यह राशिफल जन्मकालीन चंद्र राशि पर आधारित है। जिनकी जन्मकालीन राशि ज्ञात नहीं है वे नाम राशि के आधार पर पढ़ सकते हैं।

मेष- यह सप्ताह आर्थिक गतिविधि प्रधान और सहयोग-असहयोग की परिस्थिति उत्पन्न करने वाला है। धन की आवक बाधित रहेगी परंतु कुछ न कुछ आता रहेगा। मजबूरी में असत्य का सहारा अधिक न लें, अपितु भय रहित होकर सत्य को अपनाएं तो बेहतर होगा। व्यावसायिक रिश्तों में कुछ परिवर्तन के साथ गतिशीलता बढ़ेगी, लेकिन एक अजीब सी असंतुष्टि और ग्लानि सी बनी रहेगी। सरकारी बाधा को सामान्य न समझें। घर में किसी बड़े बुजुर्ग को कोई तकलीफ सम्भावित है, इससे काम-काज तो प्रभावित होगा परंतु उनको स्वास्थ्य में मंद गति से राहत मिलेगी। यात्राओं में आय अवसर के मिल सकते हैं। व्यावसायिक सहयोग हेतु कुछ अन्य विकल्प भी तैयार रखने होंगे। तात्कालिक सौदों में गति बढ़ेगी। दूरदर्शिता के साथ सौदे करेंगे तो फायदा होगा। नए कर्मचारियों पर अधिक भरोसा न करें। कार्य-प्रणाली को व्यवस्थित और समृद्ध करने की परम आवश्यकता है। नौकरी करते हैं तो टालमटोल न करें।

वृषभ- इस सप्ताह योग्यता व सामर्थ्य और विवेक के परीक्षण के अवसर आ रहे हैं। जितनी चातुर्य के साथ व्यावसायिक निर्णय लेंगे और सम्पर्क बनाएंगे, उतना ही फायदा होगा। व्यक्तिगत जीवन में पारिवारिक कुछ असुविधा और बाधा को बुद्धि के और तार्किक रूप से सम्हालना होगा। परिजनों पर समय व धन का व्यय होगा वरीष्ठ लोगों से फायदा होगा। कोई आय के बड़े अवसर हाथ लग सकते हैं, आपको अज्ञात भय से मुक्त रहकर निर्णय करना होगा। यह समय व्यक्तिगत हित व महत्वाकांक्षा से ऊपर उठकर प्रतिष्ठा पर विचार करने का है। वाद-विवाद में राहत मिलेगी। कर्ज के मामले में सुविधा रहेगी। प्रतिस्पर्द्धा कठिन रहेगी परंतु प्रयास बनाए रखे तो सफलता मिलेगी। व्यावसायिक दुविधा और संशय निवारण हेतु विशेषज्ञ की सलाह लेंगे तो ठीक रहेगा, मनमर्जी न करें। परिवार और व्यवसाय दोनों तरफ नीति-प्रयोग आवश्यक है। नौकरी कर रहे हैं तो अपने हित व उन्नति के लिए अतिरिक्त प्रयास कर सकते हैं। सप्ताहांत किसी कलह का निवारण कराने वाला होगा।

मिथुन- इससप्ताह अव्यवस्थित जीवनचर्या और गतिविधियों पर नियंत्रण करने होंगे। राशि स्वामी अस्त चल रहे हैं, सो स्वास्थ्य कुछ मध्यम रहेगा, लेकिन स्वास्थ्य के कारण महत्वपूर्ण कार्यों को बिगड़ने न दें। प्रसन्नता के विषय उत्पन्न होंगे। किसी कार्य का संतोष मन में रहेगा। कुछ आक्षेप रिश्तों में आ सकते हैं, परंतु धैर्य के साथ मानसिक रूप से सुदृढ़ रहना होगा। वाणी प्रयोग में सावधानी रखें। खर्चा होगा परंतु आगामी आय के अवसर भी प्राप्त होंगे। बृहस्पति अब अनुकूल हैं आप स्वयं की सोच व कार्यप्रणाली में अनुकूल परिवर्तन करेंगे, करने ही होंगे अन्यथा आप पिछड़ सकते हैं। किसी वरीष्ठ व्यक्ति की नाराजगी दूर होने लगेगी। कार्यों में अरुचि अब भारी पड़ सकती है। अपने कार्यक्षेत्र और सहयोगियों के प्रति सतर्क रहकर व्यवस्था बनानी होगी। संतान को कोई कष्ट या असुविधा हो सकती है। उनके कार्य प्रदर्शन और परिणाम से असंतोष हो सकता है। पद-प्रतिष्ठा पर कोई प्रश्न चिह्न आ सकते हैं परंतु उनका निराकरण भी हो सकेगा। नौकरी करते हैं तो कार्यभार और जिम्मेदारी बढ़ेगी, प्रशंसा भी होगी।

