भुवनेश्वर : नयना जेम्स ने मंगलवार को यहां कलिंग स्टेडियम में ‘इंडियन ग्रांप्री 4’ में महिला लंबी कूद में 6.37 मीटर से अधिक के दो प्रयास के साथ खिताब जीता।

पहले दो प्रयास के बाद 6.29 मीटर की दूरी तय करके शीर्ष पर चल रही एंसी सोजन ने विश्व अंडर-20 रजत पदक विजेता शैली सिंह को पछाड़कर दूसरा स्थान हासिल किया। एंसी का सर्वश्रेष्ठ प्रयास 6.35 मीटर रहा। बेंगलुरू में ट्रेनिंग करने वाली उत्तर प्रदेश की शैली ने 6.27 मीटर का सर्वश्रेष्ठ प्रयास किया। वह पिछले साल अगस्त में नैरोबी में अंडर-20 विश्व एथलेटिक्स में हिस्सा लेने के बाद पहली प्रतियोगिता में खेल रही थी।

छब्बीस साल की नयना ने पहले प्रयास में फाउल किया था जबकि उनका दूसरा प्रयास 5.99 मीटर का रहा। उन्होंने तीसरे प्रयास में 6.30 मीटर की दूरी तय करके बढ़त बनाई लेकिन एंसी ने 6.35 मीटर के प्रयास के साथ उन्हें फिर पीछे कर दिया।

नयना ने इसके बाद 6.37 मीटर से अधिक के दो प्रयास के साथ खिताब अपने नाम किया जबकि 21 साल की एंसी के अंतिम दो प्रयास फाउल रहे।

पुरुष 100 मीटर फर्राटा दौड़ में स्थानीय खिलाड़ियों अमिया कुमार मलिक और आर्यन एक्का ने पहले दो स्थान पर कब्जा जमाया। महाराष्ट्र के करण विवेक हेगिस्ते ने कांस्य पदक हासिल किया।

भाला फेंक के दो खिलाड़ियों राजस्थान के यशवीर सिंह और उत्तर प्रदेश के रोहित यादव ने 80 मीटर से अधिक की दूरी तय की। यशवीर ने 82.13 मीटर के सर्वश्रेष्ठ प्रयास से स्वर्ण पदक जीता। बीस साल का यह खिलाड़ी भाले को 80 मीटर से अधिक की दूरी तक फेंकने वाला सिर्फ 12वां भारतीय बना।

यशवीर इस साल कर्नाटक के डीपी मनु और रोहित के साथ तीसरे खिलाड़ी हैं जिन्होंने 80 मीटर से अधिक की दूरी तय की है। रोहित को रजत जबकि मनु को कांस्य पदक मिला।

पुरुष लंबी कूद में उतनी कड़ी प्रतिस्पर्धा नहीं दिखी और मोहम्मद अनीस याहिया को स्वर्ण पदक जीतने के लिए अधिक मशक्कत नहीं करनी पड़ी। केरल के इस खिलाड़ी ने अंतिम तीन में से दो प्रयास में आठ मीटर से अधिक की दूरी तय की। उनका पांचवां प्रयास सर्वश्रेष्ठ रहा जिसमें उन्होंने 8.15 मीटर की दूर तय की।

महिला 100 मीटर में ओडिशा की श्रावणी नंदा शीर्ष पर रही। उन्होंने 11.87 सेकेंड का समय लिया।