यह राशिफल जन्मकालीन चंद्र राशि पर आधारित है। जिनकी जन्मकालीन राशि ज्ञात नहीं है वे नाम राशि के आधार पर पढ़ सकते हैं।

मेष - यह सप्ताह क्रियाशीलता पूर्ण है। राशि स्वामी मंगल नीच राशि में हैं, शुक्र व शनि से प्रभावित भी हैं। अपनी संगति का विशेष ध्यान रखें और किसी के प्रेरित करने से कोई गलत निर्णय न लेवें। सप्ताहारंभ में कार्य-व्यवसाय संबंधी कोई चुनौती सी रहेगी, जिसे अधिक श्रम से ही काबू में लिया जा सकेगा। उद्योग चलाते हैं तो अपने उत्पाद के वितरण पर और निर्माण प्रक्रिया में खर्च को कम करने की सोचेंगे। कोई सम्पत्ति का फेर बदल करेंगे या उसके रख-रखाव पर खर्चा करेंगे। घर-परिवार में माहौल को सुधारने की चेष्टा करेंगे और परिजनों के साथ सामंजस्य बनाने का प्रयास करेंगे। राशि से दशम में शनि और एकादश में गुरु अभी वक्री हैं। व्यापारिक और व्यावसायिक गतिविधियों में आर्थिक असंतुलन सा उत्पन्न हो सकता है, बाहर से अधिक प्राप्ति की उम्मीद न रखकर अपने सामर्थ्य के सदुपयोग से परिस्थिति को सम्भालेंगे तो उचित होगा। स्वास्थ्य में कोई छोटी-मोटी समस्या रह सकती है। अन्य शहर या विदेश से व्यापारिक संबंध लाभकारी हो सकते हैं। इन दिनों झूठ से परहेज करें, आपकी झूठ आप पर ही भारी पड़ सकती है। यदि नौकरी करते हैं तो किसी भी कार्य को कल पर न टालें, इससे आपकी प्रतिष्ठा प्रभावित हो सकती है।

वृषभ - इस सप्ताह विवादित परिस्थितियाँ आपके दाएं-बाएं बनी रहेंगी। सूझ-बूझ से अपना काम निकालने में विश्वास करें। केवल अपने काम से और हित से ही मतलब रखें। स्वास्थ्य में सुधार होगा, पुरानी किसी समस्या का हल निकाल लेंगे। पिता की तरफ से कोई रोक-टोक सम्भावित है, उन्हें सत्य से अवगत करना ही सर्वोत्तम विकल्प होगा। किसी के साथ मिलकर काम करने या साझेदारी के लिए आपको कुछ अतिरिक्त प्रयास करने होंगे और किसी उच्च सम्पर्क की मदद लेनी होगी। राशि स्वामी शुक्र अब वक्री शनि के दृष्टि प्रभाव में हैं। अपनी कुछ गलत आदतों पर नियंत्रण नहीं रखा तो धन और सम्मान दोनों की हानि हो सकती है। हर प्रकार के कार्य हेतु नीति प्रयोग आवश्यक है। सरकारी सम्पर्कों या क्षेत्रों से लाभ हो सकता है। कार्य-प्रणाली में कोई तात्कालिक परिवर्तन आवश्यक है। कोई बड़ा कार्यावसर स्थगित हो सकता है। प्रॉपर्टी का व्यवसाय करते हैं तो कार्य में गति बढ़ेगी और लाभ भी होगा। सलाहकार वर्ग को कुछ कठिनाई सी रहेगी। केवल लागत को कम करके लाभ का प्रतिशत बढ़ाया जा सकता है। किसी भी छल-प्रपंच से दूर रहें, आरोप आ सकता है। नौकरी पेशा हैं तो अधिकारियों की आपसे अपेक्षाएं बढ़ जाएंगी, वे आपका अतिरिक्त लाभ लेना चाहेंगे, श्रम की अधिकता रहेगी।

