साप्ताहिक राशिफल, पं. अशोक दीक्षित

दिनांक - 29 अगस्त से 04 सितम्बर, 2021

यह राशिफल जन्मकालीन चंद्र राशि पर आधारित है। जिनकी जन्मकालीन राशि ज्ञात नहीं है वे नाम राशि के आधार पर पढ़ सकते हैं।

मेष- यह सप्ताह उमंग और उत्साह से परिपूर्ण है। योग्यता प्रदर्शन का अवसर प्राप्त होगा। यदि चतुराई से काम लिया तो अपनी आय में बढ़ोत्तरी कर सकते हैं। परिजनों के संबंध में कुछ संशय और असामंजस्य उत्पन्न हो सकता है। अभी आपको इन सब में न उलझकर व्यापार-व्यवसाय पर और अपनी योजनाओं के क्रियान्वयन पर अधिक ध्यान देना चाहिए। मित्रों से तालमेल अच्छा रहेगा। परस्पर सहयोग लेन-देन का व्यवहार अपनाना होगा। किसी पारिवारिक सम्पत्ति को लेकर कुछ मतभेद हो सकते हैं। व्यावसायिक विस्तार के क्रम में किसी मध्यस्थ की नीति को समझकर फेरबदल अतिआवश्यक है। कर्ज प्राप्ति में आ रही बाधा का निराकरण सम्भव है। शारीरिक स्वास्थ्य में सुधार होगा परंतु सप्ताहांत में कोई मानसिक चिंता उत्पन्न हो सकती है, जिसमें धैर्य से काम लेना आवश्यक है। महिलाओं के लिए यह सप्ताह कुछ खास है, अपनी मनोव्यथा या विचारों को साझा करने में पात्रता का ध्यान रखें, वरना उपहास के पात्र हो सकते हैं। किसी महत्वाकांक्षा को सीधे प्रकट करेंगे तो विरोध होगा, सो बात को घुमा-फिराकर प्रस्तुत करें।

वृषभ - इस सप्ताह आय-व्यय के अनुपात को समायोजित करने का प्रयास करेंगे। समझदारी इसी में होगी कि किसी खर्चे को नियंत्रित कर लें, या स्थगित कर दें। व्यावसायिक गतिविधियों में कोई उलझन सी रहेगी, आप चाहकर भी पूरा ध्यान नहीं दे सकेंगे। इन दिनों कुछ राहत पाने का प्रयास करेंगे। परिजनों के साथ समय व्यतीत करेंगे और उनके साथ कोई मनोरंजक कार्यक्रम बनाने की सोचेंगे। कोई संशय मन में चल रहा है, उसका पटाक्षेप करने की कोशिश करेंगे। राशि स्वामी अभी नीच राशि में हैं। अभी कोई बड़ा निर्णय लेने का उचित समय नहीं। स्वयं पर ही विश्वास में कमी महसूस होगी। किसी सम्पत्ति विवाद में कानूनी अड़चन को हल्के में न लें, अपितु उसके निदान का प्रयास करें। किसी व्यावसायिक संबंध में कोई असामंजस्य उत्पन्न होगा और आप हानि-लाभ की परवाह किए बिना उसे निपटाने का प्रयास करेंगे। महिलाओं के लिए यह सप्ताह उद्वेग पूर्ण है। व्यक्तिगत रूप से किन्हीं लोगों के व्यवहार से आहत होंगे। कार्यों में थोड़ी अरुचि रहेगी, ऐसा लगेगा, जैसे लोग आपकी भावनाओं को नहीं समझ रहे।

