नयी दिल्ली : दिल्ली विश्वविद्यालय के स्नातक पाठ्यक्रमों में प्रवेश की पहली कट-ऑफ सूची एक अक्टूबर को जारी होगी और तीसरी कट-ऑफ सूची जारी होने के बाद एक विशेष सूची जारी की जाएगी। सूत्रों ने यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि बुधवार को प्रवेश समिति के सदस्यों और कॉलेज के प्रधानाध्यापकों की एक बैठक हुई जिसमें सूची का समय तय किया गया। विश्वविद्यालय में 70 हजार सीटें भरी जानी हैं और कोविड-19 महामारी के कारण प्रवेश प्रक्रिया ऑनलाइन कर दी गयी है। सूत्रों ने कहा कि पहली कट ऑफ सूची के लिए एक अक्टूबर और दूसरी कट ऑफ सूची के लिए आठ या नौ अक्टूबर की तारीख निर्धारित की गई है।

उन्होंने कहा कि तीसरी कट ऑफ सूची आने के बाद एक विशेष कट ऑफ सूची जारी की जा सकती है। विशेष कट ऑफ सूची उन छात्रों के लिए जारी की जाती है जो योग्यता रखते हुए भी पहले जारी की गई सूची में जगह नहीं बना पाते।