्पर्क सूत्र बढ़ेंगे। कुछ बड़े लोगों का सहयोग मिलेगा और कार्य-विस्तार में सहायता मिलेगी। आपकी राशि पर गुरु का शुभ प्रभाव है परंतु योग्यजनों से सलाह लेकर काम करेंगे तो सफलता मिलेगी। भूमि-भवन का व्यापार करते हैं तो कुछ अवरोध से रहेंगे। यदि कोई उद्योग चलाते हैं तो सहयोगियों व संसाधनों की कमी अखरेगी। कार्य अवसरों की संख्या अधिक रहेगी परंतु प्राथमिकता के आधार पर कार्य-योजना रखेंगे तो फायदे में रहेंगे। सप्ताह मध्य में सहयोग की याचना पूर्ण हो सकती है। सप्ताहांत कुछ कठिनाई पूर्ण है। निर्णय लेने में अत्यधिक सावधानी और सामथ्र्य का विचार करना होगा। स्वास्थ्य में अब सुधार होगा। जीवनसाथी की अहमियत समझ में आने लगेगी। कोई विवाद चल रहा है तो उसका समाधान हो सकेगा। किसी को मध्यस्थ बना लेना हितकारी रहेगा। यदि नौकरी कर रहे हैं तो कार्य-स्थल पर छल-प्रपंच देखने को मिलेंगे। आपको मोहरा भी बनाया जा सकता है।

कन्या- इस सप्ताह पद-प्रतिष्ठा और मान-सम्मान बनाए रखने का विशेष प्रयास करें। किसी भी कीमत पर और किसी भी प्रकार से अपने कार्य-भार और जिम्मेदारी को पूर्ण करने का प्रयास करें। कुछ बड़े अवसर प्राप्त हो सकते हैं या बड़े लोग कोई प्रस्ताव दे सकते हैं परंतु स्वयं की प्रतिष्ठा और यश की पैरवी आपको करनी होगी। किसी भी नीति विरुद्ध कार्यवाही से स्वयं को दूर रखें और न ही ऐसे किसी कार्य में सहभागी बनें। आपके राशि स्वामी इस समय अस्त चल रहे हैं, इसलिए विश्वासपात्र लोगों की सलाह को नजरंदाज न करें। अपने परिजनों का सहयोग अधिक कल्याणप्रद रहेगा। संतान को कोई कष्ट सम्भावित है अथवा उनकी विशेष चिंता का समाधान खोजना होगा। खर्च पर नियंत्रण करने में कुछ सफलता मिलेगी। दैनिक आमदनी भी बढ़ सकती है। दैनिक रोजगार की वृद्धि हेतु कुछ अतिरिक्त साधन और मार्ग भी अपनाएंगे। कोई नया कर्ज लेने की योजना पर विचार मंथन  हो सकता है। यदि सार्वजनिक और सामाजिक कार्यों में रुचि रखते हैं तो किसी अवसर पर कहीं कोई उलाहना या आक्षेप सहना पड़ सकता है। यदि नौकरी कर रहे हैं तो आपकी कार्य प्रणाली का परीक्षण हो सकता है, कुछ विरोध भी सहना पड़ सकता है।

तुला - यह सप्ताह अर्थव्यवस्था के प्रति अधिक सावधानी और सतर्कता रखने का है। आय बढ़ेगी परंतु अनुपातिक रूप से खर्चा भी बढ़ेगा। साझेदारी और संधि के व्यापार और कार्यों में गति बढ़ेगी और सुधार भी करेंगे। राशि के स्वामी शुक्र अब उदय हो गए हैं। कार्य-व्यवसाय में वातावरण में अनुकूलता खोजेंंगे। नाराज चल रहे लोगों को मनाने व पुन: साथ जोडऩे का प्रयास करेंगे। बृहस्पति अब आपके अनुकूल हैं। कर्ज प्राप्ति में आ रही बाधाओं का समाधान होगा और भुगतान में आसानी प्रतीत होगी। सप्तमेश मंगल राशि से नवम रहकर दूर शहरों या विदेशों से व्यापार को गति प्रदान करने की चेष्टा करेंगे। भूमि-भवन संबंधी व्यापार या कार्य में सावधानी व धैर्य रखना उचित है। जल्दबाजी किसी कलह का कारण हो सकती है। कहीं से रूका हुआ पैसा खण्डित रूप से प्राप्त होने की बात चले तो स्वीकार कर लें, पूरा पाने की जिद्द कष्टकारक रहेगी। अपने स्वास्थ्य और पारिवारिक माहौल को सम्हाले रखना भी आपके लिए चुनौती ही होगी। माता के स्वास्थ्य में कोई कष्ट हो सकता है। यदि नौकरी करते हैं तो परिश्रम की अधिकता और नीतिगत कार्यप्रणाली ही आपके लिए यशवद्र्धक हो सकती है।

