रांची: झारखंड में बीते 24 घंटे में कोविड-19 के 54 नये मामले सामने आने के साथ कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 3,46,533 हो गयी जबकि इस दौरान किसी मरीज की मौत नहीं हुई और मृतकों की संख्या 5,120 पर स्थिर रही। राज्य के स्वास्थ्य विभाग ने शुक्रवार को एक बुलेटिन जारी कर यह जानकारी दी।

बुलेटिन के मुताबिक संक्रमण के नये मामलों में बोकारो से सर्वाधिक 14 मरीज मिले। इसके बाद पूर्वी सिंघभूम में आठ जबकि लोहरदगा में संक्रमण के छह नये मामले सामने आए। इस दौरान चतरा, गढ़वा, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, खूंटी, पाकुड़, सिमडेगा और पश्चिमी सिंहभूम जिलों में कोविड-19 का कोई नया मामला सामने नहीं आया।

स्वास्थ्य बुलेटिन के मुताबिक झारखंड में कोविड-19 के उपचाराधीन मरीजों की संख्या 336 हो गयी है। बीते 24 घंटे में कोविड-19 के 62 मरीज संक्रमण मुक्त भी हुए, जिससे राज्य में इस जानलेवा वायरस के संक्रमण को मात देने वालों की संख्या बढ़कर 3,41,077 हो गयी।

बुलेटिन के मुताबिक झारखंड में कोविड-19 के कारण मृत्यु दर 1.47 प्रतिशत है जबकि संक्रमण से ठीक होने की दर बढ़कर 98.42 प्रतिशत हो गयी है।