दतिया, (मप्र) तीन जून (भाषा) मध्यप्रदेश के दतिया शहर में सेवढ़ा चेकपोस्ट के पास बुधवार को एक तेज रफ्तार ट्रक ने तीन लड़कों को रौंद दिया। इससे दो बच्चों की मौके पर ही मौत हो गयी जबकि एक लड़का गंभीर रुप से घायल हो गया।

पुलिस के अनुविभागीय अधिकारी (एसडीओपी) गीता भारद्वाज ने बताया कि सेवढ़ा चेक पोस्ट के पास तीन लड़के सड़क पार कर रहे थे। तभी एक तेज रफ्तार ट्रक उन पर चढ़ गया। हादसे में अभिषेक अहिरवार (17) और शिवम अहिरवार (14) की घटना स्थल पर ही मौत हो गयी जबकि एक अन्य लड़का गंभीर रुप से घायल हो गया। घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

अधिकारी ने बताया कि हादसे के बाद आक्रोशित स्थानीय लोगों ने ट्रक में तोड़फोड़ कर दी और इलाके में चक्काजाम कर दिया।

उन्होंने बताया कि ट्रक चालक के खिलाफ संम्बद्ध धाराओं में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।