फतेहपुर, 06 नवम्बर (हि.स.)। जिले में सोमवार को एक दिवसीय दौरे पर आये प्रदेश सरकार के मंत्री संजय निषाद ने मीडिया से रूबरू होते हुए कहा कि इण्डिया गठबंधन का दूल्हा ही नहीं पता कि कौन प्रधनमंत्री का दावेदार है ? 2024 में 330 सीट जीतकर सरकार बनाएंगे। उन्होंने मुस्लिम समुदाय की नाराजगी के सवाल में कहा कि मुस्लिम समुदाय इसी देश का नागरिक है और तलवार की नोक पर उनका धर्म बदलवाया गया है।



सच्चर कमेटी की रिपोर्ट में कहा गया है कि उनकी स्थिति ख़राब है, बटन दबाते हैं सपा, बसपा की, बदले में वह गरीबी पाते हैं। उन्हें अनाज हम देते हैं, मकान हम बनवाते हैं। उनके कार्य हम कर रहे हैं। हिन्दू मुस्लिम एक रहे हैं। वह भी आईएएस व पीसीएस बनें और व्यापर करें। इसलिए मुस्लिमों का झुकाव भाजपा की तरफ बढ़ रहा है। क्योंकि सपा, बसपा और कांग्रेस ने सिर्फ वोट लेने का काम किया है।

अखिलेश यादव के प्रदेश में कानून व्यवस्था फेल होने के आरोप पर उन्होंने कहा कि 6 साल पहले गुंडों का राज था। अब प्रदेश में मंगलराज है। कानपुर में व्यापारी की गोली मरकर हत्या के सवाल पर कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था सब ठीक है। राजस्थान, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में हो रहे विधानसभा के चुनाव में भाजपा सरकार बना रही है। 2024 में एनडीए केंद्र में पूर्ण बहुमत से सरकार बनाएगा।



उन्होंने निषाद समाज के बीच चल रही नाराजगी और उद्योगपति को मत्स्य का ठेका देने के सवाल पर कहा कि 70 सालों से निषाद समाज के लिए किसी ने भी कार्य नहीं किया। जब से वह निषाद समाज की लड़ाई लड़े तब से निषादों को हर जगह सम्मान और उनके कार्य कराये जा रहे हैं।