गिरिडीह (झारखंड) : झारखंड के वित्त मंत्री रामेश्वर उराँव ने मंगलवार को कहा कि राज्य में कोरोना तेजी से पॉंव पसार रहा है और ‘‘जीवन तथा जीविका में हम जिंदगी को प्राथमिकता देते हैं’’ ऐसे में आवश्यक होने पर सरकार राज्य में लॉकडाउन भी लगा सकती है।

वित्त मंत्री एवं प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष रामेश्वर उरांव ने यहां पत्रकारों से बातचीत में कहा कि मुख्यमंत्री समेत सभी अधिकारी राज्य में कोरोना की स्थिति पर नजर बनाये हुए हैं। कोरोना के कारण जीवन और जीविका दोनों पर असर पड़ रहा है।

उन्होंने कहा, ‘‘अभी राज्य में लॉकडाउन जैसी परिस्थिति नहीं है लेकिन जरूरत पड़ी तो जिंदगी को बचाने के लिए लॉकडाउन भी लगाया जा सकता है।’’

मंत्री ने कहा कि राज्य की हेमन्त सोरेन नीत सरकार ने 15 लाख गरीबों का नाम राशन कार्ड में जोड़ा है। किसान का 50 हजार रुपए तक कर्ज माफ हो रहा है।

उन्होंने दावा किया कि मधुपुर विधानसभा उपचुनाव के परिणाम संप्रग के पक्ष में जायेगा। उन्होंने कहा कि सरकार के कामकाज की बदौलत झामुमो प्रत्याशी की जीत तय है।