आयशा टाकिया आज यानी 10 अप्रैल को अपना 35वां जन्मदिन मना रही हैं। उनका जन्म मुंबई में हुआ। 13 साल की उम्र में आयशा ने मॉडलिंग की दुनिया में कदम रखा था। वह कई विज्ञापनों में काम करती नजर आईं। शाहिद कपूर के साथ उन्होंने कॉम्पलान का विज्ञापन किया था। जिसके बाद वह ‘कॉम्पलान गर्ल’ के नाम से मशहूर हो गईं। 

कई म्यूजिक वीडियोज रहे हिट : 90 के दशक में आयशा ने कई म्यूजिक वीडियोज में काम किया। फाल्गुनी पाठक के गाने ‘मेरी चुनर उड़ उड़ जाए’ में आयशा नजर आई थीं। यह गाना हिट रहा था और उन्हें काफी पसंद किया गया। बाद में वह ‘नहीं नहीं अभी नहीं’ म्यूजिक वीडियो में भी काम किया।

फिल्मी दुनिया में रखा कदम : मॉडलिंग और म्यूजिक एलबम में आयशा को नोटिस किया जाने लगा और उन्हें फिल्मों के ऑफर मिलने लगे। आयशा ने ‘सोचा ना था’ और ‘टार्जन: द वंडर कार’ फिल्म साइन कर ली। ‘टार्जन’ (2004) पहले रिलीज हुई थी। इसमें उनके अभिनय के लिए उन्हें फिल्मफेयर बेस्ट डेब्यू का अवॉर्ड मिला।   
2006 में रिलीज हुई फिल्म ‘डोर’ में आयशा के अभिनय को काफी सराहा गया। छोटे बजट की इस फिल्म को लोगों ने पसंद किया। इसके बाद आयशा ने ‘शादी नंबर 1’, ‘होम डिलीवरी’, ‘शादी से पहले’, ‘यूं होता तो क्या होता’, ‘सलाम ए इश्क’, ‘क्या लव स्टोरी है’, ‘फुल एंड फाइनल’, ‘संडे’, ‘पाठशाला’ सहित अन्य फिल्में कीं। हालांकि इन फिल्मों से आयशा के करियर को कुछ खास फायदा नहीं हुआ। 2009 में सलमान खान के साथ उन्होंने फिल्म ‘वॉन्टेड’ की। फिल्म बॉक्स ऑफिस पर सुपरहिट रही। 

फरहान आजमी से की शादी : आयशा टाकिया ने मार्च 2009 में अपने बॉयफ्रेंड फरहान आजमी से शादी रचाई। उस वक्त आयशा की उम्र महज 23 साल थी। फरहान समाजवादी पार्टी के नेता अबू आजमी के बेटे हैं। उनकी यह शादी काफी सुर्खियों में रही थी। कई रिपोर्ट में ऐसा दावा किया गया कि उन्होंने फरहान से शादी के लिए इस्लाम धर्म ग्रहण किया। हालांकि उन्होंने कभी इस पर बात नहीं की। आयशा और फरहान का एक बेटा मिकैल आजमी है। शादी के बाद आयशा ग्लैमर इंडस्ट्री से दूर हो गईं। हालांकि वह सोशल मीडिया पर सक्रिय हैं और फैंस के लिए अपनी तस्वीरें पोस्ट करती रहती हैं।

तस्वीर देख हैरान थे लोग : कुछ साल पहले आयशा एक कार्यक्रम में नजर आईं जहां उनके लुक्स को देखकर सभी हैरान रह गए। आयशा के चीक्स से लेकर होंठ तक सब पहले से काफी बदल गए थे। उनकी तस्वीर देखने के बाद सोशल मीडिया पर उन्हें ट्रोल किया जाने लगा और ऐसी खबरें उड़ी की उनकी सर्जरी बिगड़ जाने की वजह से ऐसा हुआ है। हालांकि आयशा ने सर्जरी से इनकार किया था।