कोलकाता: राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की तरफ से राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू अपने पक्ष में समर्थन जुटाने के लिये पश्चिम बंगाल के दौरे पर हैं और मंगलवार को उन्होंने उत्तरी कोलकाता में स्वामी विवेकानंद के पैतृक घर का दौरा किया।



मुर्मू के साथ भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी, सुकांत मजूमदार, अग्निमित्र पाल और अन्य मौजूद थे। उन्होंने शिमला स्ट्रीट स्थित स्वामी विवेकानंद के पैतृक निवास पर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धा सुमन अर्पित किए।



मुर्मू को रामकृष्ण मिशन के संन्यासियों द्वारा रामकृष्ण परमहंस की किताबें दी गईं। राजग की राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार ने स्वामीजी के आवास पर रखी आगंतुक पुस्तिका में हस्ताक्षर भी किए।



बाद में उनका भाजपा सांसदों और विधायकों से मिलने का कार्यक्रम है। राष्ट्रपति पद के लिये चुनाव 18 जुलाई को होना है। मतगणना 21 जुलाई को होगी। वर्तमान राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद का कार्यकाल 24 जुलाई को समाप्त हो रहा है।



मुर्मू राष्ट्रपति पद के चुनाव के लिये अपने पक्ष में समर्थन जुटाने के उद्देश्य से विभिन्न राज्यों का दौरा कर रही हैं।



पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने हाल ही में कहा था कि अगर भारतीय जनता पार्टी ने मुर्मू को मैदान में उतारने से पहले विपक्षी दलों के साथ चर्चा की होती तो ओडिशा से आने वाली आदिवासी भाजपा नेता सर्वसम्मत उम्मीदवार हो सकती थीं।



कांग्रेस और तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) समेत देश के प्रमुख गैर-भाजपा समर्थक दलों ने राष्ट्रपति चुनाव के लिए पूर्व केंद्रीय मंत्री यशवंत सिन्हा को संयुक्त उम्मीदवार बनाया है।



पश्चिम बंगाल में भाजपा के 17 लोकसभा सांसद हैं। वहीं प्रदेश की 294 सदस्यीय विधानसभा में भाजपा के 75 विधायक हैं। उनमें से पांच हालांकि विधायक पद से इस्तीफा दिए बगैर टीएमसी में शामिल हो चुके हैं।