यमुनानगर, 02 नवंबर। रादौर विधानसभा में हुई कांग्रेस की जन आक्रोश रैली पर हरियाणा के कैबिनेट मंत्री कंवर पाल ने गुरुवार को अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि जनता भाजपा की नीतियों से खुश है। जनता में कोई आक्रोश नहीं है। आक्रोश कांग्रेस के अंदर है, दस साल से कांग्रेस सत्ता से बाहर है। जिस प्रकार की घोषणाएं कांग्रेस कर रही है वह कांग्रेस की हताशा का प्रतीक है।

कांग्रेस ने अपने शासन में केवल 400 रुपये पेंशन बढ़ाई थी। जब कांग्रेस सत्ता से बाहर हुई तो केवल 700 रूपये पेंशन थी जबकि कांग्रेस द्वारा 1000 रूपये पेंशन की घोषणा की गई थी लेकिन उसे पूरा नहीं किया गया।

उन्होंने बताया कि भाजपा ने 2014 में सरकार बनते ही जो वादे किए उसे पूरा किया। हमने पेंशन 2750 रूपये की और अभी एक साल का कार्यकाल बाकी है हम इसे और बढ़ाएंगे। भाजपा की कथनी और करनी में कोई अंतर नहीं है। प्रदेश की पूरी जनता को भाजपा परिवार मानती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस राज में भेदभाव हुआ और रोहतक के अलावा पूरे प्रदेश में कहीं विकास नहीं किया गया।

उन्होंने कहा आज कांग्रेस किसानों के हित की बात करती है,जबकि इनकी सरकार में जब किसानों को नुकसान हुआ, तब किसानों को 2 रूपये के चेक दिए गए। कांग्रेस की सरकार ने एमएसपी पर गेंहू,धान और गन्ने की यही तीन फसलें खरीदी की। हमारी सरकार 14 फसलों को खरीद रही है।