नई दिल्ली, दक्षिण भारतीय सिनेमा की मशहूर अदाकारा काजल अग्रवाल 30 अक्टूबर को इंटीरियर उद्यमी गौतम किचलू के साथ विवाह बंधन में बंधने वाली हैं। शादी से चंद रोज़ पहले काजल ने मंगेतर के साथ पहली बार फोटो शेयर की और फैंस को दशहरा के त्योहार की बधाई दी। 

मौक़े को देखते हुए काजल और गौतम पारम्परिक परिधान पहने हुए हैं। गौतम ने इस मौक़े के लिए काले रंग का लम्बा कुर्ता और पजामी चुना तो काजल ने नीले रंग का कुर्ता और शरारा चुना। दोनों काफ़ी ख़ुश दिख रहे हैं। काजल ने इन तस्वीरों के साथ दशहरा की शुभकामनाएं दीं।

काजल और गौतम की शादी मुंबई में होगी, जिसमें परिवार और क़रीबी लोग ही शामिल होंगे। काजल ने इसकी सूचना सोशल मीडिया के ज़रिए दी थी। काजल ने बताया कि मौजूदा हालात के चलते शादी का समारोह निजी और छोटा रखा गया है।

गौतम इंटीरियर साज-सज्जा के कारोबारी हैं और उनका इंस्टाग्राम पेज देखकर इस बात का एहसास हो जाता है कि डिज़ाइंस उन्हें कितना पसंद हैं। गौतम और काजल की शादी की तैयारियां ज़ोर-शोर से चल रही हैं। कुछ दिन पहले शादी के लिए तैयार करवाये गये कपड़ों की झलक दिखायी थी। उन्होंने इसके साथ फैंस से पूछा कि कौन डिज़ाइनर हो सकता है।

काजल ने अपनी शादी की इत्तला सोशल मीडिया के ज़रिए दी थी। उन्होंने एक नोट लिखकर बताया था कि शादी के बाद भी फ़िल्मों में काम करना जारी रखेंगी। हालांकि, नई ज़िम्मेदारियों की रौशनी में इसके मायने उनके लिए बदल जाएंगे। शादी के एलान के बाद काजल ने अपनी दोस्तों के साथ बैचलर पार्टी का लुत्फ़ उठाया था, जिसकी तस्वीरें सोशल मीडिया में आयी थीं। हिंदी फ़िल्मों के अलावा काजल ने साउथ सिनेमा में कई हिट फ़िल्मों में काम किया है। काजल, अजय देवगन के साथ रोहित शेट्टी की हिट फ़िल्म में सिंघम में नज़र आयी थीं। इसके बाद उन्होंने अक्षय कुमार के साथ स्पेशल छब्बीस में भी काम किया।