श्रीनगर: कश्मीर घाटी में कड़ाके की सर्दी पड़ रही है और कई इलाकों में तापमान शून्य से कई डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। मौसम विभाग के एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

घाटी में डल झील समेत कई जलाशय की सतहें जम गई हैं। श्रीनगर में कई मार्गों पर बर्फ की मोटी परत बिछी हुई है, जिससे यातायात प्रभावित है। कश्मीर घाटी के कई हिस्सों का भी ऐसा ही हाल है।

अधिकारी ने बताया कि काजीगुंड में तापमान शून्य से 8.6 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया और इसके साथ ही यह केंद्रशासित प्रदेश का सबसे ठंडा स्थान रहा।

उन्होंने बताया कि श्रीनगर में तापमान शून्य से सात डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। अधिकारी ने बताया कि कल रात दर्ज न्यूनतम तापमान इस मौसम के सामान्य तापमान से करीब पांच डिग्री सेल्सियस तक कम था।

अधिकारी ने बताया कि उत्तर कश्मीर के बारामूला जिले में कल रात न्यूनतम तापमान शून्य से 6.2 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। दक्षिणी कश्मीर के मशहूर पर्यटन स्थल पहलगाम में तापमान शून्य से 8.4 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। वहीं कुपवाड़ा में तपामान शून्य से 5.7 डिग्री सेल्सियस तथा कोकरनाग में शून्य से 7.4 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज हुआ।

कश्मीर अभी चिल्लई-कलां की चपेट में है। यह 40 दिन की अवधि है, जिसमें कड़ाके की सर्दी पड़ती है और घाटी शीत लहर की चपेट में होती है तथा तापमान शून्य से कई डिग्री सेल्सियस नीचे चला जाता है। ऐसी स्थिति में यहां के जलाशयों और जल पाइपलाइन में पानी जमने लगता है। वहीं इस अवधि में बर्फबारी की संभावना खास तौर पर ऊंचाई वाले क्षेत्रों में सर्वाधिक होती है। चिल्लई कलां 31 जनवरी को खत्म होगा।