रांची : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने तोक्यो ओलंपिक में महिला बैडमिंटन एकल स्पर्धा में रविवार को कांस्य पदक जीतने पर पी वी सिंधू को बधाई दी और कहा कि पदक जीतकर उन्होंने देश का मान बढ़ाया है।

सोरेन ने ट्वीट कर कहा, ‘‘पीवी सिंधू ने पदक जीतकर देश का मान बढ़ाया है।’’

पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने भी सिंधु के पदक जीतने पर उन्हें बधाई दी और अपने संदेश में कहा, ‘‘एक बार फिर देश की महिला शक्ति ने देश का मान बढ़ाया है।’’

दास ने कहा कि सिंधू ने एक दिन पूर्व ही चीनी ताइपे की ताई जू यिंग से सेमीफाइनल मुकाबला हारने के बाद हिम्मत नहीं हारी और आज चीन की बिंग जियाओ को सीधे सेट्स में हराकर देश के लिए कांस्य पदक जीता जिससे पूरा देश गौरवान्वित है।