भोपाल, 20 मार्च (हि.स.)। राजधानी भोपाल की छोटी झील में 18 से 20 मार्च तक 17वीं राष्ट्रीय पैराकैनो चैम्पियनशिप का आयोजन छोटी झील में किया गया, जिसमें मप्र खेल अकादमी के खिलाड़ियों ने तीन स्वर्ण समेत कुल पांच पदक अर्जित कर प्रदेश को गौरवान्वित किया। खेल अकादमी के खिलाड़ी प्राची यादव ने दो स्वर्ण, मनीष कौरव ने एक स्वर्ण और रजनी झा ने एक रजत और एक कांस्य पदक अर्जित किया।







चैम्पियनशिप में बुधवार को खेल अकादमी की पैरा अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी प्राची यादव ने 200 मी. वीएल-2 इवेन्ट में 01:02:412 मिनिट का समय लेकर स्वर्ण और मप्र की पूजा गर्ग ने 01:23:935 मिनिट का समय लेकर रजत एवं दिल्ली की खिलाड़ी शिल्पा शलूजा ने 02:09:121 मिनिट का समय लेकर कांस्य पदक अर्जित किया। इसी तरह केएल स्पर्धा में प्राची यादव ने अपने खेल कौशल और शारीरिक दक्षता का उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुये 53:283 सेकंड का समय तय कर एक स्वर्ण पदक अपने नाम किया। रजत पदक अकादमी की ही खिलाड़ी रजनी झा ने 01:03:375 मिनिट का समय लेकर प्राप्त किया। कांस्य पदक निशा रावत उत्तरप्रदेश ने 01:12:122 मिनिट का समय तय कर प्राप्त किया।







अकादमी की रजनी झा ने 200 मीटर वीएल-3 स्पर्धा में अपने खेल कौशल और शारीरिक दक्षता प्रदर्शन करते हुए 01:11:512 मिनिट का समय तय कर 01 कांस्य पदक अर्जित किया। 200 मीटर वीएल-3 स्पर्धा में हरियाणा की संगीता राजपूत 01:06:372 मिनिट का समय तय कर स्वर्ण पदक और उत्तरप्रदेश की शवाना ने 01:07:573 मिनिट का समय लेकर रजत पदक अर्जित किया।







इसी चैम्पियनशिप में अकादमी के पैरा खिलाड़ी मनीष कौरव ने केएल स्पर्धा के पुरूष वर्ग में शानदार खेल प्रदर्शन करते हुये 43:580 सेकंड का समय तय कर एक स्वर्ण पदक अर्जित किया। रजत पदक एसएससीबी के खिलाड़ी पवार राजेश ने 44:693 सेकंड का समय लेकर प्राप्त किया। कांस्य पदक एसएससीबी के खिलाडी वजिथ वी ने 45:019 सेकंड का समय लेते हुये प्राप्त किया।







इस तरह भोपाल में आयोजित 17वीं राष्ट्रीय पैराकैनो चैम्पियनशिप 2024 में अकादमी के खिलाड़ियों ने तीन स्वर्ण, दो रजत और एक कांस्य अर्जित किए। सभी पदक विजेता खिलाड़ी प्रशिक्षक केप्टन पीजूष कांती बरोई के मार्गदर्शन में क्याकिंग-केनोइंग खेल का प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। आगामी 18 से 21 अप्रैल 2024 तक आयोजित एशियन पैराकेनो चैम्पियनशिप, टोक्यो (जापान) में अकादमी के तीन पैरा खिलाड़ी प्राची यादव, रजनी झा और मनीष कौरव भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करेंगे।







हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश