- सढौरा व जगाधरी विधानसभा क्षेत्र के छह गांवों में जनसंवाद मुख्यमंत्री

- मंत्री कंवरपाल ने कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर तैयारियों का लिया जायजा



यमुनानगर, 6 नवंबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री मनोहर लाल 8 व 9 नवंबर को यमुनानगर जिले के सढौरा व जगाधरी विधानसभा क्षेत्र के छह गांवों में जनसंवाद कार्यक्रम करेगे। मुख्यमंत्री के दो दिवसीय जिला यमुनानगर के कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर जिला भाजपा के पदाधिकारियों के साथ कैबिनेट मंत्री कंवरपाल ने बैठक कर तैयारियों का जायजा लिया।

भाजपा जिला अध्यक्ष राजेश सपरा ने जानकारी देते हुए बताया कि कार्यक्रमों के लिए पार्टी पदाधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है। बैठक में मंत्री कंवरपाल गुर्जर ने कार्यक्रमों की तैयारियों के लिए आवश्यक जानकारी भी ली। मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रमों को लेकर कैबिनेट मंत्री ने सोमवार को भाजपा पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं की बैठक में कहा कि जगाधरी विधानसभा क्षेत्र में हथनीकुंड में करोड़ों रुपये की लागत से पर्यटकों के लिए नया पार्क बनाया गया है। हथिनीकुंड बैराज पर वॉटर स्पोर्ट्स व अन्य पर्यटन गतिविधियों का शुभारंभ मुख्यमंत्री 8 नवम्बर को सुबह करेंगे। मुख्यमंत्री के स्वागत के लिए वह पदाधिकारियों व आमजन को आमंत्रित कर रहे हैं।

भाजपा जिलाध्यक्ष ने बताया कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल 8 नवंबर को सुबह 9 बजे हथनीकुंड बैराज पर वाटर स्पोर्ट्स और पर्यटन से जुड़ी गतिविधियों की शुरुआत करेंगे। उसके बाद प्रतापनगर की आईटीआई परिसर में जनसंवाद कार्यक्रम में लोगों की समस्याएं सुनेंगे। दोपहर 2 बजे छछरौली के पीएम श्री आदर्श राजकीय सीनियर सैकण्डरी स्कूल परिसर में व सायं 5 का जनसंवाद कार्यक्रम सीनियर सैकण्डरी स्कूल परिसर जगाधरी में होगा।

उन्होंने बताया कि 9 नवंबर को मुख्यमंत्री मनोहर लाल का पहला जनसंवाद कार्यक्रम करीब सुबह 9 बजे पाबनीकला में, दूसरा कार्यक्रम करीब दोपहर 11 बजे बिलासपुर के खेल मैदान में और तीसरा सायं 2 बजे से सढौरा के सरकारी स्कूल परिसर मे होगा। इन सभी कार्यक्रमों में मुख्यमंत्री लोगों की समस्याएं सुनकर सीधा संवाद करेंगे। इस मौके पर विधायक घनश्याम दास अरोड़ा व मेयर मदन चौहान ने भी अपने विचार रखें।