चेन्नई : लोकसभा सांसद तथा लोक जनशक्ति पार्टी (आर) के अध्यक्ष चिराग पासवान ने कहा कि पंजाब को छोड़कर अन्य राज्यों के विधानसभा चुनावों में सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का प्रदर्शन अपेक्षा के अनुरूप रहा और कांगेस को पंजाब में आंतरिक कलह की भारी कीमत चुकानी पड़ी।

उन्होंने कहा कि पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव के परिणाम इस बात का संकेत है कि भाजपा पंजाब को छोड़कर 'व्यावहारिक रूप से अच्छा' प्रदर्शन कर रही है।

चेन्नई की अपनी यात्रा के दौरान पासवान ने कहा, 'भाजपा जोरदार वापसी कर रही है और मैं जनादेश का सम्मान करता हूं। जो भी पार्टी सत्ता में आती है, उसे लोगों के कल्याण के लिए काम करना चाहिए।'

पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी (आप) सरकार बनाने के लिए तैयार है।

पासवान ने चुनावी रुझानों पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा, 'कांग्रेस बुरी तरह हार गई है और इसका श्रेय आंतरिक कलह को जाता है। पार्टी उत्तराखंड में और भी बेहतर प्रदर्शन कर सकती थी, लेकिन आंतरिक झगड़ों ने कांग्रेस को नुकसान पहुंचाया है।'

भाजपा उत्तर प्रदेश में दूसरे कार्यकाल की ओर बढ़ रही है जबकि मणिपुर में भाजपा गठबंधन सत्ता में लौटने के लिए तैयार है। पार्टी ने उत्तराखंड और गोवा में कांग्रेस को पछाड़ते हुए अच्छा प्रदर्शन किया, जबकि पंजाब में उसका प्रदर्शन निराशाजनक रहा। सभी पांच राज्यों में कांग्रेस की हार से पार्टी सदस्यों को झटका लगा है।