मिथुन - यह सप्ताह अतिनियंत्रित कार्य-व्यवहार अपनाने का है। भावनाओं के आवेश में जरा सी चूक आप पर आक्षेप ला सकती है। रिश्तेदारी में परिजनों से मिलने का अवसर मिलेगा। स्वास्थ्य में आराम मिलेगा, लेकिन दौड़-भाग अधिक होगी। जहां कहीं जाएंगे वहां भी व्यावसायिक व्यस्तता रह सकती है। अपनी कार्य-योजना सशक्त करना आवश्यक है। इस सप्ताह आमदनी कम परंतु खर्चा कुछ विशेष है। रिश्तेदारी में अपनी मूल छवि को सुधारने का प्रयास करना होगा। आपकी राशि में सूर्य हैं और गुुरु से दृष्ट हैं। आप सकारात्मक सोच और दृष्टिकोण से विषम परिस्थिति को नियंत्रण में ले सकते हैं। किसी को भी उलाहना देने से बचें। आय के नूतन अवसर प्राप्त होंगे लेकिन कुछ पुराने तय अवसरों को भी निभाना ही होगा, अन्यथा कोई कार्य-कुशलता संबंधी आक्षेप आ सकते हैं। अपनी घर की सुरक्षित पूंजी बचाकर रखें, किसी भी आशा में बड़ा खर्च या निवेश करने की गलती न करें। स्वास्थ्य का पाया मध्यम रहेगा, लेकिन मानसिक कुण्ठा का त्याग कर, सहज व्यवहार रखें। अनावश्यक किसी पर दोषारोपण न करें, यह आप पर ही भारी पड़ेगा। व्यावसायिक यात्रा का सुखद परिणाम आ जाएगा। अभी कार्य-नीति को स्पष्ट और संदेह व कल्पनालोक से बाहर यथार्थ में निर्णय करना उचित है। नौकरी पेशा हैं तो कार्यभार की अधिकता रहेगी।

कर्क- यह सप्ताह कार्य-व्यवसाय में वृद्धि हेतु सशक्त योजना निर्माण करके निर्णय लेना वाला है। आपकी महत्वाकांक्षाएं और आवश्यकताएं दोनों ही अधिक रहेंगी। कोई भी कार्य नीति-विरुद्ध तरीके से न करें। शेयर-सट्टे में निवेश से अभी दूर रहें। कर्ज के निस्तारण का प्रयास करेंगे, कोई बाहरी मदद लेने का अभी उचित समय नहीं, कोई आपको बाध्य कर सकता है। जीवनसाथी को कोई कष्ट सम्भावित है या उनसे कोई मतभेद हो सकता है। साझेदारी के व्यापार में कोई योजनागत परिवर्तन कर लागत को कम करने का प्रयास करेंगे। इन दिनों उच्चाधिकारियों या सरकारी कार्यालयों के चक्कर अधिक लगाने पड़ सकते हैं। कोई उदर-विकार परेशान कर सकता है। किसी सम्पत्ति पर कोई खतरा उत्पन्न हो सकता है। माता के स्वास्थ्य की चिंता हो सकती है। घर-परिवार में कोई विवाद तूल पकड़ सकता है। मित्रों के साथ समय निभाने का अवसर आ सकता है। मित्रों से अपना सुख-दुःख साझा कर कोई समाधान प्राप्त करेंगे। किसी बुरी आदत का दुष्परिणाम भोगना पड़ सकता है। संसाधनों पर कुछ खर्चा करेंगे, कुछ कर्मचारियों या सहयोगियों में परिवर्तन करेंगे। नौकरी करते हैं तो कुछ सख्त निर्देश मिल सकते हैं।

सिंह - इस सप्ताह अर्थ-प्रबंधन में सावधानी बरतनी होगी। कर्ज संबंधी किसी मामले में विवादित स्थिति उत्पन्न हो सकती है। कर्ज प्राप्ति में कुछ बाधाओं का सामना हो सकता है। व्यापार में प्रतिस्पर्द्धा सी रहेगी। न्यूनतम मुनाफे के साथ काम करना होगा। साझेदारी में कोई नीतिगत परिवर्तन सम्भावित है। इस सप्ताह आपका हर प्रयास आय-वृद्धि पर केन्दि्रत होगा। स्वास्थ्य में कुछ ऊंच-नीच सम्भावित है। निवारण भी कष्ट साध्य होगा। व्यावसायिक बजट का निरीक्षण कर उसे नया रूप देने की कोशिश करेंगे। कोई व्यावसायिक यात्रा प्रस्तावित हो सकती है। अष्टमेश गुरु की युति द्वादशेश चंद्रमा से सप्ताह मध्य में किसी नुकसान का संकेत दे रही है। सवाधानी से रक्षा हो सकती है। जीवनसाथी का सहयोग  मिलेगा परंतु आपको उनका मत स्वीकार करना होगा। यह सप्ताह कुछ कठिनाई पूर्ण है। हर कार्य में कुछ न कुछ अवरोध से रहेंगे, स्वविवेक से इनका निवारण उत्तम हो सकेगा। विवादों से जितना बचें, उतना ही उचित है। कार्य-व्यवसाय में कुछ नए विषयों को जोड़कर आय बढ़ाने की कोशिश सफल हो सकती है। भौतिक संसाधनों व सुविधाओं पर खर्चा होगा। अपनी सुविधा का विस्तार करेंगे। जोड़-तोड़ की नीति सफल रहेगी। नौकरी में तात्कालिक स्थिति से निपटने हेतु तिकड़म लगानी पड़ेगी।

