हिरियूर (कर्नाटक) : कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धरमैया के साथ दो दिन पहले थोड़ी दूर दौड़ लगाने के बाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के दौरान सोमवार को प्रदेश कांग्रेस प्रमुख डी के शिवकुमार के साथ दौड़ लगाकर संतुलन साधा।

राहुल गांधी की तुमकुर से हिरियूर तक की यात्रा के दौरान शिवकुमार उनके साथ रहे। पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष ने 60 वर्षीय नेता को अपने साथ दौड़ने के लिए तैयार किया।

गांधी के साथ थोड़ी दूरी तक दौड़ लगाने के दौरान शिवकुमार कांग्रेस का ध्वज थामे दिखे।

कर्नाटक में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से सत्ता छीनकर कांग्रेस एक बार फिर सरकार बनाना चाहती है, लेकिन मुख्यमंत्री पद के लिए सिद्धरमैया और शिवकुमार, दोनों ही दावेदार हैं।