मिथुन- यह सप्ताह व्यस्ततम और दौड़-भाग वाला है। निर्णय लेते समय संशय और अविश्वास सा रहेगा। आमदनी सीमित होगी परंतु खर्चा अपेक्षाकृत अधिक होगा। खर्चीली यात्रा सम्भावित है। सप्ताह का पूर्वार्द्ध कुछ जटिल है, इस समय वाक्-चातुर्य का प्रयोग करें। भावावेश में वाणी को कमजोर न होने दें, वरना रिश्तों में खटास अनुभव होगी। सप्ताह मध्य के उपरांत कुछ राहत मिलेगी। व्यापार का नया अवसर प्राप्त होगा, अपनी व्यावसायिक तैयारी बुद्धिमानी से करनी होगी। किसी कमजोर साथी का चयन आक्षेप का कारण बन सकता है। व्यावसायिक मामलों में अपनी योजना व आर्थिक नीति को स्पष्ट करके चलना होगा। किसी नए यंत्र या उपयोगी मशीन की खरीद कर सकते हैं। स्वास्थ्य में सुधार होगा। परिजनों के स्वास्थ्य में भी सुधार होगा। व्यक्तिगत रिश्ते थोड़े से तनावपूर्ण रह सकते हैं। व्यावसायिक अवसर पर स्वीकृति या अस्वीकृति विचार करके ही प्रकट करें। महिलाओं के लिए यह सप्ताह अनावश्यक उलाहना देने वाला है। मर्जी के बिना भी कोई यात्रा या कार्य करना पड़ेगा। परिजनों के व्यवहार की चिंता न करना अनुचित होगा। कार्यक्षेत्र में पारिवारिक माहौल का असर न आने दें, अन्यथा उपहास होगा।

कर्क- यह सप्ताह अत्यंत सावधानी व सतर्कता के साथ कार्य करना होगा। अपनी सामर्थ्य का गलत आकलन हानिकारक सिद्ध हो सकता है। किसी भी कार्य में लापरवाही या किसी पर अत्यधिक भरोसा हानिकारक सिद्ध हो सकता है। आलस्य और प्रमाद क्लेश का कारण हो सकता है। व्यक्तिगत यात्रा का सीमित परिणाम मिलेगा। यह समय कार्य तंत्र व कार्य प्रणाली को व्यस्थित करने वाला है, यदि चूक हुई तो आक्षेप आ सकते हैं। दाम्पत्य जीवन में शांति व धैर्य से काम लेना होगा। इन दिनों क्रोध व आवेश को पीकर वाणी का संतुलन बनाए रखना होगा, अन्यथा कलह या विवाद के अवसर आपके आस-पास मौजूद रहेंगे। नैतिक आचरण की शुद्धता का ध्यान रखें, वरना अपमान हो सकता है। साथ ही व्यापार का अनुचित मार्ग न अपनाएं, आर्थिक जोखिम न लें। महिलाओं को स्वास्थ्य का ध्यान रखना होगा। व्यक्तिगत किसी के प्रति कड़वाहट को प्रकट करने की अपेक्षा उनको परखने या आजमाने की कोशिश करें।

सिंह - यह सप्ताह क्रियात्मक है। योजनाओं के क्रियान्वयन का उचित समय है। सहयोगियों या साझेदारों के चयन में पूर्वानुभव को नजरंदाज न करें। व्यावसायिक यात्रा का अनुकूल परिणाम आ सकता है। व्यावसायिक असंतुलन को साधने का प्रयास करेंगे और किसी षड़यंत्र या प्रपंच को पकड़ लेंगे और सुधार करेंगे। शत्रु-विवादों में सफलता मिलेगी। किसी के द्वारा आपकी झूठी शिकायत हो सकती है, ऐसे में अपनी कार्य-योजना  व कार्य पद्धति के साक्ष्य सुरक्षित रखने होंगे। किसी महत्वपूर्ण कार्य हेतु किसी पर भी भरोसा न करें। आमदनी में वृद्धि होगी, आवश्यक कार्य पूर्ण करेंगे। कहीं निवेश भी कर सकते हैं। सप्ताहांत थोड़ा कठिन है, कुछ अर्थ-प्रबंध भी करना पड़ सकता है। कर्ज के मामलों में धीरज से काम लें। जल्दबाजी या मजबूरी में निर्णय न करें। केवल आश्वासन के भरोसे कोई निर्णय न करें। सुनी-सुनाई बातों पर विश्वास कर, कोई प्रतिक्रिया न दें। मीठे बोलने वालों से सावधान रहें, किसी के उकसाने पर लिया गया निर्णय भारी पड़ेगा। महिलाओं के लिए स्वाभाविक आवेश हानिकारक हो सकता है। कार्य-सम्पादन उच्चकोटि का रहेगा। लोगों से सहयोग मिलेगा।

