चेन्नई : तमिलनाडु के राज्यपाल आर एन रवि और मुख्यमंत्री एम के स्टालिन ने बृहस्पतिवार को स्वतंत्रता सेनानी पुली थेवर की जयंती पर उन्हें पुष्पांजलि अर्पित की।

पुली थेवर का जन्म एक सितंबर 1715 को तमिलनाडु में हुआ था। पुली थेवर शुरूआती दौर के उन स्वतंत्रता सेनानियों में थे जिन्होंने ब्रिटिश हुकूमत का विरोध किया और उनसे लोहा लिया।

तमिलनाडु में पूरे समर्पण और सम्मान के साथ हर साल पुली थेवर की जयंती मनाई जाती है। उनकी मृत्यु 1767 में हुई थी।

उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए राज्यपाल ने कहा, ‘‘स्वतंत्रता के प्रति उनकी अडिग प्रतिबद्धता तथा देश की निस्वार्थ सेवा हमेशा अनेक पीढ़ियों को प्रेरणा देगी।’’

मुख्यमंत्री स्टालिन ने पुली थेवर को भारत के स्वतंत्रता संग्राम का पहला अध्याय लिखने वाला महान नेता बताया। उन्होंने लगान चुकाने का प्रतिरोध करने के थेवर के दृढ़निश्चय का भी उल्लेख किया।

राज्य सरकार ने नेलकातुमसेवल में पुली थेवर के लिए उनके सम्मान में एक स्मारक बनवाया है।

पूर्व मुख्यमंत्री और अन्नाद्रमुक नेता के पलानीस्वामी ने भी पुली थेवर की 307वीं जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि दी। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष के. अन्नामलाई ने कहा कि देश को राजा पुली थेवर की जयंती मनाने पर गौरव है।