नयी दिल्ली : दिल्ली में 35 वर्षीय अफ्रीकी मूल का एक विदेशी नागरिक मंकीपॉक्स से संक्रमित पाया गया है। उसने हाल में कोई विदेश यात्रा नहीं की थी। यह मंकीपॉक्स का देश में आठवां और दिल्ली में तीसरा मामला है। आधिकारिक सूत्रों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

सूत्रों के मुताबिक, मरीज़ को सोमवार को दिल्ली सरकार के लोक नायक जय प्रकाश (एलएनजेपी) अस्पताल में भर्ती कराया गया था। हालांकि, मरीज़ की हालत फिलहाल स्थिर बतायी जा रही है।

मंकीपॉक्स के पहले मरीज़ को सोमवार रात अस्पताल से छुट्टी दे दी गयी थी।

मंकीपॉक्स की स्थिति की निगरानी कर रहे अस्पताल अधिकारियों के करीबी एक सूत्र ने पुष्टि की कि ये दिल्ली में संक्रमण का तीसरा पुष्ट मामला सामने आया है।

सूत्रों ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘‘इस व्यक्ति (तीसरे मामले) में सोमवार को मंकीपॉक्स के संक्रमण की पुष्टि की गयी। हालांकि, उसकी हालत फिलहाल स्थिर है। दो संदिग्ध मरीज भी एलएनजेपी अस्पताल के मंकीपॉक्स पृथक वार्ड में भर्ती हैं।’’

सूत्रों ने कहा कि हम सतर्क हैं और स्थिति पर करीब से नज़र बनाए हुए हैं।

दिल्ली सरकार के एलएनजेपी अस्पताल में मंकीपॉक्स के संदिग्ध और पुष्ट मरीजों के इलाज के लिए नो़डल केंद्र स्थापित है। सूत्रों के मुताबिक, मंकीपॉक्स से संक्रमित पहले मरीज़ को सोमवार को अस्पताल से छुट्टी दे दी गयी है। वह 22 जुलाई को अस्पताल में भर्ती हुआ था।

हालांकि, पश्चिमी दिल्ली के 34 वर्षीय व्यक्ति ने कोई विदेश यात्रा नहीं की थी। उन्होंने हाल ही में हिमाचल प्रदेश के मनाली में एक पार्टी में हिस्सा लिया था।

आधिकारिक सूत्रों ने सोमवार को कहा था कि दिल्ली में 35 वर्षीय नाइजीरियाई नागरिक मंकीपॉक्स से संक्रमित पाया गया है। उसने हाल में कोई विदेश यात्रा नहीं की थी। सूत्रों ने बताया कि वह मंकीपॉक्स से संक्रमित होने वाला दिल्ली का दूसरा मरीज़ है।

विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) ने हाल ही में मंकीपॉक्स को वैश्विक चिंता का विषय बताते हुए इसे वैश्विक सार्वजनिक स्वास्थ्य आपातकाल घोषित किया है।