कन्या - इस सप्ताह जो भी करें, सोच-समझकर करें। परिस्थितियाँ सदैव एक  समान नहीं रहती, इसका ध्यान रखें। मजबूरीवश कोई अनुचित निर्णय न करें, न ही कोई कर्ज लें। स्वास्थ्य के प्रति लापरवाही कष्टदायक हो सकती है। केवल अपने दम पर ही कोई जोखिम लेवें। किसी के आश्वासन या स्वीकृति को पूर्ण न मानें। विवादित मामले चाहें अपने हों या पराए उनसे दूर ही रहें, हानि या नुकसान आपका ही होगा। सप्ताह मध्य से माहौल अनुकूल होगा, व्यापार के नए अवसर प्राप्त होंगे। नए लोगों के मेल-मुलाकात होगी, फायदेमंद भी रहेगी। कार्यक्षेत्र में सुधार करेंगे और अपनी कार्य-प्रणाली को उत्तम बनाने की कोशिश करेंगे। व्यक्तिगत लाभ रहित कार्यों से व व्यक्तियों से अभी दूर ही रहना अच्छा है। मैत्री संबंधों में बाध्यता न बढ़ने दें। कहीं थोड़ी सी चोट-खरोंच आ सकती है। दाम्पत्य जीवन में थोड़ी कड़वाहट कम होने लगेगी। महिलाओं के लिए समय खर्चीला है। वे अपने लिए खर्चा करेंगी। किसी से ईर्ष्यावश कोई मंहगी वस्तु खरीदेंगे। घरेलु व कार्यालयी व्यस्तता अधिक रहेगी।

तुला - यह सप्ताह बिगड़ी हुई और असंतुलित परिस्थितियों को साधने वाला है। नाराज चल रहे लोगों की मनुहार करेंगे। अपने स्वास्थ्य की परवाह किए बिना काम करेंगे। कहीं नुकसान भी सहना पड़ सकता है परंतु किसी भी वाद-विवाद को बढ़ाने का यह उचित समय नहीं। एक से अधिक प्रयास करने पर ही काम बनेगा। वरीष्ठ लोगों से डरने या भागने की अपेक्षा अपनी कार्य-प्रणाली को उत्तम करेंगे तो ठीक रहेगा। परिश्रम अधिक करना होगा। कार्य तंत्र और कर्मचारियों का निरीक्षण परम आवश्यक है। इस सप्ताह बाहरी खर्च का थोड़ा बोझ सा रह सकता है। आवश्यक कार्य या निर्णय सप्ताह मध्य तक स्थगित कर देना उचित होगा। तब तक संशय निवारण का कोई रास्ता निकल आएगा। कार्य क्षेत्र में सहज बाधाएं रहेंगी, जिनका समाधान कुछ कष्ट साध्य होगा। सप्ताहांत में आय होगी। अटका धन प्राप्त होगा। महिलाओं के लिए स्वास्थ्य का पाया मध्यम है। घर के लोगों से थोड़ी कड़वाहट रहेगी। संतान को लेकर थोड़ी अशांति सी रहेगी। कहीं कुछ अपयश भी मिल सकता है। पति का असहयोग या असहमति सी रहेगी।

