शिमला, 10 नवंबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में मौसम ने करवट ली है। राजधानी शिमला व आसपास के क्षेत्रों में आज हल्के बादल छाए हैं। राज्य के मैदानी इलाकों में कुछ स्थानों पर हल्की वर्षा हुई। जनजातीय जिला लाहौल स्पीति के ऊँचाई वाले क्षेत्रों सहित कोकसर, अटल टनल नार्थ पोर्टल व सिस्सू के रिहायशी इलाकों में बीती रात हल्की बर्फबारी हुई है। इस बर्फबारी से बारालाचा पटसेऊ इलाके में मनाली-लेह मार्ग पर दारचा से आगे वाहनों की आवाजाही बंद हो गई है। ताजा बर्फबारी से सिस्सू से अटल टनल नार्थ पोर्टल तक सड़क फिसलन भरी हो गयी है।



लाहौल-स्पीति प्रशासन ने लोगों को सुबह के समय सफ़र में एहतियात बरतने की सलाह दी है। इसी तरह कुल्लू, चंबा और किन्नौर जिलों की उंची चोटियों पर भी हल्का हिमपात हुआ है।

मौसम में आए इस बदलाव से पहाड़ी इलाकों में ठंड का प्रकाप बढ़ गया है।



लाहौल-स्पीति के कुछ स्थानों पर न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे चला गया है। लाहौल-स्पीति जिला का कुकुमसेरी -0.6 डिग्री सेल्सियस के साथ राज्य का सबसे ठंडा स्थल रहा। इसी तरह जिला मुख्यालय केलांग में न्यूनतम तापमान -0.5 डिग्री सेल्सियस रहा।



अन्य शहरों के न्यूनतम तापमान पर नजर डालें, तो शिमला में न्यूनतम तापमान 8.5 डिग्री, सुंदरनगर में 9 डिग्री, भुंतर में 9 डिग्री, कल्पा में 3.2 डिग्री, धर्मशाला में 13.2 डिग्री, उना में 12 डिग्री, नाहन में 15.7 डिग्री, पालमपुर में 11 डिग्री, सोलन में 8 डिग्री, मनाली में 6 डिग्री, कांगड़ा में 12.5 डिग्री, मंडी में 7.5 डिग्री, चंबा में 10.6 डिग्री, डल्हौजी में 6.8 डिग्री, जुब्बड़हट्टी में 11.6 डिग्री, कुफरी में 6.6 डिग्री, नारकंडा में 5 डिग्री, भरमौर में 7.2 डिग्री, रिकांगपिओ में 6.8 डिग्री, सियोबाग में 9 डिग्री, धौलाकूआं में 13.1 डिग्री, बरठीं में 10.6 डिग्री, समधो में 2 डिग्री, मशोबरा में 8.4 डिग्री, पांवटा साहिब में 15 डिग्रीह, सराहन में 7.5 डिग्री और देहरा गोपीपुर में 12 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पिछले 24 घंटों के दौरान सात शहरों के न्यूनतम तापमान में गिरावट आई है।



मौसम विभाग ने अगले छह दिन बारिश-बर्फबारी की संभावना से इंकार किया है। विभाग द्वारा जारी पूर्वानुमान के मुताबिक प्रदेश भर में 16 नवंबर तक मौसम साफ बना रहेगा।



हिन्दुस्थान समाचार/उज्जवल/सुनील