चंडीगढ़ : हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने मंगलवार को अपने पूर्ववर्ती व वरिष्ठ कांग्रेस नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर तीखा हमला बोला और आदमपुर के लोगों से पूर्व मुख्यमंत्री भजनलाल को "धोखा" देने वालों को उपचुनाव में "सबक सिखाने" को कहा।

आदमपुर विधानसभा सीट पर तीन नवंबर को उपचुनाव होने हैं।

खट्टर ने उपचुनाव के लिए प्रचार के आखिरी दिन हिसार के आदमपुर में एक रैली को संबोधित करते हुए कहा, "यह सिर्फ उपचुनाव नहीं है, बल्कि लंबे समय से सरकार से बाहर भजनलाल परिवार के लिए 26 साल के अंतराल को समाप्त करने का एक अवसर है।’’

खट्टर ने भजनलाल की पत्नी और पूर्व विधायक जसमा देवी को अपनी बड़ी बहन बताया। जसमा देवी ने मंच से मतदाताओं से संक्षिप्त अपील करते हुए कहा कि वे उनके पोते भव्य को विजयी बनाएं, जो भारतीय जनता पाटी (भाजपा) उम्मीदवार हैं,

चुनाव प्रचार के आखिरी दिन भाजपा ने अनिल विज सहित राज्य के कई मंत्रियों, पार्टी विधायकों और सांसदों को मैदान में उतारा। हरियाणा के उपमुख्यमंत्री और जननायक जनता पार्टी के नेता दुष्यंत चौटाला ने भी रैली को संबोधित किया।

इस मौके पर हरियाणा युवा कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष संजय छोकर भाजपा में शामिल हो गए।

पूर्व मुख्यमंत्री भजन लाल के छोटे बेटे कुलदीप बिश्नोई ने विधायक पद से इस्तीफा दे दिया और अगस्त में वह कांग्रेस से भाजपा में चले गए। उनके इस्तीफे के कारण उपचुनाव की आवश्यकता पड़ी। उनके बेटे भव्य उपचुनाव लड़ रहे हैं।

खट्टर ने वर्ष 2005 का जिक्र किया, जब कांग्रेस ने भजनलाल के नेतृत्व में 90 सदस्यीय विधानसभा में 67 सीटें जीती थीं, लेकिन हुड्डा ने उन्हें मुख्यमंत्री पद की दौड़ में पीछे छोड़ दिया था।

मुख्यमंत्री ने सभा में कहा, "चौधरी भजन लाल मुख्यमंत्री पद के दावेदार थे, लेकिन रातों-रात एक साजिश रची गई और जिन्होंने इसे रचा, वे आज आपसे वोट मांग रहे हैं। उन्होंने आदमपुर के लोगों को धोखा दिया।"

इसके बाद उन्होंने मतदाताओं से कहा कि "उन्हें सबक सिखाने और हिसब बराबर" करने का समय आ गया है।

खट्टर ने हुड्डा पर यह भी आरोप लगाया और वह 2005 और 2014 के बीच दो बार मुख्यमंत्री पद पर रहे लेकिन आदमपुर में कोई काम नहीं किया क्योंकि यह कुलदीप बिश्नोई का क्षेत्र था और वह यहां से विधायक थे।

खट्टर ने आदमपुर के लोगों से भव्य को विजयी बनाने की अपील की।