वृश्चिक - यह सप्ताह तालमेल बनाकर काम करने का है। अपनी मर्जी या दुस्साहस कार्यक्षेत्र व घर-परिवार दोनों ही जगह अशुभ रहेगा। साझेदारी का व्यापार है तो कोई संदेह उत्पन्न हो सकता है। जिसका परस्पर बातचीत किए बिना कोई निर्णय न करें। आपके निजी जीवन में कोई विष घोलने का प्रयास कर सकता है, इसलिए किसी भी घटना या वातावरण को सहज न लें, अपितु पूर्ण स्पष्टीकरण को प्रस्तुत रहें। सरकारी कामों में कुछ अड़चन आएगी, पर समाधान भी हो जाएगा। यात्रा को टाल देना उचित है, अन्यथा कोई नुकसान हो सकता है। इस समय मानसिक उद्वेग और आवेश आपके लिए हानिकारक हैं, ईश्वर सुमिरन का समय बढ़ाएं, कहीं एकांत में बैठकर भजन करिये। घर में अभी मन नहीं लगेगा। अपने कार्य-व्यापार में अधिक ध्यान देंगे तो कलह नहीं होगी। महिलाओं के लिए सप्ताह थोड़ा परिश्रमी और कष्टसाध्य है। परिजनों का उलाहना मिलेगा। अनावश्यक दुस्साहस प्रकट कर सकते हैं। वरीष्ठजनों की मानसिकता का उल्लंघन न करें।

धनु- इस सप्ताह बुद्धि-चातुर्य का प्रयोग हर कार्य में व रिश्तों में आवश्यक है। अपने हित के लिए किसी का भी उपयोग करने में संकोच न करें। कर्ज के लेन-देन को लेकर कुछ असुविधा हो सकती है। कहीं कुछ वाद-विवाद भी संभावित है नये सहयोगी या साझेदारी का प्रस्ताव आ सकता है या आपको आवश्यकता महसूस हो सकती है अपनी शर्तों या नियमों में फेरबदल उचित समय नहीं। इन दिनों बाधाएं कुछ विशेष रहेंगी। हो सकता है कुछ काम अटक जाएं परंतु इस बाध्यता में कोई अनुचित संधि न करें, अन्यथा बाद में पछताना पड़ेगा। दान-पुण्य अधिक करें, जिससे अनावश्यक नुकसान से रक्षा हो। मानसिक शांति के लिये पूजा-पाठ करें या ग्रह-शान्ति का प्रयोग करें। प्रियजनों का भी रूखा व्यवहार महसूस होगा। अपनी अशुभ आदतों या मित्र मण्डली से दूर रहने की कोशिश करें। कहीं कोई आक्षेप आ सकता है। कोई सरकारी पूछताछ हो सकती है, जुर्माना भी देना पड़ सकता है। राशि स्वामी नीच राशि की तरफ बढ़ रहे हैं। इस समय मजबूरी में कोई अनुबंध बिल्कुल न करें। महिलाओं के लिये समय मध्यम है। स्वास्थ्य में बाधा हो सकती है। जीवनसाथी का सहयोग सुखकारी होगा, वे मदद करेंगे।

मकर- इस सप्ताह चुनौतियाँ रहेंगी। पारिवारिक जीवन में कुछ लोगों के प्रति धारणा बदलनी पड़ेगी। अपनी कार्य-प्रणाली व सोच में आवश्यक परिवर्तन करने ही होंगे। संतान की अवमानना चिंताकारक हो सकती है। सरकारी बाधा को सामान्य न समझें। सरकारी लोगों की अपेक्षा न करें। कर्ज के लेन-देन हेतु नीति-परिवर्तन करना होगा। ब्याज का भार कम करने हेतु कोई तिकड़म प्रयोग में लेनी होगी। जीवन साथी को कुछ कष्ट सम्भव है, उनकी जाँच करवानी पड़ सकती है। कोई छोटी-मोटी धार्मिक यात्रा प्रस्तावित हो सकती है। आर्थिक अनुपात थोड़ा असंतुलित रहेगा, इसलिये निवेश की योजना या व्यापारिक विस्तार को अभी विश्राम दें, जो चल रहा है उसे साधें। इन दिनों सम्पर्क सूत्र बढ़ाने होंगे। लोग एक बार में जवाब नहीं देंगे परंतु आपको पुनः-पुनः प्रयास करने चाहिये। इन दिनों खोटे सिक्कों को भी पूजना होगा अर्थात् विरोधी लोगों की भी मनुहार करनी पड़ेगी। महिलाओं के लिये कुछ सीखने का समय है। अपनी योग्यता बढ़ानी होगी। लोगों के व्यवहार से सीखना होगा। पात्र-कुपात्र का विचार करना होगा। उदारता व सहयोग का दायरा सीमित करना होगा।

