•  

अगरतला, 12 जुलाई (भाषा) त्रिपुरा में 32 और लोगों के कोविड-19 से संक्रमित पाये जाने के बाद राज्य में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 1,963 हो गई। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि 32 नए मामलों में से 12 पश्चिम त्रिपुरा, सिपाहीजिला और गोमती से पांच-पांच, उत्तरी त्रिपुरा से चार, खोवाई और उनोकोती से दो-दो, धलाई और दक्षिण त्रिपुरा से एक-एक मरीज संक्रमित पाए गए हैं।

स्वास्थ्य सचिव संजय कुमार राकेश ने बताया कि शनिवार शाम को अगरतला सरकारी मेडिकल कॉलेज (एजीएमसी) में 72 वर्षीय एक मरीज की मौत हो गई। इसके बाद संक्रमण से होने वाली मृतक संख्या बढ़कर दो हो गई।

अधिकारियों ने बताया कि राज्य में अब 572 मरीजों का उपचार चल रहा है, जबकि 1,375 मरीज संक्रमण से उबर चुके हैं और 14 लोग दूसरे राज्यों में चले गए हैं।