शिमला, 8 नवंबर (हि. स.)। स्थानीय भाजपा सांसद एवं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने यहां कहा कि केंद्र सरकार ने पिछले 9 वर्षों में हिमाचल प्रदेश को बहुत कुछ दिया है, जो कांग्रेस नेताओं को दिखता नहीं है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने हिमाचल प्रदेश काे कई बड़ी सौगातें दी हैं, इसे मानने के लिए कांग्रेस दम रखे।

भाजपा सांसद सुरेश कश्यप ने बुधवार को कहा कि एम्स, मेडिकल डिवाइस पार्क, एनएच, पीजीआई सेंटर ऊना, बल्क ड्रग पार्क और हाइड्रो कॉलेज केंद्र की सरकार की देन है। इन सब बातों को तो कांग्रेस पार्टी याद नहीं करती और केवल मात्र भाजपा को कोसने का कार्य करती है। भाजपा सांसद ने कहा कि आपदा के समय केंद्र सरकार ने हिमाचल प्रदेश को दो हजार करोड़ से अधिक की आर्थिक सहायता भेजी है। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत 2700 करोड रुपये की राशि हिमाचल प्रदेश के लिए स्वीकृत की गई, जिसमें से 800 करोड रुपये हिमाचल प्रदेश के खाते में आ गए हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं को याद रखना चाहिए कि पैसा सीधा खातों में आता है ना कि किसी के माध्यम से।



कश्यप ने कहा कि हिमाचल को आपदा की संकट के दौरान हुई क्षति के चलते 11 हजार घर केंद्र सरकार ने स्वीकृत करवाए है, जिसके धन भी हिमाचल सरकार को मिल चुके हैं। उन्होंने कहा कि हिमाचल सरकार की एक चिट्ठी हमारे सामने आई है और वह एक नोटिफिकेशन है, जिसमें उनकी सरकार ने ही कहा है कि जो आर्थिक पैकेज मुख्यमंत्री द्वारा दिया जाएगा, उसमें सर्वप्रथम केंद्र से दी गई राशि का उपयोग किया जाएगा। अब हमें यह नहीं समझ आ रहा है कि खुद ही अपनी चिट्ठी को पढ़कर यह कांग्रेस नेता भूल जाते हैं।उन्होंने कहा कि वर्तमान कांग्रेस सरकार के कार्यकाल के दौरान हिमाचल प्रदेश स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति चरमराती हुई दिखाई दे रही है।