कर्क- यह सप्ताह खर्चीला और व्यस्ततापूर्ण है। धार्मिक कार्यों पर खर्चा करेंगे। कार्यभार की अधिकता रहेगी। कहीं चल रही व्यावसायिक वार्ता विफल रह सकती है, लेकिन आपको पुनः प्रयास करना चाहिए। पारिवारिक रिश्तों में कुछ तनाव देखने को मिलेगा, आपको धैर्य से काम लेना होगा। सप्ताहांत कुछ विशेष कठिन है, बाद में सफलता आने लगेगी। योग्यता वृद्धि का सर्वविध प्रयास अपेक्षित हैं। यह मानकर चलें कि सामान्य प्रयासों से काम नहीं चलेगा। धन और आय की वृद्धि हेतु कोई जोखिम लेना होगा। सामार्थ्य से अधिक परिश्रम करना होगा। सहयोगियों या कर्मचारिकयों में से कोई अनुपस्थित होकर कुछ कठिनाई उत्पन्न कर सकता है। आपको दोहरा करना होगा। पर्याप्त धनागम होने से पीड़ा कम होगी। कुछ व्यर्थ के रिश्तों का मोह त्यागना ही आपको अभी उचित है। परदेश में भाग्योदय का प्रयास करना चाहिए। कोई मित्र या मित्रतुल्य व्यक्ति आपको उलझन में डाल सकता है। राशि से केन्द्र में शनि-मंगल का परस्पर दृष्टि प्रभाव दाएं-बाएं कलह उत्पन्न हो सकता है। आप व्यर्थ न उलझें। नौकरी में सतर्कता से काम करें। इस समय आपको आपके दोषों पर नजरें जमी रहेंगी।

सिंह- यह सप्ताह राहतपूर्ण है। आय भी बढ़ेगी परंतु खर्चा भी पर्याप्त होगा। विगत दिनों से असहज चल रहे रिश्तों में सुधार होने लगेगा। व्यावसायिक संबंध भी सुधरेंगे और आय के नूतन अवसर या संधि प्रस्ताव आने लगेंगे, निर्णय दूरदर्शिता से लेवें। राशि स्वामी अब अनुकूल हैं, आपको अब कुछ बड़े निर्णय ले लेने चाहिए। कर्ज के मामले में सरलता आने लगेगी। कर्ज प्राप्ति में आ रहे बाधा का समाधान कर लेंगे। प्रतिस्पर्द्धा में सफलता मिलेगी। व्यावसायिक यात्रा फलदायी रहेगी। अपने ऊपर और कार्य तंत्र की सुव्यवस्था पर विचार करेंगे, सुधार करेंगे। संतान की तरफ से संतुष्टि मिलेगी। जमीन-जायदाद का क्रय-विक्रय सुगमता से हो सकेगा। शत्रु अभी समाप्त नहीं हुए हैं और वे आपके आस-पास ही हैं, लेकिन आप कोई गलती करेंगे, तभी उन्हें अवसर मिल सकते हैं, अन्यथा वे आपका कुछ बिगाड़ नहीं सकते। स्वास्थ्य में अब सुधार होगा। भाई-बहनों की तरफ से कुछ असंतोष सा रह सकता है। नूतन विचारों का स्वागत कर तद्नुरूप आचरण करना बेहतर होगा। नौकरी में विरोधी लोगों के कुचक्र को समाप्त करने की कोशिश करनी होगी।

कन्या- यह सप्ताह व्यक्तिगत अपेक्षाओं या इच्छाओं से ऊपर उठकर सर्वजन हिताय निर्णय लेने का है। व्यावसायिक गतिविधियों पर पारिवारिक कारणों को प्रभावी न होने दें। लोगों से शर्तों पर सहयोग लेन-देन करना होगा। दैनिक आय बढ़ेगी। व्यापारिक गतिविधियाँ तेज रहेंगी। नई नौकरी का अवसर मिल सकता है। आर्थिक दबाव कम करेंगे। कर्ज का भुगतान करने हेतु कोई बड़ा निर्णय लेंगे। किसी विपरीत छवि वाले व्यक्ति के साथ मजबूरी में काम करना होगा। बड़ों की सलाह अभी आपके लिए परम हितकारी है। संतान के लिए कोई कठिन निर्णय करना ही होगा। वाणी का रूखापन आर्थिक हानि का कारण हो सकता है। स्वास्थ्य के प्रति आवश्यक औषधि प्रयोग करने में आलस्य न करें। परिजनों पर और परिवार में औसत से अधिक खर्चा प्रस्तावित हो सकता है। अनर्गल और अनैतिक संबंध बढ़ेंगे परंतु इनके दुष्परिणाम भी आएंगे। नौकरी में प्रतिष्ठा व आय वृद्धि हेतु कोई प्रपंच और योग्यता प्रदर्शन करना होगा। साथियों से गोपनीयता अवश्य रखें। मानसिक योजना को गुप्त रूप से क्रियान्वित करें।

