पणजी, 20 नवंबर (भाषा) कांग्रेस की गोवा इकाई ने मराठा योद्धा छत्रपति शिवाजी महाराज को ‘‘पुराने जमाने’’ का आदर्श बताने वाली टिप्पणी के लिए महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी की आलोचना की है।

प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता अमरनाथ पणजीकर ने कहा कि छत्रपति शिवाजी सबसे महान योद्धा थे।

शनिवार को औरंगाबाद में एक कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के अध्यक्ष शरद पवार को डी.लिट की उपाधि से नवाजते हुए कोश्यारी ने महाराष्ट्र में ‘आदर्श लोगों’ की बात करते हुए बी आर आंबेडकर और गडकरी का जिक्र किया तथा कहा कि छत्रपति शिवाजी ‘‘पुराने जमाने’’ के आदर्श थे।

पणजीकर ने इस पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए ट्वीट किया, ‘‘हम छत्रपति शिवाजी महाराज का अपमान करने के लिए महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी और भारतीय जनता पार्टी के प्रवक्ता सुधांशु तिवारी के बयानों की आलोचना करते हैं। छत्रपति सबसे महान वीर योद्धा थे, कायर सावरकर और नितिन गडकरी से उनकी तुलना करना मूर्खता है।’’

राकांपा ने शनिवार को कोश्यारी पर महाराष्ट्र का अपमान करने का आरोप लगाया।

शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के नेता संजय राउत ने सवाल किया कि छत्रपति शिवाजी पुराने युग के आदर्श कैसे हो सकते हैं जब राज्य तथा देश आज भी उनके आदर्शों का अनुसरण करता है और करता रहेगा।

राउत ने स्वतंत्रता सेनानी वी डी सावरकर पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी की टिप्पणियों के खिलाफ प्रदर्शन कर रही भाजपा से शिवाजी महाराज तथा महाराष्ट्र के ‘‘अपमान’’ पर अपना रुख बताने की मांग की।