चंडीगढ़, 13 नवंबर (हि.स.)। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने रविवार की रात दीपवाली का पर्व अपने चंडीगढ़ आवास पर कर्मचारियों के साथ मनाया। मुख्यमंत्री स्वयं अपने घर में दीये जलाए और पूजा की।

सीएम मनोहर लाल ने पूजा करते हुए के फोटो एक्स पर शेयर किया। मुख्यमंत्री ने लिखा ‘सबके हृदय में बसने वाले हमारे प्रभु श्री राम आए हैं। संत कबीर कुटीर पर दीप जलाकर पावन पर्व दीपावली मनाई तथा भव्य अयोध्या धाम की प्रतिमा पर भी दीया प्रज्ज्वलित कर प्रभु का स्वागत किया। प्रभु श्री राम जी की कृपा पूरे प्रदेशवासियों पर बनीं रहे। जय सियाराम।’



सीएम आवास के कर्मचारियों और सुरक्षाकर्मियों ने भी मुख्यमंत्री को दीपावली की शुभकामनाएं दी और उनके अच्छे स्वास्थ्य की कामना की। सीएम ने उनका मुंह मीठा कराकर उन्हें तोहफे भी दिए। दीपावली के कारण ज्यादातर कर्मचारियों को छुट्टी दी गई थी। सीएम के अधिकतर सुरक्षा कर्मी भी अपने घरों में गए हुए थे।



दूसरी तरफ हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा व राज्य सभा सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने अपने दिल्ली आवास पर ही परिवार के साथ दीपावली मनाई।



हिन्दुस्थान समाचार/संजीव