वृश्चिक - यह सप्ताह आय वृद्धि हेतु विशेष प्रयासों वाला है। राशि के स्वामी मंगल राशि से अष्टम में हैं, इसलिए किसी भी सूरत में सामथ्र्य के बाहर जाकर कोई निर्णय न लें। गुरु यद्यपि अनुकूल हो गए हैं। कार्यावसरों की वृद्धि करेंगे, आय भी होगी परंतु खर्चा भी पर्याप्त होगा। राशि से छठे कई ग्रह स्थित हैं, इसलिए कर्ज का भुगतान करने में कुछ आसानी रहेगी, कोई नया कर्ज का प्रयास चल रहा है तो उसमें सफलता मिल सकती है। कोई धार्मिक यात्रा या आयोजन कर सकते हैं। सप्तमेश शुक्र अब उदय हो गए हैं। साझेदारी की बातें अब पुन: आरम्भ होंगी, साझेदारी में कोई विवाद चल रहा है तो उसमें समाधान होगा। अन्य शहरों से व्यापार बढ़ेगा। वरीष्ठ लोगों का सहयोग मिलेगा। भाई-बहनों को लेकर कोई चिंता या समस्या उत्पन्न हो सकती है। जीवनसाथी के स्वभाव और स्वास्थ्य में अनुकूलता अनुभव होगी। सप्ताहांत में व्यक्तिगत कोई छोटी-मोटी समस्या आ सकती है, जिसका निराकरण सरलता से हो जाएगा। कार्य-व्यवसाय में अवरोध रहेंगे परंतु गति बनी रहेगी। संतान के संबंध में कोई विशेष निर्णय उनकी उन्नति व शिक्षा को लेकर हो सकता है। दैनिक रोजी कमाने वालों को कुछ अतिरिक्त विषय जोडऩे में सफलता मिलेगी और आय भी बढ़ेगी। यदि नौकरी करते हैं तो कार्यों की प्रसंशा होगी, अतिरिक्त जिम्मेदारी मिलेगी।

धनु - यह सप्ताह अपनी कार्य प्रणाली और कार्य-योजना में सुधार करने वाला है। पूर्व में हो चुकी व चल रही कमियों या गलतियों को सुधारने का प्रयास करेंगे। आवश्यक संसाधनों की प्राप्ति का निर्णय लेंगे और सहयोगियों का भी योग्यतानुरूप चयन करेंगे। यह सप्ताह परिश्रम पूर्ण है। यात्राओं की अधिकता रहेगी। कार्य-स्थल पर किसी से तीखी वार्ता सम्भावित है और धैर्य व शांति से ही मसले को सम्हालना होगा। संतान की उन्नति का समय है, वे कुछ अच्छा करेंगे, जिससे आपको संतोष मिलेगा। आय वृद्धि के प्रयासों में सफलता मिलेगी, आवश्यक लोगों का सहयोग बढ़ेगा। लोगों का आप पर और आपकी संस्था पर विश्वास बढ़ेगा। वे आपकी बात पर निवेश करने की सहमति दे सकते हैं। कोई महत्वपूर्ण योजना का परिणाम प्राप्त हो सकता है। जीवनसाथी के साथ कोई कटु-वार्ता हो सकती है, वे आपकी किसी इच्छा को अस्वीकार भी कर सकते हैं। क्रोध व आवेश पर नियंत्रण रखना आपके लिए चुनौती होगी। घरेलू मामलों में न उलझकर कार्य में व्यस्त रहेंगे तो अनावश्यक विवाद से व चिंता से सुरक्षित रहेंगे। राशि के स्वामी गुरु अब मित्र नवांश में हैं, इसलिए यह सप्ताह सम्पर्कों का लाभ लेने के लिए उत्तम है। यदि नौकरी कर रहे हैं तो कार्य-प्रणाली में चातुर्य और तकनीकी प्रयोग बढ़ाकर लाभ लिया जा सकता है।