तुला- इस सप्ताह कुछ व्यर्थ की उलझनें अधिक रहेंगी परंतु व्यापारिक और व्यावसायिक गतिशीलता रहेगी। दैनिक आय भी बढ़ेगी। किसी भी परिस्थिति में क्रोधावेश पर नियंत्रण रखें और आत्मग्लानि के भावों को अधिक न पालें। पिता या वरीष्ठजनों की तरफ से मिली सहला को उपयोग में लेना बुद्धिमानी होगी। उत्साह में भावी जिम्मेदारियों को नजरंदाज न करें। दूसरी तरफ आपको अपनी कार्य-प्रणाली व कार्यक्षेत्र का पर्याप्त निरीक्षण करना भी आवश्यक होगा। कोई दस्तावेज की कमी हो तो उसे प्राथमिकता देवें। सप्ताह मध्य में अचानक व्यस्तता बढ़ जाएगी, अतिरिक्त कार्यभार आएगा। सप्ताह अन्त में चंद्रमा पर गुरु का दृष्टि प्रभाव आपकी आय और प्रतिष्ठा में वृद्धि करने वाला होगा। अपनी कुछ आदतों पर बेहद नियंत्रण रखना होगा, अन्यथा कोई आर्थिक व शारीरिक नुकसान भी सम्भावना है। नौकरी की तलाश है तो पूरी हो सकती है। यदि नौकरी करते हैं तो कार्यों को टालने की गलती न करें, भावी सम्भावनाएं प्रभावित हो सकती है।

वृश्चिक - सप्ताह का आरम्भ कुछ कठिनाईपूर्ण वातावरण के साथ होगा परंतु धैर्य रखना होगा, तात्कालिक कोई निर्णय परिस्थिति से प्रभावित होकर न करें। धीरज रखेंगे तो परिस्थितियों में परिवर्तन आने से सरलता आ जाएगी। इस समय शांति से नुकसान रोकने का प्रयास करें। मशीनरी प्रयोग में लापरवाही न करें। अनावश्यक कहीं वाद-विवाद का सामना करना पड़ सकता है। सप्ताह मध्य के उपरांत माहौल बदलेगा और कुछ अनुकूल सहयोग व समर्थन प्राप्त हो जाएगा। कहीं से आय में भी वृद्धि होगी। व्यापारिक कोई नया अवसर आएगा। अभी न्यूनतम लाभ पर भी काम करेंगे तो बेहतर होगा। जमीन-जायदाद का कोई काम अटक रहा है तो उसका समाधान होने लगेगा। कोई नए वाहन लेने या पुराना में परिवर्तन की सोच सकते हैं। सप्ताह के अन्त में विविध दिशा में अनुकूलता प्रकट होगी। नौकरी करते हैं तो अपना यश बढ़ाने का प्रयास करें। अपने अधिकार व प्रतिष्ठा के लिए योग्यता प्रदर्शन का सुअवसर मिलेगा।

धनु - यह सप्ताह तालमेल बनाकर कार्यों को अंजाम देने का है। सर्वविध नीति अपनाकर अपना काम निकालना है। अभी उचित ही व्यर्थ में अहंकार या स्वामिमान को बाधक न बनने दें। कुछ लोगों की जी-हुजूरी करने में संकोच न करें। सप्ताह आरंभ में आये अवसरों को जाने न दें। यात्रा भी लाभकारी हो सकती है। कोई कानूनी गलती न हो इसका ध्यान रखें। सप्ताह मध्य कुछ विश्ेाष कठिन है, सावधानीपूर्वक और शांति से निकालें। आय वृद्धि हेतु कोई लघुमार्ग न अपनायें। व्यक्तिगत रिश्तों को स्वयं के प्रयासों से पोषित और संरक्षित रखना होगा। सप्ताह अंत में परिवार के साथ कहीं धूमने-फिरने का कार्यक्रम बन सकता है। व्यावसायिक तंत्र खर्चा व समय मांग रहा है, इसमें लापरवाही न करें। आयात-निर्यात के व्यापार में बिना अग्रिम भुगतान काम न करें, सौदा पक्का होकर निरस्त भी हो सकता है। राशि के स्वामी गुरु कुम्भ राशि के परिणाम देने लगे हैं। नये संधि प्रस्ताव आ  सकते हैं। वरिष्ठ लोगों का सहयोग मिलेगा परन्तु उन्हें अपनी योजना स्पष्ट बताएंगे तो पर्याप्त सहयोग मिलेगा। नौकारी में कुछ कठिनाई व बाधा आ सकती है।

