मथुरा : केंद्रीय पेट्रोलियम, प्राकृतिक गैस एवं इस्पात मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के विवादित बयान पर तंज कसते हुए बृहस्पतिवार को कहा कि गांधी परिवार की पांच पीढ़ियों को उत्तर भारतीयों ने ही प्रधानमंत्री बनाया और अब वह उनकी बुराई कर रहे हैं।

प्रधान वात्सल्य ग्राम में ‘वैशिष्ट्यम दिव्यांग पुनर्वास केंद्र’ का शिलान्यास करने के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।

उन्होंने कहा, ‘‘अमेठी और रायबरेली उत्तर प्रदेश के सबसे पिछड़े क्षेत्रों में से एक हैं। जहां अब तक गांधी परिवार की नुमाइंदगी रही है। वहां की जनता ने गांधी परिवार के लोगों को चुना और फिर वे प्रधानमंत्री बने। लेकिन अब राहुल गांधी उनके बजाए दक्षिण (भारत, केरल) के लोगों में अच्छाई ढूंढ रहे हैं। उत्तर के लोगों की बुराई कर रहे हैं।’’

प्रधान ने कहा, ‘‘ऐसा करके वे एक प्रकार से देश के लोगों को बांटने का काम भी कर रहे हैं। यही उनकी मानसिकता है।’’

डीजल-पेट्रोल के बढ़ते दामों के सवाल पर उन्होंने कहा, ‘‘अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल के दामों में उछाल और कोरोना महामारी के बाद उत्पादक देशों द्वारा आपूर्ति को कम करना इसके प्रमुख कारण हैं।’’