कोलकाता : विश्व की सबसे ऊंची पर्वत चोटी माउंट एवरेस्ट को फतह करने वाली देश की पहली महिला पर्वतारोही बेछेंद्री पाल मई से शुरू होने वाले पांच महीने के लंबे हिमालय पर्वतारोहण अभियान में 50 साल से अधिक उम्र की 10 महिलाओं के दल का नेतृत्व करेंगी।

‘फिट एट 50 प्लस वुमन’ (50 साल से अधिक की उम्र में भी फिट महिलाएं)’ ट्रांस हिमालयन एक्सपीडिशन ‘21’ अरुणाचल प्रदेश से मई के पहले सप्ताह में शुरू होगा और लगभग 40 पर्वतों से होते हुए 4,500 किलोमीटर की दूरी तय करेगा जिसमें 71,320 फीट ऊंचा और मुश्किल माने जाने वाला लामखंगा दर्रा भी शामिल है।

‘फिट इंडिया’ के बैनर तले युवा मामलों और खेल मंत्रालय के सहयोग से ‘टाटा स्टील एडवेंचर फाउंडेशन’ द्वारा आयोजित यह अभियान को अक्टूबर के दूसरे सप्ताह में जम्मू-कश्मीर के कराकोरम पर्वत श्रृंखला में खत्म होगा।

इस दिग्गज पर्वतारोही ने पीटीआई-भाषा से कहा, ‘‘ यह अभियान सभी आयु वर्ग की महिलाओं को स्वस्थ रहने के लिए अपने दैनिक जीवन में फिटनेस गतिविधियों को शामिल करने के लिए प्रेरित करेगा।

उन्होंने कहा, ‘‘ महामारी के दौर में, महिलाओं का स्वास्थ्य और फिटनेस परिवार और राष्ट्र निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। अभियान उनके सपनों को आगे बढ़ाने के लिए एक उम्मीद प्रदान करेगा और 50 या 60 से अधिक उम्र के वरिष्ठ नागरिकों के लिए एक नया रास्ता बनाएगा। यह महिला सशक्तीकरण का भी प्रतीक होगा।’’

अरूणाचल से अभियान शुरू करने के बाद यह दल भूटान, सिक्किम, नेपाल उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश स्थिति विभिन्न पर्वत श्रृंखलाओं से होते हुए लद्दाख और जम्मू कश्मीर के कराकोरम दर्रे के पास खत्म होगा।