कन्या - इस सप्ताह अपनी पद-प्रतिष्ठा और सम्मान की रक्षा हेतु विशेष कार्य-कौशल प्रकट करना होगा। आय के संबंध में कोई तीखी-वार्ता सम्भावित है। आपके साक्ष्य और प्रमाण जितने मजबूत होंगे, उतना ही फायदा होगा। सरकारी किसी आपत्ति का समाधान निकालना होगा। जीवनसाथी की कुछ नाराजगी झेलनी पड़ सकती है। अपनी रक्षा या बचाव हेतु झूठ का सहारा न लें, अपितु  तात्कालिक हानि-लाभ की चिंता त्याग समाधान की तरफ बढ़े। संतान को कोई कष्ट सम्भावित है और उसके लिए कोई विशेष योजना बनानी होगी, किसी से सलाह लेनी होगी। संतान का व्यवहार भी असंतुष्ट सा देखने को मिलेगा। कर्ज का कुछ दबाव सा रहेगा और कोई नया कर्ज लेने की सोचेंगे। नए साझेदार खोजे जा सकते हैं। कोई साथ मिलकर काम करने का प्रस्ताव दे सकता है, यह आपके लिए शुभ होगा। राशि से दशम सूर्य पर गुरु का प्रभाव, अनुभवी लोगों की सलाह प्राप्त करा सकता है। किसी भी तरह की यात्रा को टाल देना अभी आवश्यक  है। उचित परिणाम में संदेह है। अध्ययन-अध्यापन के कार्य में कुछ बाधा आ सकती है। इस सप्ताह कई बाधाओं व खर्चों के बावजूद तात्कालिक आय का प्रयास सफल हो सकता है। नौकरी करते हैं तो अधिकारी या वरीष्ठजनों की इच्छानुरूप कार्य-प्रणाली रखनी होगी।

तुला- इस सप्ताह अचानक से खर्च बढ़ जाएगा। कोई बड़ा निवेश कर सकते हैं। किसी वाहन में परिवर्तन की सोच सकते हैं। किसी सम्पत्ति के रख-रखाव की योजना बना सकते हैं। यह सप्ताह अतिव्यस्ततम और थकानपूर्ण है। कुछ लोगों का सहयोग और मदद लेनी ही होगी। घर-परिवार के माहौल में अभी अपनी ऊर्जा नष्ट न करें। सामाजिक कार्यों में रुचि बढ़ेगी। कहीं मान-सम्मान भी मिलेगा। कार्य-व्यवसाय में संसाधनों की वृद्धि कर गति को विस्तार देंगे। व्यापारिक विस्तार हेतु किसी संस्था की मदद ले सकते हैं। अपनी योग्यता व सामर्थ्य को बढ़ाएंगे। कुछ नया सीखेंगे। प्रतिस्पर्द्धा या परीक्षा के दबाव को कम करने हेतु अपनी जीवनचर्या में कुछ परिवर्तन करेंगे। कोई अचल सम्पत्ति पर विवाद उत्पन्न हो सकता है। जीवनसाथी के मत का सम्मान करेंगे। साझेदारी के व्यापार में कुछ ऊंच-नीच हो सकती है। अपनी निजी आवश्यकताओं की नियंत्रित रखें, अभी भावनाओं में बहना उचित नहीं। इस समय चहुंओर कुछ जटिलताएं हैं, जिनका सूझ-बूझ  और उचित सलाह से समाधान आवश्यक है। इन दिनों मनोबल के विकास व मानसिक शांति हेतु कुछ विशेष पूजा-पाठ आपको करना चाहिए। नौकरी करते हैं तो सहकर्मियों से मन-मुटाव हो सकता है। कोई आपके साथ धोखा भी कर सकता है।

