धमतरी, 10 मई (हि.स.)।गर्मी के इस मौसम में अलग-अलग स्थानों से पेयजल की शिकायतें आ रही हैं। विवेकानंद कालोनी में सार्वजनिक बोर के जलस्तर कम होने से पर्याप्त पानी नहीं दे पा रहा है। इससे वार्ड में पेयजल संकट गहराने से लोगों को काफी मशक्कत करनी पड़ रही है। वार्डवासियों ने निगम प्रशासन से पेयजल व्यवस्था दुरूस्त करने की मांग की है।



इस बार गर्मी अपने चरम सीमा पर है। तेज गर्मी के चलते बोर भी जवाब देने लगे हैं। स्वामी विवेकानंद कालोनी में इसका खमियाजा लोगों को पेयजल संकट के रुप में भुगतना पड़ रहा है। सप्ताहभर से विवेकानंद कालोनी के बोर से पानी नहीं आ रहा है। इससे वार्डवासी जूझ रहे हैं। पूर्व पार्षद परिणीता साहू, अमृत बाई, प्रमिला बाई, सोहद्रा, दीप्ती, ताराबाई, धनेश्वरी व अन्य महिलाओं ने बताया कि वार्ड में स्थित निगम के सार्वजनिक बोर के भरोसे वार्डवासियों की प्यास बुझती है। इसका जलस्तर थोड़ी कम हो गई है। दोपहर में टैंकर आने से कुछ पानी मिल जाता है। लेकिन पर्याप्त पानी के लिए इधर उधर भटकना पड़ता है। इसे लेकर व्यवस्था सुधारने की मांग निगम प्रशासन से की गई है।

पार्षद सुशीला तिवारी का कहना है कि वार्ड में पेयजल संकट को देखते हुए टैंकर से पानी की आपूर्ति कराई जा रही है। समस्या से निगम प्रशासन को अवगत कराया गया है।कालाेनी में लोग टुल्लू पंप से पानी खींच रहे हैं। इससे सप्लाई प्रभावित हो रही है। कालोनी के आधी गली में ही पानी आपूर्ति हो रही है। इसमें भी लोग टुल्लू पंप से अवैध तरीके से पानी खींच रहे हैं। इससे हाउसिंग बोर्ड कालोनी चौक वाले सामने गली के कई घरों के टेपनलो में पांच दिनों से पानी नही आ रहा है। इससे पानी के लिए उन्हें काफी मशक्कत करनी पड़ रही है।



हिन्दुस्थान समाचार/ रोशन सिन्हा/केशव