-भाजपा के स्नेह मिलन में शामिल होने होने की संभावना

-कई बड़े नेताओं के साथ हो सकती है महत्वपूर्ण बैठक



अहमदाबाद, 9 नवंबर (हि.स.)। केन्द्रीय गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह दिवाली का त्योहार अपने परिवार के सदस्यों के साथ अहमदाबाद में मनाएंगे। वे शुक्रवार देर रात या शनिवार सुबह को यहां पहुंचेंगे। वे दिवाली के अगले दिन नववर्ष भी मनाएंगे। प्रशासन ने केन्द्रीय मंत्री के आगमन को लेकर तैयारी पूरी कर ली है।



जानकारी के अनुसार गुजराती नववर्ष और दिवाली का त्योहार केन्द्रीय मंत्री अमित शाह गुजरात में मनाएंगे। वे भाजपा सदस्यों के साथ अहमदाबाद में आयोजित स्नेह मिलन समारोह में भी शामिल हो सकते हैं। बताया गया कि इस दौरान वे पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सीआर पाटिल, मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल समेत पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक भी करेंगे। इन बैठकों में आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर भी पार्टी के संगठन और प्रशासन में बदलाव को लेकर भी चर्चा की जा सकती है। संगठन विस्तार समेत प्रदेश के दो महामंत्रियों के खाली पद को भरने को लेकर भी अहम फैसले किए जा सकते हैं। शाह के गुजरात आगमन को लेकर प्रशासनिक स्तर पर भी पुख्ता तैयारी की गई है।

हिन्दुस्थान समाचार/ बिनोद/सुनील