वृश्चिक- यह सप्ताह थोड़ा संघर्षपूर्ण है। छोटे से काम के लिए भी पुरजोर प्रयास करने होंगे। एक तरफ कार्यभार की अधिकता रहेगी, वहीं दूसरी तरफ स्वास्थ्य में कमजोरी सी अनुभव करेंगे। लोगों से ईर्ष्या या द्वेष न रखें, वे अभी आपके प्रति थोड़ा नकारात्मक ही रहेंगे। अभी प्रतिकार का उचित समय नहीं। सहज कार्य-व्यवहार रखना उचित है। मानसिक उद्वेग को नियंत्रित रखें, नहीं तो कोई संबंध बिगड़ सकता है या कोई हानि हो सकती है। शेयर-सट्टा में जोखिम न लें। कर्ज के संबंध में कोई नया जोखिम न लें। किसी सरकारी समस्या का सामना करना पड़ सकता है। किसी प्रियजन की सहानुभूति व मदद मिल सकती है। किसी बुजुर्ग रिश्तेदार के स्वास्थ्य पर संकट आ सकता है। इस सप्ताह खर्च कुछ विशेष होगा। मित्रों के साथ कोई कटु अनुभव हो सकता है। कार्य-प्रणाली में नैतिक मार्ग का त्याग न करें, कोई बाधा आ सकती है। चौथे बृहस्पति वक्री हैं, कोई भूमि-भवन का विक्रय करेंगे या उस पर खर्चा करेंगे। कोई प्रेम प्रसंग परेशानी का कारण बन सकता है। कोई असहयोग का प्रभाव आपकी योजना को विफल कर सकता है, इसलिए अतिरिक्त विकल्प भी तैयार रखने होंगे। नौकरी पेशा हैं तो अपनी आमदनी में वृद्धि की सोचेंगे और प्रयास करेंगे तो सफलता भी मिलेगी।

धनु - इस सप्ताह वाणी का प्रयोग सावधानी पूर्वक करना होगा। आपके शब्दों से आहत होकर कोई आपका विरोध कर सकता है या बाधा उत्पन्न कर सकता है। राशि के स्वामी गुरु अभी धनु नवांश में वक्री हैं, आपको समझौता और सामंजस्य का नीतिपूर्ण आचरण रखना होगा, तभी कार्यों में सफलता मिलेगी। कोई चोट-खरोंच ना लगे, सो व्यवहार में सावधानी रखें। कोई सहयोगी या मित्र आपकी मदद के लिए तैयार हो सकता है। परिवार में सुख-शांति रहेगी। विवाद समाप्त होंगे। आर्थिक अव्यवस्था को साधने हेतु कोई तात्कालिक प्रबंध करेंगे। कुटुम्ब में किसी बुजुर्ग के स्वास्थ्य पर संकट आ सकता है। यात्रा प्रस्तावित हो सकती है। जीवनसाथी का स्वभाव थोड़ा सख्त अनुभव होगा। उनकी कोई जिद्द आपको चिंतित कर सकती है। षष्ठेश शुक्र अभी अष्टम में मंगल के साथ हैं। आचरण में सरलता रखें, मौज-मस्ती भारी पड़ सकती है। अनावश्यक कोई विवाद उत्पन्न होगा, जिसका समाधान किसी के माध्यम से हो जायेगा। आपका प्रभाव बढ़ेगा, निर्णयों की प्रशंसा होगी, लोग आपकी बात और राय को सुनना मजबूरी में पसंद करेंगे। व्यावसायिक कार्यों से कुछ धन प्रबंध करना होगा। हर तरफ से सचेत रहना होगा, जरा सी लापवाही या आलस्य हानि का कारण हो सकता है। नौकरीपेशा हैं तो यश हेतु कूटनीति प्रयोग में लेनी होगी।

मकर - यह सप्ताह चुनौतिपूर्ण है। पारिवारिक रिश्तों को बुुद्धि से निभाना होगा। व्यावसायिक कार्यों में अवरोध रहेंगे, कार्य संपादन के हर-संभव प्रयास आवश्यक है। यह समय कोई भी रिश्ता बिगाड़ने का नहीं। स्वयं की आदतों या प्रमाद को नियंत्रित किए बिना सफलता नहीं मिलेगी, ध्यान रखें। यदि किसी भरोसे कोई कार्य छोड़ेंगे तो विफलता ही मिलेगी। लोगों से काम लें परन्तु निरीक्षण स्वयं करें। कोई शल्य क्रिया प्रस्तावित है तो हो सकती है। जीवन साथी की तरफ से कोई चिंता उत्पन्न हो सकती है। शत्रु विवाद में राहत मिलेगी। अचानक धन-प्राप्ति से कुछ राहत अनुभव करेंगे। व्यापार में गतिशीलता में तकनीकी बाधा आ सकती है। कार्य-तंत्र की कुछ बारीकियों को स्वयं सीखने की चेष्टा हितकारी होगी। भाई-बहिनों के व्यवहार से कुछ खिन्नता का अनुभव हो सकता है। प्रेम-संबंध कलह का कारण हो सकते हैं या किसी छल व टकरार की संभावना है। स्वयं किसी कार्य के प्रति बाध्य महसूस करेंगे। यह सप्ताह वाणी के कौशल को काम में लेने का है। प्रशंसा दुश्मन को भी सहयोगी बना सकती है, ध्यान रखें। इस समय आवश्यक लोगों का गुणगान करें। नौकरी करते हैं तो थोड़ी चापलूस प्रवृत्ति अपनानी होगी, तभी आपका काम बनेगा।

