चंडीगढ़, 05 नवंबर (हि.स.)। पंजाब पुलिस ने शनिवार रात तरनतारन जिले में भारत-पाकिस्तान सीमा के निकट मुठभेड़ के दौरान दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। इनके पास दो किलोग्राम हेरोइन मिली है। पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने रविवार सुबह सोशल मीडिया पर यह जानकारी दी।

उन्होंने कहा है कि चौहला साहिब क्षेत्र में महत्वपूर्ण सूचना पर पुलिस ने दो तस्करों को घेरा। आरोपितों ने फायरिंग शुरू कर दी और पाकिस्तान की तरफ भागने लगे। यह देख पुलिस को गोली चलानी पड़ी। फायरिंग में एक घायल होकर गिर गया। पुलिस ने दूसरे का पीछा किया। आखिरकार मुठभेड़ में दोनों पुलिस के हत्थे चढ़ गए।