कोहिमा/आइजोल/गंगटोक, दो नवंबर (भाषा) राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू बुधवार को पूर्वोत्तर के तीन राज्यों-नगालैंड, मिजोरम और सिक्किम के चार दिवसीय दौरे पर रवाना होंगी। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि पूर्वोत्तर के इन राज्यों की अपनी पहली आधिकारिक यात्रा के दौरान मुर्मू कई परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास करेंगी।

अधिकारियों के मुताबिक, मुर्मू बुधवार को सबसे पहले नगालैंड की राजधानी कोहिमा पहुंचेंगी, जहां राज्य सरकार ने उनके स्वागत में एक कार्यक्रम का आयोजन किया है।

उन्होंने बताया कि राष्ट्रपति बुधवार को कोहिमा में वर्चुअल रूप से नवनिर्मित सरकारी स्कूलों, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के तहत बनाई गई सड़कों और कोहिमा सुपर मार्केट का उद्घाटन करेंगी।

अधिकारियों के अनुसार, बृहस्पतिवार को मुर्मू कोहिमा युद्ध स्मारक पर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगी और राज्य की राजधानी से लगभग 15 किलोमीटर दूर अंगामी जनजाति के लोगों के सबसे पुराने गांवों में से एक किगवेमा जाएंगी। वह किगवेमा की ग्राम परिषद के सदस्यों और स्वयं सहायता समूहों के सदस्यों से बातचीत भी करेंगी।

अधिकारियों ने बताया कि बृहस्पतिवार को राष्ट्रपति आइजोल में मिजोरम विश्वविद्यालय के 17वें दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी और राज्य में शिक्षा से संबंधित विभिन्न परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगी।

उन्होंने बताया कि मुर्मू आइजोल में राजभवन में मिजोरम सरकार द्वारा उनके सम्मान में आयोजित एक स्वागत समारोह में भी शामिल होंगी।

अधिकारियों के मुताबिक, शुक्रवार को राष्ट्रपति आइजोल में मिजोरम विधानसभा के सदस्यों को संबोधित करेंगी।

उन्होंने बताया कि मुर्मू चार नवंबर से सिक्किम के दो दिवसीय दौरे की शुरुआत करेंगी, जहां उनके स्वागत में एक भव्य कार्यक्राम का आयोजन किया जाएगा।

अधिकारियों के अनुसार, राष्ट्रपति सेवोक-गंगटोक रोड पर रंगपो में अटल सेतु, पूर्वी सिक्किम में दो लेन की चिसोपानी यातायात सुरंग और दक्षिण सिक्किम के रावोंगला में वीसी गंजू लामा गर्ल्स हॉस्टल का वर्चुअल रूप से उद्घाटन करेंगी।

अधिकारियों ने बताया कि मुर्मू पूर्वी सिक्किम के खामडोंग में राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी), पश्चिम से दक्षिण जिलों को जोड़ने वाली नामची से बिरहांग के बीच की सड़क के चौड़ीकरण और सुधार, सिंगतम में जिला अस्पताल और दक्षिण सिक्किम के नामची में विश्व नवीकरण आध्यात्मिक ब्रह्मकुमारी केंद्र जैसी परियोजनाओं की आधारशिला भी रखेंगी।

अधिकारियों के मुताबिक, राष्ट्रपति पांच नवंबर को नयी दिल्ली लौटने के लिए पड़ोसी पश्चिम बंगाल के बागडोगरा हवाई अड्डे रवाना होने से पहले रावोंगला में एक कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्धियां हासिल करने वाली महिलाओं के साथ संवाद करेंगी।

मुर्मू ने पिछले महीने पूर्वोत्तर क्षेत्र के दो अन्य राज्यों-त्रिपुरा और असम का दौरा किया था।