विद्या सिन्हा हिंदी सिनेमा की विशेष अभिनेत्री रही हैं। उनका हिन्दी फ़िल्मों में अहम योगदान रहा है। विद्या सिन्हा का जन्म मुंबई में हुआ था। उनके पिता राणा प्रताप सिंह फिल्म निर्माता थे। विद्या का पढ़ाई लिखाई में विशेष रुझान नहीं था। 18 वर्ष की उम्र में विद्या सिन्हा ने मिस बॉम्बे का खिताब जीता। इसके बाद वह मॉडलिंग लाइन में आ गईं।

विद्या सिन्हा के पिता चूंकि फिल्म निर्माता थे इसलिए उन्हें फिल्मों की दुनिया में अधिक संघर्ष नहीं करना पड़ा। कुछ समय तक मॉडलिंग करने के बाद विद्या सिन्हा को फिल्म निर्देशक बासु चटर्जी ने पहचाना। विद्या सिन्हा ने अभिनेता किरण कुमार के साथ अपनी फिल्म "राजा काका" में काम किया। साल 1974 में निर्देशक बासु चटर्जी ने हिन्दी लेखिका मन्नू भंडारी की कहानी " यही सच है" पर आधारित फिल्म "रजनीगंधा" बनाई। यह फिल्म बेहद कामयाब रही और आजीवन विद्या सिन्हा का परिचय रही। जब भी किसी को विद्या सिन्हा का परिचय देना होता तो फिल्म रजनीगंधा का जिक्र किया जाता था।