नयी दिल्ली/चेन्नई : केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन ने उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री व समाजवादी पार्टी (सपा) के संरक्षक मुलायम सिंह यादव के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।

मुलायम सिंह यादव को रविवार को तबीयत बिगड़ने के बाद गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल के आईसीयू में ले जाया गया है।

राजनाथ सिंह ने सपा के अध्यक्ष अखिलेश यादव से बात कर मुलायम की तबीयत के बारे में पूछा।

सिंह ने ट्वीट किया, “उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री, मुलायम सिंह यादव जी के अस्वस्थ होने की जानकारी मिलने पर मैंने उनके पुत्र अखिलेश यादव जी से फ़ोन पर बात करके उनका कुशल क्षेम जाना है। ईश्वर से यही प्रार्थना है कि वे जल्द से जल्द स्वस्थ हों।”

वहीं, स्टालिन ने मुलायम सिंह यादव के स्वास्थ्य को लेकर चिंता व्यक्त की।

स्टालिन ने अपने ट्विटर हैंडल पर लिखा, “उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के नेता मुलायम सिंह के स्वास्थ्य को लेकर चिंतित हूं। उम्मीद है कि वह पूरी तरह और जल्द स्वस्थ हो जाएंगे।”