मकर - यह सप्ताह आपके लिए प्रभावोत्पादक है। आपके कार्यों को यश मिलेगा। कुछ नया और विशेष करने को मन करेगा। अपने वाक्-कौशल का प्रयोग करके अधिक सफलता प्राप्त कर सकते हैं। जमीन-जायदाद के कार्यों में कोई कानूनी अड़चन आ सकती है, सावधानी विशेष रखनी होगी। कर्ज के लेन-देन में कोई असुविधा हो सकती है। शत्रु विवाद में सफलता मिल सकती है। पिता के द्वारा सहयोग या मदद मिल सकती है। जीवनसाथी की कोई जांच करवानी पड़ सकती है। कोई अल्पावधि का ऋण लेने पर विचार कर सकते हैं। राशि स्वामी शनि बुध के नवांश में चल रहे हैं और आप प्रतिस्पर्धा की दौड़ में आगे निकलने को प्रेरित रहेंगे। इस सप्ताह घर-परिवार में खर्चा कुछ विशेष होगा। कार्य तंत्र को मजबूत करेंगे और तकनीकी प्रयोग को बढ़ाने हेतु कुछ नए संयंत्रों की खरीद पर विचार कर सकते हैं। कर्मचारियों को लेकर कोई पुनर्विचार करना पड़ सकता है। किसी कर्मचारी को अतिरिक्त सहायता या मदद देनी पड़ सकती है। राशि से भाग्येश बुध अभी अस्त हैं, इसलिए किसी के भरोसे न रहकर स्वयं के भरोसे अधिक रहे। यदि नौकरी कर रहे हैं तो कार्यभार अधिक रहेगा, कुछ घरेलू समस्याएं भी रहेंगी।

कुंभ - इस सप्ताह दोहरी जिम्मेदारी निभानी पड़ेगी। स्वास्थ्य में कोई उदर-विकार कुछ परेशान कर सकता है। आर्थिक दबाव को कम करने में सफलता मिलेगी। कार्य-वृद्धि का और सम्पर्कों का लाभ लेने का समय है। कार्यावसरों की अधिकता रहेगी। लोगों से बुद्धि-विवेक पूर्वक कार्य करवाना होगा। राशि से तीसरे सूर्य उच्च राशि में हैं, सरकारी लोगों का सहयोग मिलेगा। सरकारी क्षेत्रों से लाभ हो सकता है। कोई अंतिम क्षण पर सहयोग के लिए असहमति प्रकट कर सकता है, इसलिए कोई अन्य विकल्प भी तैयार रखें। वरीष्ठ लोगों का सहयोग मिलेगा। कार्य-प्रणाली के दोष निवारण हेतु योग्य सलाहकारों की मदद लेना हितकारी होगा। सप्ताहारंभ में राशि से अष्टम चंद्र कर्ज संबंधी मामलों में कुछ बाधा या विवाद उत्पन्न कर सकते हैं। आपको घटनाक्रम को टालने में ही फायदा है। सप्ताह मध्य में किसी कार्यावसर में परिवर्तन के कारण कार्य-योजना में परिवर्तन करना पड़ सकता है। पंचमेश बुध अस्त चल रहे हैं। संतान को लेकर कोई चिंता हो सकती है, उनको पुन: निर्देशित करना पड़ सकता है।  यदि नौकरी करते हैं तो योग्यता व साहस का प्रदर्शन आवश्यक है, अपनी कार्य-योजना को लक्ष्य निर्धारित रखना होगा।

मीन - यह सप्ताह परिश्रम साध्य और थकान भरा रहेगा। घरेलू माहौल थोड़ा गर्म रहेगा। परिजनों के मध्य सेतु की भूमिका अदा करनी होगी। व्यावसायिक यात्रा में सफलता मिल सकती है। धन-प्रबंध में सरलता रहेगी, कोई निवेश भी कर सकते हैं। किसी भुगतान को लेकर कोई कहा-सुनी का अवसर आ सकता है। वाणी पर संयम इस सप्ताह की विशेष आवश्यकता है  अन्यथा पद-प्रतिष्ठा पर कोई चोट पहुंच सकती है। साझेदारी के कार्यों में कोई पुनर्विचार करना पड़ सकता है। जीवनसाथी अपनी शर्त प्रस्तुत कर सकते हैं। उद्योग धंधों में गति बढ़ेगी। खुदरा व्यापार करने वालों को उधार की समस्या हो सकती है। दैनिक खर्चों पर नियंत्रण करने की कोशिश करके बचत का स्तर बढ़ाने पर विचार कर सकते हैं। किसी छद्म या गोपनीय मार्ग से आय प्राप्त हो सकती है। ऊपरी आय बढ़ेगी। स्वास्थ्य में कोई बाधा आ सकती है, जिसका समाधान थोड़ी देर से होगा। कोई पारिवारिक बड़ा निर्णय लेना पड़ सकता है। कहीं अनावश्यक रूप से कोई कमीशन भी देना पड़ सकता है। यदि नौकरी करते हैं तो परस्पर सहयोग ले-देकर अपना काम निकालने में ही फायदा है।