कोटखाई (हिप्र) : भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा ने सोमवार को दावा किया कि हिमाचल प्रदेश में 12 नवंबर को होने वाले विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी (आप) की राज्य की सभी 68 सीट पर जमानत जब्त हो जाएगी। उन्होंने कहा कि पर्वतीय राज्य के लोग "रिवाज़ बदल देंगे, लेकिन राज नहीं"।

जुब्बल-कोटखाई सीट से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार चेतन बरागटा के पक्ष में एक जनसभा को संबोधित करते हुए, नड्डा ने कहा कि आगामी चुनावी लड़ाई राज्य के लोगों के अधिकारों की रक्षा के बारे में है, न कि व्यक्तियों के बारे में।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के मुखिया ने कहा, ‘‘यह आपके अधिकारों की लड़ाई है और चेतन बहुत गंभीरता से उनकी रक्षा करेंगे। 12 नवंबर तक चेतन की रक्षा करें और उसके बाद वह आपके अधिकारों की रक्षा करेंगे।’’

उन्होंने चेतन बरागटा के पिता नरिंदर बरागटा की भूमिका की भी सराहना करते हुए कहा कि एक पूर्व मंत्री के रूप में, उन्होंने क्षेत्र के किसानों और बागवानों के अधिकारों की रक्षा की।

जुब्बल-कोटखाई राज्य के "सेब क्षेत्र" का हिस्सा है।

चेतन बरागटा जुब्बल-कोटखाई से 2021 का उपचुनाव कांग्रेस के रोहित ठाकुर से हार गए। उन्होंने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में उपचुनाव लड़ा था। बरागटा का मुकाबला इस बार फिर ठाकुर से है और आम आदमी पार्टी (आप) के श्रीकांत चौहान भी मैदान में हैं।

नड्डा ने कहा, "वे कहते हैं कि हिमाचल प्रदेश में हर पांच साल में सरकारें बदलती हैं, लेकिन हमें इस प्रवृत्ति को बदलना होगा जैसा कि हमने उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, गोवा और अन्य राज्यों में किया है।"

भाजपा प्रमुख ने कहा, "कांग्रेस को एक स्पष्ट संदेश दें कि रिवाज (परंपरा) बदल रहा है, राज (सत्ता) नहीं।"