मकर- यह सप्ताह अत्यधिक चुनौतिपूर्ण है। दांये-बांये विरोध और निन्दा सुनने व देखने को मिल सकती है। कर्ज के मामले में कहीं से अतिरिक्त प्रबंध कर लेना अभी उचित है अन्यथा कोई मानहानि की बात हो सकती है। इस समय आध्यात्मिक बल की आपको आवश्यकता रहेगी। ईश्वर सुमिरन कुछ विशेष करें, जिससे तनाव से पर नियंत्रण बना रहे। राशि से केन्द्र में शनि-मंगल की परस्पर दृष्टि स्वास्थ्य पर भी कुछ विपरीत असर ला सकती है, ईश्वर कृपा से मनोबल ऊंचा रखेंगे तो अधिक नुकसान नहीं होगा। कार्यक्षेत्र में और उद्योग-धंधों में कोई रुकावट या खराबी का निराकरण खर्चीला होगा। कोई कर्मचारी को पीड़ा हो सकती है। अतिरिक्त विकल्पों की मानसिक तैयारी रखें। उत्पादन विक्रय आधारित ही करें, भावी कल्पना अभी उचित नहीं। नौकरी में कठिनाई रहेगी। किसी बात पर कोई आक्षेप व विवाद भी देखना पड़ सकता है। अभी कैसे भी करके अपनी जिम्मेदारी पूर्ण करें।

कुंभ - यह सप्ताह विवेक पूर्वक आस-पास पारखी नजरें रखनी होगी। दाएं-बाएं की घटना और वातावरण से स्वयं को सुरक्षित रखने की पूर्व तैयारी रखें और स्वयं की योग्यता को बढ़ाकर आगे बढ़ें। कद में छोटे लोगों से भी कोई तकनीकी ज्ञान लेना होगा। व्यावसायिक आर्थिक प्रबंध कुशलता से करना होगा। व्यर्थ के या अनावश्यक खर्चों या कार्यों को अभी रोक देना अच्छा होगा। ऋण प्रबंधन में कौशल का प्रयोग करें। सप्ताह अंत में थोड़ी अनुकूलता रहेगी। कोई महत्वपूर्ण व्यावसायिक वार्ता सम्भावित है, यदि अपनी तैयारी पूर्ण रखी तो बड़ा अवसर हाथ लग सकता है परंतु निर्भय होकर कार्य करें। सहयोगियों या कर्मचारियों को अभी लोभ दिखाकर या चतुराई से साधकर रखें। अधिकारी को खुश रखने का प्रयास ही बचाव हो सकता है। यदि दैनिक कार्य-प्रणाली में सुधार व समयबद्धता नहीं रखी तो मानहानि का अगला नम्बर आपका हो सकता है। अभी किसी को भी विश्वास पात्र न समझें। अपने मनोभाव गुप्त ही रखें, परनिन्दा न करें।

मीन - इस सप्ताह का आरम्भ किसी तनाव या विवाद के निराकरण करने से होगा। विवादित मामलों में मध्यस्थ कोई मार्ग चुनने में विवेक का प्रयोग वांछनीय है। संतान की तरफ से कोई शुभ समाचार प्राप्त होगा। स्वास्थ्य में अब सुधार होने लगेगा परंतु अपने खान-पान पर नियंत्रण रखना अनिवार्य है, अन्यथा वजन बढ़ेगा और कोई उदर-विकार परेशान कर सकता है। व्यापारिक  समूह में कोई धार्मिक आयोजन कर सकते हैं। वाहन सावधानी से चलावें। प्रतिस्पर्द्धा उच्च दर्जे की रहेगी और आपकी व्यावसायिक व प्रबंधन क्षमता का परीक्षण हो सकता है। कार्यक्षेत्र के सौन्दर्य वृद्धि पर विचार करेंगे और कोई उत्तम-योजना बनाएंगे। नए लोगों को अवसर देंगे तो फायदे में रहेंगे। कहीं कर्ज प्राप्ति में बाधा आ रही है तो वह दूर हो सकती है। नौकरी करते हैं तो अपनी कार्य प्रणाली को समृद्ध और रचनात्मक बनाना होगा। कुछ अलग हटकर प्रदर्शन करना होगा। तभी बड़ा अवसर हाथ में आएगा।