कुंभ- यह सप्ताह शांति पूर्वक काम करने का है। विवाद के अवसर यत्र-तत्र उपस्थित रहेंगे। अनावश्यक लोग उलझने की कोशिश करेंगे, परंतु आपको पीछे रहना उचित होगा। परिजनों का व्यवहार कुछ उपेक्षा पूर्ण सा रहेगा। लोग व्यर्थ ही आपसे नाराज हो सकते हैं। सप्ताह मध्य के बाद आपके प्रति लोगों की सोच में अंतर आयेगा। कोई बिगड़ा हुआ या अटका हुआ काम बन जायेगा। जिससे मिलने को आतुर थे, उस वरीष्ठजन या अधिकारी से काम निकल जायेगा। व्यावसायिक विस्तार में पात्र चयन करने में सावधानी रखें। अपनी योग्यता व सामर्थ्य को बढ़ाने का प्रयास भविष्य में फायदेमंद रहेगा। भाग्येश शुक्र की अष्टमेश बुध से युति है और गुरु भी राशि से बारहवें जा रहे हैं। अपनी मूल रकम या बचत को जितना सुरक्षित रखेंगे, उतना सहारा मिलेगा। किसी शत्रु बाधा के कारण थोड़ी आर्थिक हानि हो सकती है। जीवन साथी की हां में हां मिलाना ही अभी उचित है। कर्ज प्राप्ति का प्रयास सफल हो सकता है। महिलाओं के लिये यह सप्ताह कुछ क्रियात्मक है। वे अपनी श्रेष्ठता सिद्ध करने हेतु कोई नया प्रयोग करेंगे।

मीन- इस सप्ताह योजनओं के क्रियान्वयन हेतु प्रयास बढ़ाने होंगे। तर्क-वितर्क कुछ अधिक करने होंगे। अपनी बात को रखने के साथ उसे सिद्ध भी करना होगा। अपनी पूर्ण तैयारी रखें, वरना आपका अधिकार किसी अन्य को मिल जायेगा। पारिवारिक  असामंजस्य को साध लेंगे। परिवार के साथ कोई धार्मिक आयोजन हो सकता है। साझेदारी का नया प्रस्ताव आ सकता है। इस समय व्यापार में लागत बढ़ेगी कहीं अल्पकालिक निवेश भी करेंगे। मित्रों के साथ समय व्यतीत करेंगे, आनंद लेंगे। अपनी आदतों व दिनचर्या पर नियंत्रण करें, वरना कोई चूक हो जायेगी, आर्थिक हानि होगी। परिश्रम से भागे नहीं, लोगों को जोड़ें, समूह बनाकर काम करने में फायदा होगा। सबको फायदे का अहसास हो, इसका भी ध्यान रखें। नौकरी में तालमेल बनाकर अपनी कार्य सिद्धि पर ध्यान देवें। महिलाओं के लिए यह सप्ताह नया अनुभव देगा। लोगों के तात्कालिक व्यवहार से अपनी सोच में परिवर्तन करना होगा। किसी अन्य महिला से वैचारिक मतभेद होंगे परंतु अपने घर में प्रभाव बढ़ेगा।