भगवान श्रीराम के दर्शन के लिए आज अयोध्या जाएंगे मप्र के मंत्री, पत्नियां भी जाएंगी साथ

MP ministers will go to Ayodhya today


भोपाल, 4 मार्च (हि.स.)। मध्यप्रदेश मंत्री-मंडल के सभी सदस्य आज (सोमवार को) मंत्रालय में मंत्रि-परिषद की बैठक के बाद भगवान श्रीराम के दर्शन करने के लिए अयोध्या धाम जाएंगे। सभी मंत्रियों के साथ उनकी पत्नियां भी अयोध्या जाएंगी। यह जानकारी मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने स्वयं दी है।







उन्होंने कहा कि 22 फरवरी, 2024 को अयोध्या में भगवान श्रीराम की प्रतिमा की प्राण-प्रतिष्ठा हुई। यह सभी देशवासियों के लिए सौभाग्य की बात है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और अन्य महत्वपूर्ण हस्तियों की उपस्थिति में अयोध्या में प्राण-प्रतिष्ठा हुई। फरवरी माह में अयोध्या में अधिक भीड़ होने और अन्य व्यस्तताओं के कारण मध्यप्रदेश मंत्री-मंडल के सदस्यों ने मार्च माह में अयोध्या में भगवान श्रीराम के दर्शन करने जाने का निर्णय लिया था।







मुख्यमंत्री ने कहा कि यह हमारी भगवान श्रीराम के प्रति श्रद्धा है, हम सनातन संस्कृति को मानने वाले भी हैं। हमारी आस्था का केंद्र आज जब सबकी श्रद्धा के रूप में उभरकर सामने आया है, तो स्वाभाविक रूप से सबकी भावना भी जुड़ गई है। उन्होंने सभी प्रदेशवासियों से अपनी सुविधानुसार अयोध्या में भगवान श्रीराम के दर्शन करने के लिए अवश्य जाने का आह्वान किया है।







हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश/नेहा