फरीदाबाद, 5 अप्रैल (हि.स.)। लव मैरिज में मिले धोखे से आहत युवती द्वारा आत्महत्या किए जाने की घटना के बाद पुलिस ने फरार युवक की तलाश शुरू कर दी है। मृतका ने करीब एक माह पूर्व घर से भाग कर अपने प्रेमी के साथ शादी की थी। आरोप है कि 15 दिन बाद ही प्रेमी ने अपनी नई नवेली दुल्हन को ठुकरा दिया। लडक़ी मायके आ गई और प्यार में मिले धोखे से आहत होकर उसने मकान की दूसरी मंजिल से छलांग लगा दी।

युवती की गुरुवार की रात दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस मामले में जांच कर रही है। जानकारी के अनुसार बदरपुर बॉर्डर इलाके में रहने वाली प्रियंका को इलाके में ही किराए पर रह रहे युवक अर्जुन से प्यार था। दोनों के परिजन शादी के लिए तैयार नहीं हुए तो वे घर से भाग गए और चार मार्च को शादी कर ली। दोनों ने फरीदाबाद कोर्ट में कोर्ट मैरिज की और फिर फरीदाबाद के सेक्टर 11 के आर्य समाज मंदिर में सात फेरे भी लिए।

दोनों के प्रेम विवाह के बंधन में 15 दिन बाद ही दरार आ गई। लडक़ी ने जिस प्यार के खातिर अपने माता-पिता भाई बहन और घर को छोड़ दिया, इसी प्यार ने उसे 15 दिनों में धोखा दे दिया। युवक अर्जुन शादी के 15 दिन बाद ही घर छोडक़र भाग गया। इसके बाद लडक़ी अपने पिता के घर लौट आयी। प्रियंका के भाई सतेंद्र प्रताप ने बताया कि उसकी बहन ने अर्जुन के साथ भाग कर शादी की थी।

दोनों बदरपुर बॉर्डर इलाके में ही किराए के मकान में रहने लगे। अर्जुन मूल रूप से बिहार के कटिहार जिले का रहने वाला है और वह लोग मूल रूप से उत्तर प्रदेश के जिला मैनपुरी की रहने वाले हैं। लडक़ी के भाई सतेंद्र प्रताप ने बताया कि अर्जुन उसकी बहन को 15 दिनों में ही प्रताडि़त करने लगा और फिर उसे छोडक़र भाग गया। उसके माता-पिता और वह खुद इस शादी से खुश नहीं थे, लेकिन फिर भी बेटी की खुशी को चाहते हुए उसके पिता अभिनंदन प्रताप ने अर्जुन से बात की।

आरोप है कि अर्जुन ने दहेज की मांग करते हुए प्रियंका को अपने साथ रखने से इनकार कर दिया। अर्जुन ने धमकी दी कि प्रियंका को उसके पास भेजा तो वह उसे काटकर फेंक देगा। सत्येंद्र के मुताबिक अर्जुन प्रियंका को शादी के बाद उसे अपने भाई भाभी के घर लेकर गया था। जहां पर वह साथ रहे थे। अर्जुन के भागने के बाद प्रियंका अकेली थी। उसके पिता 31 मार्च को उसे घर लेकर आ गए थे। उसकी बहन घर आने के बाद दूसरी मंजिल पर सोने के लिए चली गई थी।

प्रियंका ने रात में अर्जुन से फोन पर बात भी की थी, लेकिन अर्जुन ने कुछ ऐसी बात कही कि प्रियंका उसे सहन नहीं कर सकी और दूसरी मंजिल से छलांग लगा दी। उसे काफी गंभीर चोट आई थी। प्रियंका को दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल के लिए रेफर कर दिया था। प्रियंका की कल इलाज के दौरान मौत हो गई। मामले में पुलिस को शिकायत दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।



हिन्दुस्थान समाचार/मनोज