चंडीगढ़: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के शनिवार को चंडीगढ़ दौरे से पहले सोशल मीडिया पर एक वीडियो सामने आया जिसमें कांग्रेस के चार वरिष्ठ नेताओं और पूर्व मंत्रियों को भाजपा नेता सुनील जाखड़ के साथ देखा गया,जिससे उनके भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने की अटकलों को बल मिल रहा है।

वीडियो को भाजपा नेता मनजिंदर सिंह सिरसा ने सोशल मीडिया पर साझा किया है, जिसमें वह खुद भी नजर आ रहे हैं।

वीडियो में दिखाई दे रहे लोगों में पूर्व मंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राज कुमार वेरका, बलबीर सिंह सिद्धू, सुंदर शाम अरोड़ा और गुरप्रीत सिंह कांगड़ शामिल हैं।

मोहाली से तीन बार विधायक रहे बलबीर सिद्धू पिछली कांग्रेस सरकार में स्वास्थ्य मंत्री थे, जबकि रामपुरा फूल से तीन बार विधायक रहे गुरप्रीत कांगड़ राजस्व मंत्री थे।

वेरका, माझा क्षेत्र के प्रमुख दलित नेता हैं और तीन बार विधायक भी रहे हैं। वह पिछली सरकार में सामाजिक न्याय और अधिकारिता एवं अल्पसंख्यक कार्य मंत्री थे।

होशियारपुर के पूर्व विधायक सुंदर शाम अरोड़ा पिछली कांग्रेस सरकार में उद्योग और वाणिज्य मंत्री थे।

ये सभी चारों नेता 2022 के राज्य विधानसभा चुनाव में हार गए थे।

सूत्रों ने कहा कि बरनाला से कांग्रेस के पूर्व विधायक केवल ढिल्लों के भी भाजपा में शामिल होने की संभावना है।

यह भी चर्चा है कि अकाली दल के पूर्व विधायक सरूप चंद सिंगला भी भाजपा में शामिल हो सकते हैं।

शाह चंडीगढ़ पहुंच रहे हैं, जहां वह राज्य के पार्टी नेताओं से मुलाकात करेंगे। इसके बाद वह हरियाणा के पंचकूला जाएंगे और खेलो इंडिया यूथ गेम्स का उद्घाटन करेंगे।