चंडीगढ़: हरियाणा के हिसार जिले से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की नेता एवं अभिनेत्री सोनाली फोगाट का गोवा में दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।

फोगाट 42 वर्ष की थीं। वह अपने कुछ कर्मचारियों के साथ गोवा के दौरे पर थीं।

सूत्रों ने बताया कि बेचैनी की शिकायत के बाद सोमवार की रात उन्हें उत्तरी गोवा जिले के अंजुना स्थित सेंट एंथनी अस्पताल ले जाया गया।

पुलिस उपाधीक्षक (मापुसा) जीवबा दलवी ने बताया कि अस्पताल लाने से पहले उनकी मौत हो चुकी थी। उन्होंने कहा, ‘‘ प्रथम दृष्टया पता चला है कि मौत का कारण दिल का दौरा पड़ना है, लेकिन अन्य चिकित्सकीय जांच जारी है।’’

अधिकारी ने बताया कि पोस्टमॉर्टम बंबोलिम में सरकारी गोवा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में किया जाएगा।

भाजपा की हरियाणा इकाई के प्रमुख ओ.पी. धनखड़ ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘ उनका निधन हो गया है। मुझे बताया गया है कि वह गोवा में थीं।’’

भाजपा के हिसार जिले के अध्यक्ष कैप्टन भूपेंद्र ने कहा, ‘‘ सोनाली जी गोवा में थीं। मैंने उनके सहायक से बात की है और उन्होंने बताया कि दिल का दौरा पड़ने से उनका निधन हो गया है।’’

‘टिकटॉक’ एप पर वीडियो बनाने के लिए मशहूर फोगाट ने 2019 में कुलदीप बिश्नोई के खिलाफ आदमपुर विधानसभा क्षेत्र से विधानसभा चुनाव लड़ा था, लेकिन वह जीत दर्ज नहीं कर पाई थीं।

बिश्नोई तब कांग्रेस में थे। हाल ही में वह भाजपा में शामिल हो गए।