कुम्भ - यह सप्ताह आर्थिक उलझन उत्पन्न करने वाला है। अचानक से खर्चा बढ़ जायेगा। यद्यपि कहीं से आमदनी भी होगी परन्तु सप्ताह मध्य तक कठिनाई रहेगी। कर्ज के लेन-देन में कोई असुविधा सी रहेगी, कहीं तीखी वार्ता भी हो सकती है। राशि स्वामी वक्री हैं और राशि में स्थित गुरु भी वक्री हैं। कुछ योजनाओं पर पुनर्विचार करना होगा, संभावित परिवर्तन भी हानि-लाभ से परे रहकर करने होंगे। किसी यात्रा में कोई नुकसान हो सकता है। कोई शत्रु विवाद थोड़ी परेशानी का कारण बन सकता है, कुछ धन का नुकसान भी सहना पड़ सकता है। सामाजिक कार्यों में कुछ व्यवस्तता हो सकती है, सामाजिक संपर्कों का व्यावसायिक लाभ ले सकते हैं। व्यापारिक प्रतिस्पर्द्धा को जीतने हेतु कोई नया निर्णय लेंगे। संतान के व्यवहार से मन में क्षोभ हो सकता है। वे अपनी किसी जिद्द के लिए आपको बाध्य कर सकते हैं। जीवन साथी का व्यवहार आपके पक्ष में रहेगा। बाहर शहरों या विदेशों से आय हो सकती है। लापवाही न बरतें, कहीं चोरी या नुकसान की संभावना है। अपने ताले चैक करके रहें। परिवार के साथ किसी समारोह में जा सकते हैं। नौकरी करते हैं तो अपना काम जिम्मेदारी से करें परन्तु सहकर्मियों पर भी ध्यान रखें वे आपसे आगे निकलने हेतु कोई प्रपंच कर सकते हैं।

मीन - यह सप्ताह पूर्व में की गई गलतियों को सुधारने वाला है। नाराज लोगों को मनाने का प्रयास करेंगे। अपनी भूल के लिए कहीं क्षमा-याचना भी करेंगे। अपनी आय वृद्धि के लिए थोड़ा सख्त व्यवहार अपनाना होगा। व्यापार में रिश्तों की कोई अहमियत नहीं होती, यह ध्यान रखें। धार्मिक कार्यों में खर्चा होगा। कोई पुराना संकल्प पूर्ण करेंगे। संतान की दीर्घायु या शिक्षा के लिए कोई धार्मिक कार्यक्रम करने का विचार करेंगे। किसी निजी संबंधी की आर्थिक मदद करनी पड़ सकती है। राशि से चौथे सूर्य किसी सरकारी काम में अड़चन ला सकते हैं। सफलता हेतु कोई गोपनीय मार्ग अपनाना होगा। नौकरी करते हैं तो अधिकारी वर्ग का सहयोग या समर्थन प्राप्त कर, जिम्मेदारी निर्वाह करनी होगी। दैनिक आमदनी बढ़ेगी, परन्तु खर्चा भी खूब होगा। विद्यार्थियों के लिए कठिन समय है, उन्हें कुछ बाधाओं का सामना करना होगा। परिजनों का कुछ उलाहना भी सुनना होगा। जिन्हें नौकरी की तलाश है उन्हें काम मिल सकता है। विदेश व्यापार करते हैं तो नये विषय जोड़ेंगे और कम मुनाफे पर व्यापार की रणनीति बनाएंगे। स्वास्थ्य मध्यम रहेगा लेकिन संतान को कुछ कष्ट संभावित है। कहीं पर अपेक्षित भुगतान अटक सकता है।