मतदाताओं के रुझान से साफ, भाजपा से ज्यादा सीटें जीत रही कांग्रेस : दीपक बैज

Congress is winning more seats than BJP as per voter trend


तीसरे चरण के बाद कांग्रेस ने मतदाताओं का आभार व्यक्त किया

रायपुर, 8 मई (हि.स.)। तीसरे चरण के मतदान के बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने मतदाताओं का आभार व्यक्त करते हुये कहा कि छत्तीसगढ़ की जनता ने भीषण गर्मी की परवाह नहीं करते हुये अपने लोकतांत्रिक कर्तव्य को मतदान करके निभाया, यह छत्तीसगढ़ के मतदाताओं की अपने प्रजातांत्रिक अधिकारों के प्रति जागरुकता को दिखाता है।

कांग्रेस पार्टी सभी मतदाताओं का अभिनंदन करती है। तीसरे चरण के साथ ही राज्य के सभी 11 लोकसभा सीटों पर मतदान पूरा हो गया है। सभी 11 सीटों पर कांग्रेस के जीत की संभावनायें प्रबल है। कांग्रेस भाजपा से ज्यादा सीटें जीत रही है।



दीपक बैज ने कहा कि छत्तीसगढ़ की जनता ने बदलाव के लिये मतदान किया है। जनता ने महंगाई, बेरोजगारी, वादाखिलाफी के विरोध मतदान किया। आज मतदान हुये सभी सात लोकसभा क्षेत्रों में कांग्रेस के पक्ष में रुझान साफ दिख रहा था। पहले दो चरणों से ही साफ हो गया था प्रदेश की जनता में भाजपा सरकार के लिये आक्रोश है।

तीसरे और अंतिम चरण में मतदाताओं के रुख ने पुख्ता कर दिया कि राज्य की जनता केंद्र सरकार के 10 साल के कुशासन और वादाखिलाफी से परेशान हैं। जनता ने अपने मतदान की शक्ति से देश के हालात को बदलने का मन बना लिया था और मतदान केंद्र पहुंचकर भाजपा सरकार के खिलाफ वोट किया।

दीपक बैज ने कहा कि छत्तीसगढ़ के समान ही पूरे देश में केंद्र सरकार के खिलाफ वातावरण है। भारतीय जनता पार्टी के 400 पार का नारा खोखला साबित हो गया। तीन चरणों के मतदान के बाद तस्वीर बहुत हद तक साफ हो गयी।



हिन्दुस्थान समाचार/ चंद्रनारायण शुक्ल