कैथल, 29 मार्च (हि. स.)। पत्नी के चरित्र को लेकर सशंकित व्यक्ति ने मामूली बात पर कुल्हाड़ी से वार कर उसकी हत्या का प्रयास किया। गंभीर रूप से घायल महिला को पीजीआई चंडीगढ़ में भर्ती करवाया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। आराेपित के बेटे ने अपने पिता के खिलाफ हत्या का प्रयास का मामला दर्ज करवाया है। घटना के आरोपित पति फरार है।

उप मंडल चीका के गांव भागल की दुनी चंद पट्टी निवासी समीर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका पिता संजय उसकी मां रीना पर शक करता है। उसका पिता न तो खुद कोई काम धंधा करता है और ना ही उसकी मां को काम करने देता है। इसी को लेकर माता पिता में अक्सर लड़ाई होती रहती है। समीर ने आरोप लगाया कि उसका पिता कई दिन से उसकी मां रीना को मारने की मंशा रखता था। इसलिए वह अपनी मां के पास सोता था। कमरे में उसके भाई- बहन और दादी भी सोते थे। गुरुवार को रात के 1:30 बजे उसके पिता ने मां रीना से पानी मांगा तो उसने पानी देने से मना कर दिया। इसके बाद पिता ने उसे पानी लेने के लिए बाहर भेज दिया। इसी बीच उसके पिता ने उसकी मां रीना को अकेला देखकर जान से मारने की नीयत से उस पर कुल्हाड़ी से कई वार किए, जिससे मां रीना के सर और आंख पर गहरी चोटें आई। बाद में चीखने चिल्लाने पर उसका पिता संजय कुल्हाड़ी लेकर घर से भाग गया। उसने भागते हुए धमकी दी कि अबकी बार तो बच गई, मौका मिलते ही वह उसे जान से मार देगा।

घटना के बाद घायल महिला को पहले चीका के प्राइवेट हॉस्पिटल में दाखिल कराया गया और फिर उसके बाद कैथल के सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया गया। जहां से उसकी नाजुक हालत को देखते हुए उसे पीजीआई चंडीगढ़ में भेज दिया गया। बताया गया कि उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। जांच अधिकारी एएसआई राजेंद्र सिंह ने बताया कि आरोपित संजय के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस उसको तलाश कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार/ नरेश/सुमन/सुनील