लखनऊ : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) बीएल संतोष और राष्ट्रीय उपाध्यक्ष तथा प्रदेश प्रभारी राधा मोहन सिंह सोमवार सुबह दो दिवसीय दौरे पर लखनऊ भाजपा मुख्यालय पहुंचे। उन्होंने पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह और प्रदेश महामंत्री (संगठन) सुनील बंसल समेत कुछ प्रमुख नेताओं के साथ पार्टी द्वारा शुरू किये गये अभियान के बारे में चर्चा की।

सूत्रों के अनुसार सभी पदाधिकारी भाजपा मुख्यालय से निराला नगर स्थित राष्‍ट्रीय स्‍वयंसेवक संघ कार्यालय गये। उन्होंने कहा कि उन्होंने संघ कार्यालय में आरएसएस के क्षेत्र प्रचारक अनिल और अन्य पदाधिकारियों से 2022 में होने वाले विधानसभा चुनाव और राम जन्म भूमि ट्रस्ट जमीन संबंधी विवादों व चुनौतियों को लेकर चर्चा की।

गौरतलब है कि राम जन्मभूमि मंदिर निर्माण ट्रस्ट द्वारा जमीन खरीद के मामले को लेकर आम आदमी पार्टी के उत्तर प्रदेश के प्रभारी व राज्‍यसभा सदस्‍य संजय सिंह ने गंभीर आरोप लगाए हैं। इस संदर्भ में स्वतंत्र देव सिंह से पूछा गया तो उन्होंने कहा कि आरएसएस कार्यालय में सभी लोग औपचारिक मुलाकात के लिए गये थे और वहां किसी भी विषय पर कोई चर्चा नहीं हुई। प्रदेश अध्यक्ष ने यह जरूर कहा कि शाम को मुख्यमंत्री आवास पर कोर ग्रुप की बैठक होगी जहां संगठनात्मक अभियान से जुड़े विषयों पर चर्चा होगी।

भाजपा के एक प्रवक्ता के अनुसार बीएल संतोष पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगे तथा पार्टी द्वारा प्रदेश में प्रारंभ किए गए टीकाकरण जनजागरण अभियान तथा अन्य सेवा कार्यों की समीक्षा करेंगे।

उत्तर प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटी भाजपा के केंद्रीय पदाधिकारियों का एक माह से कम समय में लखनऊ का यह दूसरा दौरा है। इसके पहले, बीएल संतोष और राधा मोहन सिंह 31 मई से दो जून तक लखनऊ में थे। बाद में छह जून को भी लखनऊ आए राधा मोहन सिंह ने प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल तथा विधानसभा अध्यक्ष हृदय नारायण दीक्षित से मुलाकात की थी।

बीएल संतोष के पिछले दौरे के समय मंत्रिमंडल विस्तार, नेतृत्व परिवर्तन समेत कई विषयों को लेकर अटकलों का दौर तेज हो गया था लेकिन पदाधिकारियों ने इन अटकलों को खारिज कर दिया था। बीएल संतोष ने मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ के नेतृत्व में कोविड प्रबंधन की सराहना की थी।